शख्स के पैर बाहर निकालते ही चल पड़ी लिफ्ट, गुजरात के वलसाड से सामने आया डराने वाला वीडियो
लिफ्ट का दरवाजा खुलने के 1 सेकंड से भी कम वक्त में वह खुले दरवाजे के साथ ही बहुत स्पीड में ऊपर की तरफ चल देती है और उस शख्स का सिर उस मंजिल के ऊपरी हिस्से से टकरा जाता है और वह गिर जाता है।

गुजरात के वलसाड शहर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जो कि शहर के एक पॉश इलाके की रिहायशी बिल्डिंग में लगी लिफ्ट का सीसीटीवी फुटेज है। इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक शख्स ने लिफ्ट में सवार होता है, और जैसे ही लिफ्ट उसकी चाही गई मंजिल पर पहुंचती है तो वह उससे निकलने की कोशिश करता है। लेकिन जैसे ही वह शख्स अपना पैर लिफ्ट से बाहर निकालता है लिफ्ट अचानक चल देती है और वह शख्स झुककर खुद को संभालता है और वह कुछ समझे उससे पहले ही वह उससे नीचे गिर जाता है। यह सब इतना जल्दी होता है कि वीडियो देखने पर भी यकीन करना मुश्किल हो जा रहा है। हालांकि इस हादसे में उस शख्स की जान चमत्कारिक रूप से बच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना वलसाड शहर के पॉश इलाके माने जाने वाले तिथल रोड पर 'सरदार हाइट्स' की साबरमती बिल्डिंग में मंगलवार दोपहर को हुई। इस दौरान बिल्डिंग में लगी लिफ्ट में आई तकनीकी खराबी की वजह से वह अचानक ऊपर की ओर चल देती है और एक पैर दरवाजे के बाहर होने की वजह से उसमें सवार शख्स की जान खतरे में पड़ जाती है। हालांकि किस्मत के चलते उसकी जान बाल-बाल बच जाती है।
लिफ्ट में लगी CCTV के फुटेज में क्या दिखा
इस घटना का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, उसमें वह शख्स सुबह 7.22 बजे बिल्डिंग की लिफ्ट में जाता हुआ दिखाई दे रहा है, और फिर लिफ्ट का बटन दबाता है। इसके बाद वह लिफ्ट के दरवाजे के पास खड़ा होकर अपनी मंजिल आने का इंतजार करता है। 7 बजकर 23 मिनट और 24 सेकंड पर उसकी मनचाही मंजिल आते ही लिफ्ट का दरवाजा खुलता है और वह तुरंत बाहर निकलने के लिए अपना पैर बाहर निकालता है। लेकिन इसी बीच दरवाजा खुलने के 1 सेकंड से भी कम वक्त में लिफ्ट खुले दरवाजे के साथ बहुत स्पीड में ऊपर की तरफ चल देती है और उस शख्स का सिर उस मंजिल के ऊपरी हिस्से से टकराता है और उसी चोट की वजह से वह उसी मंजिल पर गिर जाता है। इसके बाद लिफ्ट तीन सेकेंड बाद ऊपरी मंजिल पर पहुंचकर रूक जाती है।
यह घटना वलसाड के तिथल रोड पर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बने सरदार हाइट्स की बिल्डिंग में हुई। इस बारे में जानकारी देते हुए सोसायटी के चेयरमैन ने मीडिया को बताया कि बिल्डिंग में कुल 14 फ्लोर हैं, जिसके लिए यहां हाईटेक लिफ्ट लगाई गई है। इसका मेंटेनेंस ओमेगा कंपनी करती है। 2 दिन पहले इसी लिफ्ट में लाइट और पंखे की समस्या ठीक करने के लिए ओमेगा कंपनी के लोग आए थे और उसे ठीक किया था। आज अचानक तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि लिफ्ट का दरवाजा खुला होने के बावजूद भी लिफ्ट चलने लगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन