गुजरात के तीन जिलों में कांपी धरती, महसूस किए गए भूकंप के झटके
इसके अलावा दक्षिण सौराष्ट्र क्षेत्र के बोटाद में दोपहर लगभग तीन बजकर आठ मिनट पर 3.4 की तीव्रता वाला भूकंप का एक और झटका महसूस किया गया। विज्ञप्ति के अनुसार, इसका केंद्र लगभग 15 किलोमीटर की गहराई पर था।

गुजरात के कच्छ, दाहोद और बोटाद जिलों में गुरुवार को अचानक धरती हिलने लगी और इस दौरान इन तीनों शहरों में 3.4 और 2.5 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस बारे में जानकारी देते हुए गांधीनगर स्थित भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने बताया कि पूर्वी गुजरात के दाहोद से 34 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में दिन में 11 बजकर 55 मिनट पर रिक्टर स्केल पर 2.5 की तीव्रता वाला भूकंप का पहला झटका महसूस किया गया।
इसके बाद दोपहक एक बजकर 43 मिनट पर पश्चिमी गुजरात के कच्छ जिले के भचाऊ से 12 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में रिक्टर स्केल पर 3.4 तीव्रता वाले भूकंप का झटका महसूस किया गया। संस्थान की तरफ से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि इस भूकंप का केंद्र सतह से लगभग 29.5 किलोमीटर की गहराई पर था।
इसके अलावा दक्षिण सौराष्ट्र क्षेत्र में बोटाद से 28 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में दोपहर लगभग तीन बजकर आठ मिनट पर 3.4 की तीव्रता वाला भूकंप का एक और झटका महसूस किया गया। विज्ञप्ति के अनुसार, इसका केंद्र लगभग 15 किलोमीटर की गहराई पर था।
अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी स्थान पर जानमाल के किसी तरह के कोई नुकसान की खबर नहीं है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन