Gujarat Local Body Election Results LIVE: गुजरात में रविवार को हुए स्थानीय निकाय की 9,200 सीटों के चुनावी दंगल के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। सभी मतगणना केंद्रों पर सुबह से ही कड़ी सुरक्षा में वोटों की गिनती जारी है। इस चुनाव को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों का 'लिटमस टेस्ट' माना जा रहा है। यहां इस बार 15 नगर निगम, 84 नगर पालिकाएं, 34 जिला पंचायतें और 260 तालुका पंचायतों में मतदान हुआ। वहीं, नवसारी, गांधीधाम, मोरबी और वापी सहित 9 नए नगर निगमों के लिए पहली बार वोट डाले गए। निकाय चुनाव में सत्ताधारी भाजपा, विपक्षी दल कांग्रेस और अपनी सियासी जमीन तलाश रही आम आदमी पार्टी (आप) के बीच कड़ा मुकाबला है। असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने भी कई सीटों पर ताल ठोंकी है। आज के नतीजों से यह साफ हो जाएगा कि क्या भाजपा 2021 की अपनी ऐतिहासिक जीत को दोहरा पाएगी या कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ग्रामीण और शहरी वोटरों में सेंध लगाने में कामयाब रही हैं। यहां पढ़ें मतगणना से जुड़े पल-पल के अपडेट
28 Apr 2026, 09:57:11 PM IST
केजरीवाल बोले- कमल को उखाड़ने के लिए जनता अब..
गुजरात के निकाय चुनाव परिणामों के बाद प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'गुजरात के निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी के सभी जीते हुए उम्मीदवारों को बहुत-बहुत बधाई। गुजरात में हमारे सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर FIR हुई, उन्हें जेल में डाला गया लेकिन फिर भी उन्होंने डटकर चुनाव लड़ा। आम आदमी पार्टी ने पिछली बार की तुलना में लगभग 10 गुना सीटें ज़्यादा जीती हैं। जिस तेजी के साथ गुजरात में आम आदमी पार्टी आगे बढ़ रही है, एक बात तो साफ है कि गुजरात से कमल को उखाड़ने के लिए जनता अब 'झाड़ू' पर भरोसा कर रही है।'
28 Apr 2026, 07:45:55 PM IST
मुख्यमंत्री ने जीत को लेकर जनता का आभार जताया
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को कहा कि BJP ने स्थानीय निकाय चुनावों में बड़ी जीत हासिल की है। पटेल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मैं गुजरात की जनता का आभारी हूं कि उन्होंने एक बार फिर PM नरेंद्र मोदी की विकास-केंद्रित राजनीति का समर्थन किया और BJP को एक बड़ी जीत दिलाई।’
28 Apr 2026, 07:42:03 PM IST
इटालिया के गढ़ में AAP का दबदबा, विसावदर-भेसान में झाड़ू की जीत
जूनागढ़ जिले में शामिल 9 तालुका पंचायतों के चुनावों में आम आदमी पार्टी का दबदबा देखने को मिला है। कई तालुकों में AAP ने BJP को कड़ी टक्कर दी है। जहां विसावदर-भेसान में उसे जीत मिली, वहीं जूनागढ़ में वह 9-9 सीटों के साथ बराबरी पर है। हालांकि, भेसान में AAP की जीत के बावजूद, SC आरक्षण के कारण अध्यक्ष BJP का ही होगा।
28 Apr 2026, 07:18:59 PM IST
भाजपा ने सभी 15 नगर निगमों में दर्ज की जीत
भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात निकाय चुनावों में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सभी 15 नगर निगमों में भगवा लहरा दिया है। इस दौरान उसने अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, भावनगर, जामनगर, सुरेंद्रनगर, जामनगर, पोरबंदर, करमसाद-आणंद, नाडियाड, नवसारी, वापी, सूरत और मोरबी के नगर निगमों में कुल सीटों में से आधे से अधिक सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया।
28 Apr 2026, 07:01:56 PM IST
PM मोदी ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार जीत पर दी बधाई
गुजरात में पार्टी को मिली जबरदस्त सफलता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी खुशी जताते हुए बधाई दी है। इस बारे में पीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'पूरे राज्य में हुए नगर निगम, तालुका पंचायत और जिला पंचायत चुनावों में BJP को मिले जबरदस्त जनसमर्थन और जनादेश के लिए मैं गुजरात की जनता का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार के जन-हितैषी और विकास-उन्मुख कार्यों को पहचानते हुए, गुजरात की जनता ने एक बार फिर सुशासन की राजनीति में अपना विश्वास व्यक्त किया है। ये नतीजे साफ़ दिखाते हैं कि लोगों ने पिछले कई सालों से BJP द्वारा किए गए अथक प्रयासों को दिल से आशीर्वाद दिया है। मैं गुजरात की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि आने वाले समय में, हम और भी ज्यादा प्रतिबद्धता और लगन के साथ काम करेंगे और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।'
28 Apr 2026, 06:47:07 PM IST
अहमदाबाद नगर निगम में भाजपा का दबदबा बरकरार, कांग्रेस में सुधार
अहमदाबाद नगर निगम की 192 सीटों के नतीजों में सत्ताधारी भाजपा ने 160 सीटें जीत ली है, यह पिछली बार के मुकाबले 1 सीट ज्यादा है। दूसरी ओर कांग्रेस ने 32 सीटें जीती हैं, जो कि पिछली बार के मुकाबले 7 ज्यादा है। हालांकि, इस चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर AIMIM के साथ हुआ, क्योंकि वह यहां से पूरी तरह से साफ हो गई है।
28 Apr 2026, 06:43:59 PM IST
सुरेंद्रनगर निकाय चुनावों में भाजपा की जबरदस्त जीत
सुरेंद्रनगर की 52 में से 51 सीटों पर भाजपा की जीत, जिला पंचायत की 32 में से 31 सीटों पर पार्टी की जीत, तालुका पंचायत की 180 में से 142 सीटों पर BJP की जीत, 4 नगरपालिकाओं की 112 में से 103 सीटों पर भाजपा ने दर्ज की जीत।
28 Apr 2026, 06:05:08 PM IST
कांग्रेस ने अबतक जीतीं 1400 से ज्यादा सीटें
राज्य में हुए निकाय चुनावों में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अब तक तालुका पंचायतों में 839 सीटें, जिला पंचायतों में 110 सीटें, नगरपालिकाओं में 399 सीटें और नगर निगमों में 64 सीटें हासिल की हैं।
28 Apr 2026, 06:02:09 PM IST
34 में से 30 जिला पंचायतों में भाजपा का परचम
चुनाव आयोग के अनुसार भाजपा ने 15 में से नौ नगर निगमों में जीत दर्ज की है। जिला पंचायतों में उसने 34 में से 30 निकायों में जीत हासिल करते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। तालुका पंचायतों में भाजपा 3,132 सीटें, जिला पंचायतों में 765 सीटें, नगर पालिकाओं में 1,827 और नगर निगमों में 748 सीटें जीत चुकी है।
28 Apr 2026, 05:56:26 PM IST
भाजपा ने अबतक 6,400 से ज्यादा सीटें जीतीं
राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा निर्णायक जीत की ओर बढ़ रही है। पार्टी ने कांग्रेस समेत अन्य प्रतिद्वंद्वी पार्टियों पर भारी बढ़त बनाते हुए 9,900 से अधिक सीटों में से 6,472 सीटें जीत ली हैं। जबकि कांग्रेस ने 1,412 सीटें जीती हैं, वहीं निर्दलीय व AAP तथा AIMIM सहित अन्य पार्टियों ने 597 सीटें जीती हैं।
28 Apr 2026, 05:49:48 PM IST
वापी में भाजपा का कमाल, सभी 52 सीटें जीतीं
गुजरात में वापी नगर निगम के लिए हुए चुनाव में कमाल करते हुए भाजपा ने यहां 52 की 52 सीटें जीत ली हैं।
28 Apr 2026, 05:46:05 PM IST
15 में से 9 नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा
भाजपा ने अब तक 15 में से नौ नगर निगमों में जीत हासिल की है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार पार्टी ने सुरेंद्रनगर, जामनगर, पोरबंदर, करमसाद-आणंद, नाडियाड, नवसारी, वापी, सूरत और मोरबी के नगर निगमों में कुल सीटों में से आधे से अधिक सीटें जीत ली हैं। इनमें से मोरबी नगर निगम में तो भाजपा ने सभी 52 सीटें जीत ली हैं।
28 Apr 2026, 05:42:11 PM IST
सुरेंद्रनगर नगर निगम में भाजपा को बड़ी जीत
सुरेंद्रनगर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी ने 52 में से 51 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि कांग्रेस को एक सीट मिली है। वहीं जिला पंचायत में भाजपा ने 32 में से 31 सीटों पर जीत दर्ज की और कांग्रेस को यहां भी 1 सीट मिली है।
28 Apr 2026, 05:36:44 PM IST
जामनगर में भाजपा की प्रचंड जीत
जामनगर नगर निगम में एक बार फिर भाजपा ने जोरदार जीत दर्ज करते हुए भगवा झंडा लहराया है। यहां पार्टी ने 64 में से 60 सीटों पर जीत हासिल की है।
28 Apr 2026, 05:20:51 PM IST
AAP ने किया 400 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा
AAP के गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने प्रदेश में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में इस बार 400 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि हम अबतक 380 सीटों पर चुनाव जीत चुके हैं, हमें कई जिला पंचायतों व तालुका पंचायतों में भी बहुमत हासिल हुआ है। कांग्रेस तीसरे नंबर पर पहुंच चुकी है, उसे अबतक 331 सीटें हासिल हुई हैं। पिछली बार हमने केवल 69 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि मुझे उम्मीद है कि इस बार आम आदमी पार्टी 400 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
28 Apr 2026, 05:07:25 PM IST
गोधरा नगर पालिका में भाजपा को पहली बार मिला पूर्ण बहुमत
गोधरा में भाजपा ने कमाल करते हुए पहली बार पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। यहां 11 वार्डों की 44 सीटों में से भाजपा के 27 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने 17 सीटें जीतीं। यहां कांग्रेस व अन्य दलों का खाता भी नहीं खुल सका।
28 Apr 2026, 05:03:50 PM IST
नर्मदा जिले के आदिवासी बेल्ट में AAP को मिली जबरदस्त जीत
AAP ने आदिवासी बहुल नर्मदा जिले में भाजपा को तगड़ा झटका दिया है। पार्टी ने जिला पंचायत के साथ-साथ डेडियापाड़ा, सागबारा और चिखदा की तीन तालुका पंचायतों में भी भारी बहुमत से जीत हासिल की है। AAP ने भरूच जिले की वालिया तालुका पंचायत भी जीत ली है। भाजपा ने नर्मदा जिले की तिलकवाड़ा और नंदोद तालुका पंचायतों के साथ-साथ राजपीपला नगर पालिका में भी जीत हासिल की है।
28 Apr 2026, 05:00:32 PM IST
वडोदरा में 31 वोटों से हुए फैसला, कांग्रेस की दोबारा गिनती की मांग
वडोदरा नगर निगम के वार्ड नंबर 1 में निर्दलीय उम्मीदवार हरीश पटेल 13,372 वोटों के साथ जीत दर्ज कर ली। जबकि कांग्रेस की महिला उम्मीदवार पुष्पाबेन वाघेला को उनके मुकाबले 31 वोट कम यानी कुल 13,341 वोट मिले। इस नतीजे के बाद कांग्रेस ने वोटों की दोबारा गिनती की मांग उठाई है। पार्टी दोबारा गिनती की मांग को लेकर हाई कोर्ट जाने को भी तैयार है।
28 Apr 2026, 04:46:52 PM IST
भारी पड़ा पाला बदलना, भेंसन में पूर्व विधायक की हार
आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक भूपत भयानी जूनागढ़ की भेंसन जिला पंचायत में हार गए हैं। भूपत भयानी को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दिनेश रूपारेलिया ने 1700 वोटों से हरा दिया है।
28 Apr 2026, 04:41:21 PM IST
नवसारी नगर निगम में भी लहराया भगवा
नवसारी नगर निगम के चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। उसने 52 में से 50 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। वहीं, कांग्रेस को केवल 2 सीटों से ही संतोष करना पड़ा है।
28 Apr 2026, 04:39:44 PM IST
धनेरा नगर पालिका में 18 साल बाद लहराया भगवा
बनासकांठा की धनेरा नगर पालिका में 18 साल बाद भाजपा का परचम लहराया है। यहां नगर पालिका की कुल 28 सीटों में से भाजपा ने 25 सीटों पर जबरदस्त जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस को केवल 3 सीटें मिली हैं। जिले के सभी वार्डों में भाजपा को बहुमत मिलने से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है।
28 Apr 2026, 04:37:11 PM IST
अरावली में पूर्व IPS मनोज निनामा की हार
अरावली में भाजपा के टिकट पर खड़े हुए पूर्व IPS अधिकारी मनोज निनामा की हार हुई है। निनामा ने ओड जनपद पंचायत से चुनाव लड़ा था।
28 Apr 2026, 04:11:47 PM IST
राजकोट में RJ आभा देसाई की हुई हार
राजकोट नगर निगम के वार्ड नंबर 10 में कांग्रेस की तरफ से खड़ी हुईं RJ आभा को हार का सामना करना पड़ा है। 'रेडियो जॉकी' होने की वजह से आभा देसाई युवाओं के बीच लोकप्रिय थीं, जिसके चलते कांग्रेस ने उन्हें टिकट दिया था।
28 Apr 2026, 04:01:25 PM IST
सूरत नगर निगम में AAP को बड़ा झटका, 27 से घटकर इतने पर पहुंची
सूरत नगर निगम की 120 सीटों में से भाजपा ने 115 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं साल 2021 में हुए पिछले चुनाव में यहां 27 सीटें जीतने वाली AAP इस बार सिर्फ 4 सीटों पर सिमट गई है। जबकि पिछली बार 0 पर रहने वाली कांग्रेस इस बार अपना खाता खोलने में कामयाब रही।
28 Apr 2026, 03:52:44 PM IST
खाड़िया में भाजपा को करारा झटका, एक भी उम्मीदवार नहीं जीता
खाड़िया में भाजपा का एक भी उम्मीदवार नहीं जीता है। 70 सालों में यह पहली बार हुआ ऐसा। यहां कांग्रेस पैनल ने जीत हासिल की है।
28 Apr 2026, 03:35:08 PM IST
जामनगर में जेल में बंद AAP-कांग्रेस के उम्मीदवार जीते
जामनगर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने दो सीटें जीती हैं और आम आदमी पार्टी ने भी दो सीटें जीती हैं। इस दौरान कांग्रेस के अल्ताफ खाफी और AAP के असलम खिलजी ने जेल में रहते हुए चुनाव जीत लिया। वहीं महिला उम्मीदवारों में, AAP की जनाबेन खाफी और कांग्रेस की सहाराबेन मकवाना ने जीत हासिल की है।
28 Apr 2026, 03:19:23 PM IST
डभोई में कांग्रेस ने लहराया जीत का परचम
कांग्रेस ने डभोई नगरपालिका चुनाव जीत लिया है। कांग्रेस ने अब तक कुल 36 सीटों में से 21 सीटें (जिनमें 4 निर्विरोध सीटें शामिल हैं) जीत ली हैं। शहर के कुल नौ वार्डों में से पार्टी ने 6 वार्डों (वार्ड संख्या 2, 3, 4, 5, 6 और 8) में क्लीन स्वीप किया है।
28 Apr 2026, 03:06:28 PM IST
भाजपा कार्यालय का चपरासी जीता चुनाव, बना पार्षद
मेहसाणा नगर निगम के वार्ड नंबर 13 से भाजपा उम्मीदवार और 'कमलम' में चपरासी के तौर पर काम करने वाले रमेशभाई भील समेत भाजपा का पूरा पैनल जीत गया है।
28 Apr 2026, 03:01:30 PM IST
वडाली नगरपालिका में कांग्रेस की बड़ी जीत
कांग्रेस ने वडाली नगरपालिका में भाजपा के गढ़ में अपना परचम लहरा दिया है। यहां 24 सीटों में से 20 सीटें कांग्रेस के खाते में गई हैं। यहां भाजपा मात्र 4 सीटें जीतने में कामयाब रही है।
28 Apr 2026, 02:55:12 PM IST
राजकोट में क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की बहन नयनाबा हारीं
राजकोट के वार्ड नंबर दो में भाजपा का पूरा पैनल जीत गया। यहां पर कांग्रेस ने क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की बहन नयनाबा को टिकट दिया था, लेकिन वह चुनाव हार गईं।
28 Apr 2026, 02:42:28 PM IST
गांधीनगर जिला पंचायत की वलाड सीट पर वोटों की दोबारा गिनती के बाद भी कांग्रेस की जीत
गांधीनगर जिला पंचायत की वलाड सीट के वोटों की गिनती में दोबारा गिनती की गई, जिसमें कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। पिछले नतीजों के बाद, जब कांग्रेस की जीत घोषित की गई थी, तो BJP उम्मीदवार ने वोटों की दोबारा गिनती की मांग की थी। लेकिन दोबारा गिनती में भी कांग्रेस 125 वोटों के अंतर से जीत गई।
28 Apr 2026, 02:37:45 PM IST
अमरेली में लोक साहित्यकार माया भाई अहीर की बेटी हारी
अमरेली जिले की लाठी तालुका पंचायत की चावंड सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार शांतिबेन डेरे ने जीत हासिल की है, जबकि BJP उम्मीदवार सोनलबेन डेरे को हार का सामना करना पड़ा है। इस नतीजे पर खास ध्यान गया है, क्योंकि सोनलबेन मशहूर लोक साहित्यकार माया भाई अहीर की बेटी हैं।
28 Apr 2026, 02:36:22 PM IST
कच्छ की गांधीधाम नगर निगम में भी BJP का दबदबा कायम
कच्छ की गांधीधाम नगर निगम के वार्ड नंबर 8 में BJP का पैनल विजयी रहा है। गांधीधाम नगर निगम में अब तक आए नतीजों के मुताबिक, कुल 52 सीटों में से BJP ने 20 सीटें जीती हैं और 1 सीट पर निर्विरोध जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस ने 4 सीटें जीती हैं और किसी अन्य पार्टी को कोई सीट नहीं मिली है। वार्ड नंबर 1, 6, 8, 10 और 11 में BJP का पैनल विजयी रहा, जबकि वार्ड नंबर 7 में कांग्रेस के पैनल को सफलता मिली।
28 Apr 2026, 02:35:31 PM IST
जूनागढ़ जिले की केशोद नगर पालिका में BJP की शानदार जीत, 36 में से 33 सीटों पर विजयी
जूनागढ़ जिले की केशोद नगर पालिका चुनावों में BJP ने जबर्दस्त जीत दर्ज की है। कुल 36 सीटों में से BJP ने 33 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता पर कब्जा कर लिया है, जबकि कांग्रेस को 3 सीटें मिली हैं।
28 Apr 2026, 02:34:45 PM IST
सूरत नगर निगम में 5 साल बाद कांग्रेस की वापसी, वार्ड नंबर 12 में अरशद जरीवाला की जीत
सूरत नगर निगम चुनावों में 5 साल बाद कांग्रेस ने वापसी की है। कांग्रेस उम्मीदवार अरशद जरीवाला ने वार्ड नंबर 12 में जीत हासिल कर पार्टी को एक बड़ी सफलता दिलाई है। इस जीत के साथ ही सूरत नगर निगम में कांग्रेस का खाता खुल गया है और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
28 Apr 2026, 02:30:51 PM IST
सूरत नगर निगम में BJP की बढ़त, 44 में से 43 सीटों पर जीत
सूरत नगर निगम के वोटों की गिनती में BJP ने जबर्दस्त बढ़त बनाई है। अब तक घोषित 44 सीटों में से BJP ने 43 सीटों पर जीत हासिल कर अपना दबदबा कायम कर लिया है। एक कार्यकाल के अंतराल के बाद कांग्रेस ने वापसी की है, जिसमें कांग्रेस उम्मीदवार अरशद जरीवाला ने वार्ड नंबर 12 से जीत दर्ज की है। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी अभी तक अपना खाता भी नहीं खोल पाई है, जिससे चुनाव के शुरुआती चरण में BJP का दबदबा साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
28 Apr 2026, 02:30:13 PM IST
कच्छ की भुज नगरपालिका में BJP का दबदबा, कांग्रेस और AIMIM को भी मिली हिस्सेदारी
कच्छ में भुज नगरपालिका चुनावों की तस्वीर अब साफ हो गई है, जिसमें BJP ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल कर लिया है। कुल नतीजों के मुताबिक, BJP को 28 सीटें, कांग्रेस को 13 सीटें और AIMIM को 3 सीटें मिली हैं। वार्ड नंबर 6 में BJP का पैनल विजयी रहा, जबकि वार्ड नंबर 2, 3 और 5 में कांग्रेस का पूरा पैनल विजयी रहा। वार्ड नंबर 1 में, 3 सीटें AIMIM के खाते में गईं और 1 सीट कांग्रेस को मिली। यह बात ध्यान देने लायक है कि BJP द्वारा जीती गई सीटों में से 6 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। ये नतीजे भुज नगरपालिका में BJP के दबदबे को साफ तौर पर दिखाते हैं, हालांकि कांग्रेस और AIMIM ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
28 Apr 2026, 02:27:32 PM IST
गिर सोमनाथ जिला पंचायत में BJP आगे, वेरावल गोविंदपारा सीट कांग्रेस के खाते में
गिर सोमनाथ जिला पंचायत की कुल 28 सीटों में से, BJP अब तक 11 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस ने 2 सीटें जीत ली हैं और उसका खाता अभी तक नहीं खुला है। वेरावल गोविंदपारा ज़िला पंचायत सीट कांग्रेस के खाते में जाने से पार्टी को एक अहम कामयाबी मिली है। शुरुआती नतीजों के मुताबिक, जिले में BJP आगे चल रही है, लेकिन कांग्रेस भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है।
28 Apr 2026, 02:09:20 PM IST
देवभूमि द्वारका की खंभालिया नगरपालिका में BJP की शानदार जीत
देवभूमि द्वारका ज़िले की खंभालिया नगरपालिका में BJP ने भारी बहुमत के साथ शानदार जीत दर्ज की है और एक बार फिर सत्ता पर अपना कब्जा जमा लिया है। कुल 36 सीटों में से BJP ने 30 सीटें जीतकर अपना स्पष्ट दबदबा कायम किया है। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी को 5 सीटें मिली हैं, जबकि 1 सीट एक निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई है। ये नतीजे पूरे जिले में BJP के दबदबे को साफ तौर पर दिखाते हैं और विपक्षी पार्टियों को एक बड़ा झटका दिया है।
28 Apr 2026, 02:08:21 PM IST
मोरबी नगर निगम के वार्ड नंबर 13 में BJP पैनल की जीत
मोरबी नगर निगम के वार्ड नंबर 13 में BJP पैनल ने जीत हासिल की है। BJP ने इस वार्ड में स्पष्ट बहुमत के साथ जीत दर्ज करते हुए मोरबी शहर में अपनी स्थिति को और भी मजबूत कर लिया है।