गुजरात के अशिक्षित लोगों... खरगे के बयान पर उबाल; BJP बोली- मिलेगा करारा जवाब
भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उस बयान पर जोरदार हमला बोला है जिसमें उन्होंने कथित तौर पर गुजरात और उत्तर भारत के अन्य राज्यों के लोगों को 'अशिक्षित' बताया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को केरल के इडुक्की में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक ऐसा बयान दे दिया जिसको लेकर बवाल मच गया है। भाजपा ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात और उत्तर भारत के अन्य राज्यों के लोगों को अशिक्षित कहकर उनका अपमान किया है। वहीं भाजपा ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को करारा जवाब मिलेगा। जनता उनको जवाब देगी।
गुजरात या अन्य जगहों के अशिक्षित लोगों को मूर्ख बना सकते हैं लेकिन…
दरअसल, खरगे ने रविवार को केरल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी आप केरल के लोगों को गुमराह मत कीजिए। केरल के लोग बहुत चतुर और शिक्षित हैं। मोदीजी और विजयन, आप दोनों गुजरात या अन्य जगहों के अशिक्षित लोगों को मूर्ख बना सकते हैं लेकिन केरल के लोगों को मूर्ख नहीं बना सकते हैं। खरगे ने यह भी कहा कि एलडीएफ और भाजपा एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।
BJP बोली- यह ‘फूट डालो और राज करो’ की राजनीति
खरगे के इस बयान पर सियासत गर्म है। भाजपा ने ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात और उत्तर भारत के अन्य राज्यों के लोगों को अशिक्षित कहकर उनका अपमान किया है। भाजपा ने कांग्रेस पर विधानसभा चुनावों से पहले ‘फूट डालो और राज करो’ की राजनीति करने का आरोप लगाया।
सुधांशु त्रिवेदी का तंज- राहुल गांधी के बारे में नहीं पूछना चाहूंगा
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि मैं राहुल गांधी के बारे में नहीं पूछना चाहूंगा क्योंकि उनके बारे में पूरा देश जानता है। केरल के लोग वास्तव में समझदार और शिक्षित हैं लेकिन कांग्रेस और वाम दलों ने उनके साथ कभी न्याय नहीं किया। केरल के लोगों की समझदारी की वजह से ही 45 साल के वाम शासन के बाद तिरुवनंतपुरम में भाजपा ने निकाय चुनाव जीता है।
करारा जवाब मिलेगा
सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि केरल के लोग बहुत समझदार हैं। यही वजह है कि 'लव जिहाद' का सबसे पहले पता केरल में चला। कांग्रेस को केरल में करारा जवाब मिलेगा। केरल की जनता आगामी चुनाव में कांग्रेस को करारा जवाब देगी। बता दें कि केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा।
चुनाव हारने पर लोगों को अपशब्द कहती है कांग्रेस
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात और उत्तर भारत के लोगों के खिलाफ हैरान करने वाली टिप्पणियां'' की हैं जो कांग्रेस की बांटो और राज करो की मानसिकता को दर्शाती हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात और उत्तर प्रदेश के लोगों को सिर्फ इसलिए अपशब्द कहे क्योंकि वे कांग्रेस को वोट नहीं देते हैं। कांग्रेस जब भी चुनाव हारती है तो लोगों को अपशब्द कहती है।
दागा सवाल- कौन करेगा इसका समर्थन
शहजाद पूनावाला ने सवाल किया कि क्या गुजरात में कांग्रेस के नेता और सपा प्रमुख अखिलेश यादव और राजद के तेजस्वी यादव जैसे विपक्षी नेता ऐसी टिप्पणियों का समर्थन करते हैं। क्या गुजरात कांग्रेस इससे सहमत है? क्या अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव इससे सहमत हैं? यह पहली बार नहीं है। डीके सुरेश जैसे कांग्रेस नेताओं ने उत्तर और दक्षिण भारत के विभाजन का आह्वान किया है। उन्होंने उत्तर भारतीयों का अपमान किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन