सत्ता संग्राम:: एनडीए अवसरवादी गठबंधन, पुडुचेरी में भाजपा पर बरसे खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन को 'अवसरवादी' करार देते हुए भाजपा पर हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में भ्रष्टाचार और लूट हो रही है। खरगे ने विधानसभा चुनाव को भाजपा-आरएसएस की विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ लड़ने का अवसर बताया और पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग की।

पुडुचेरी, एजेंसी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को पुडुचेरी में सत्तारूढ़ एआईएनआरसी-नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को ‘अवसरवादी’ करार देते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। खरगे ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन भ्रष्टाचार और लूट पर आधारित है। कांग्रेस-डीएमके के इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि नौ अप्रैल को होने वाला विधानसभा चुनाव भाजपा-आरएसएस की विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ लड़ने का अवसर है, जो राज्य की एकता, सौहार्द और प्रगतिशील सोच को नुकसान पहुंचाना चाहती हैं। उन्होंने पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की जोरदार वकालत करते हुए कहा कि उपराज्यपाल द्वारा निर्वाचित सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप किया जा रहा है।
खरगे ने कहा, पुडुचेरी को राज्य का दर्जा देना हमारी पहली गारंटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर विभाग में भ्रष्टाचार है, जनता परेशान है, धन का दुरुपयोग हुआ है और विकास कार्य ठप पड़े हैं।कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में पुडुचेरी में एनआर कांग्रेस-भाजपा सरकार ने लगभग 450 शराब की दुकानें खोलीं। लोगों को स्वच्छ पानी के बजाय शराब दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यहां कोई नई उद्योग इकाई स्थापित नहीं हुई, जबकि छह नई डिस्टलरी लगाई जा रही हैं, जिससे पानी की बर्बादी बढ़ेगी। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, जबकि प्रधानमंत्री ने 44 करोड़ नौकरियों का वादा किया था। उन्होंने लोगों से अपील की कि मतदान से पहले यह सवाल जरूर पूछें कि 44 करोड़ नौकरियों का क्या हुआ। खरगे ने दावा किया कि पुडुचेरी का विकास कांग्रेस ने किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन