Ahmedabad medical college hostel damaged in Air India crash to be reconstructed अहमदाबाद के जिस हॉस्टल पर गिरा था AI का विमान, उसे लेकर हुआ बड़ा फैसला; टाटा समूह ने भी की मदद, Gujarat Hindi News - Hindustan
More

अहमदाबाद के जिस हॉस्टल पर गिरा था AI का विमान, उसे लेकर हुआ बड़ा फैसला; टाटा समूह ने भी की मदद

अधिकारियों ने बताया कि इस प्लैन क्रैश में हॉस्टल कॉम्प्लेक्स को काफी नुकसान पहुंचा था। जहां इसके कुछ हिस्सों पर मलबा गिरा था, वहीं इसका एक बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया था, जिससे ये इमारतें रहने लायक नहीं रह गई थीं।

Wed, 18 March 2026 07:11 PMSourabh Jain पीटीआई, अहमदाबाद, गुजरात
share
अहमदाबाद के जिस हॉस्टल पर गिरा था AI का विमान, उसे लेकर हुआ बड़ा फैसला; टाटा समूह ने भी की मदद

गुजरात के अहमदाबाद में पिछले साल 12 जून को हुए भीषण विमान हादसे के दौरान हवाई जहाज जिस बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर पर गिरा था, उसे बुरी तरह नुकसान पहुंचा था और वह तहस-नहस हो गया था। वहीं अब हादसे के करीब नौ महीने बाद गुजरात सरकार ने पुराने हॉस्टल परिसर की जगह पर 103 करोड़ रुपए की लागत से एक नया और भव्य कॉम्प्लेक्स बनाने का फैसला किया है। राज्य सरकार की तरफ से इस बारे में बुधवार को आधिकारिक जानकारी दी गई और बताया गया कि मेघानीनगर स्थित वर्तमान क्षतिग्रस्त भवन को गिराकर वहां नया भवन बनाया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा हॉस्टल की क्षमता 100 छात्रों की थी, जबकि नए हॉस्टल में 292 छात्रों के रहने की क्षमता होगी।

इस हादसे में एयर इंडिया का विमान हॉस्टल पर गिर गया था। जिसके बाद एयरलाइंस कंपनी के मालिकाना हक वाले टाटा समूह ने हॉस्टल के पुनर्निर्माण में मदद करने का भरोसा दिया था। अधिकारियों ने बताया कि टाटा समूह ने अपना वादा निभाते हुए हॉस्टल पुनर्निर्माण के लिए 53 करोड़ रुपए की सहायता राशि भी दे दी है। बाकी के 50 करोड़ रुपये गुजरात सरकार द्वारा वहन किए जाएंगे।

हादसे के बाद करा लिया गया था खाली

इस बारे में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, राजीव टोपनो ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानसेरिया के साथ बुधवार को एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले साल 12 जून की हुई भयानक घटना के बाद हॉस्टल की वर्तमान इमारत को खाली करा लिया गया था, वहीं अब उसे गिराया जाएगा और उसकी जगह पर लगभग 103 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से एक नया और बड़ा हॉस्टल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा।

राजीव टोपनो ने आगे कहा, 'हमने हॉस्टल को दोबारा बनाने का फैसला किया है। टाटा ग्रुप ने हमें भरोसा दिया था कि वे नुकसान की भरपाई करेंगे, और उन्होंने जो रकम देने का वादा किया था, वह पहले ही जमा कर दी है।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुजरात विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, सत्र शुरू होने से पहले मची अफरातफरी

पुराने हॉस्टल की क्षमता 100 थी, नए की क्षमता 292 होगी

उधर स्वास्थ्य विभाग की प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट के मुख्य इंजीनियर पी.एम. चौधरी ने बताया कि टाटा ग्रुप ने 53 करोड़ रुपए दिए हैं, जबकि राज्य सरकार ने 50 करोड़ रुपए का योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हॉस्टल निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले तीन महीनों में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। चौधरी ने बताया कि मौजूदा कॉम्प्लेक्स, जिसमें लगभग 100 छात्र रह सकते थे, उसे गिरा दिया जाएगा और नए हॉस्टल में 292 छात्रों के रहने की क्षमता होगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कार को चार्जिंग में लगा सोया था इंदौर का परिवार, EV में आग लगने से जिंदा जल गए 8

हादसे में मारे गए थे कुल 260 लोग

अधिकारियों ने बताया कि इस प्लैन क्रैश में हॉस्टल कॉम्प्लेक्स को काफी नुकसान पहुंचा था। जहां इसके कुछ हिस्सों पर मलबा गिरा था, वहीं इसका एक बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया था, जिससे ये इमारतें रहने लायक नहीं रह गई थीं। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की जांच में मदद करने के लिए इस कॉम्प्लेक्स को खाली करा लिया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:केंद्र देगा 2 लाख, तो दिल्ली सरकार 10 लाख; पालम अग्निकांड के लिए मुआवजे की घोषणा

बता दें कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थी और जिसमें 240 से ज्यादा यात्री और क्रू सदस्य सवार थे, पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद क्रैश हो गई थी। यह विमान मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल और कैंटीन कॉम्प्लेक्स से टकरा गया था। इस त्रासदी में कुल 260 लोगों की मौत हुई थी, और मृतकों में मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले चार MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी भी शामिल थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।