केंद्र सरकार 2 लाख, तो दिल्ली सरकार देगी 10 लाख; पालम अग्निकांड के मृतकों के लिए मुआवजे की घोषणा
इस हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर किए अपने संदेश में लिखा, 'दिल्ली के पालम में हुई आग की घटना अत्यंत दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।'

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली के पालम इलाके में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर गहरा शोक जताया है और इस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मुआवजा राशि देने की भी घोषणा की है। इस बारे में प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी एक बयान के अनुसार, मोदी ने प्रत्येक मृतक के निकटतम संबंधी को दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा दिल्ली सरकार ने भी मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। बुधवार सुबह हुए इस हादसे में तीन बच्चों को मिलाकर कुल नौ लोगों की मौत हुई है।
उधर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पालम अग्निकांड में जान गंवाने वाले प्रत्येक वयस्क मृतक के परिवार को 10-10 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही मृत नाबालिगों के परिवार को 5-5 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल लोगों को दिल्ली सरकार 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देगी।
सीएम गुप्ता बोलीं- सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी
इस हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर की अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, ‘पालम में आग लगने की दुखद घटना से मैं बहुत आहत हूं। मासूम लोगों की जान जाना दिल तोड़ने वाला है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके प्रियजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दें। दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता सुनिश्चित करेगी।’ पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, ‘हम इस कठिन समय में राहत, सहयोग और सभी आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’
पीएम ने की घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
उधर इस हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर किए अपने संदेश में लिखा, 'दिल्ली के पालम में हुई आग की घटना अत्यंत दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।' इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने इस हादसे में झुलसे और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए लिखा, 'ईश्वर करे कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।' अपने संदेश के अंत में उन्होंने लिखा, 'प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष की ओर से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।'
प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से मदद करने को कहा
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी इस घटना पर शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने कांग्रेस सदस्यों से पीड़ितों की मदद करने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली के पालम में आग लगने की वजह से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’ इसके आगे उन्होंने लिखा, ‘कांग्रेस पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि पीड़ितों की यथासंभव मदद करें।’
बता दें कि पालम के साध नगर इलाके में बुधवार तड़के एक रिहायशी इमारत में कथित रूप से शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई थी। इस हादसे में अबतक तीन बच्चों समेत कुल नौ लोगों की जान गई है, जबकि तीन लोग फिलहाल घायल हैं। मरने वालों की पहचान प्रवेश (33), कमल (39), आशु (35), लाडो (70), दीपिका (28), हिमांशी (22) समेत 15, 6 और 3 साल की तीन नाबालिग बच्चियों के रूप में हुई है। वहीं अनिल (32), सचिन (29) और एक बच्ची (2) का इलाज चल रहा है।




साइन इन