देशभर में भेजे बम की धमकी के 50 से ज्यादा ईमेल, गुजरात पुलिस ने दबोचा आरोपी
देशभर में बम की झूठी धमकियों के मामले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। गुजरात क्राइम ब्रांच और अहमदाबाद साइबर क्राइम यूनिट ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पश्चिम बंगाल से 28 साल के सौरव विश्वास को गिरफ्तार किया है।

देशभर में बम की झूठी धमकियों के मामले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। गुजरात क्राइम ब्रांच और अहमदाबाद साइबर क्राइम यूनिट ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पश्चिम बंगाल से 28 साल के सौरव विश्वास को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मुंबई, दिल्ली और गुजरात समेत कई राज्यों के स्कूलों, अदालतों, मेट्रो स्टेशनों और वित्तीय संस्थानों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोप है। जांच अधिकारियों के अनुसार, सौरव ने पिछले पांच दिनों में 50 से अधिक धमकी भरे ईमेल भेजे थे, जिससे सुरक्षा एजेंसियों और जनता के बीच भारी अफरातफरी मच गई थी।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में अहम मोड़ तब आया जब 27 फरवरी को मुंबई के कई स्कूलों और मेट्रो स्टेशनों को सुबह करीब 8.46 बजे एक ईमेल मिला, जिसमें दो दिनों के भीतर विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी। इस सूचना के बाद मुंबई पुलिस के दिंडोशी थाने में मामला दर्ज किया गया और साइबर विशेषज्ञों ने ईमेल के डिजिटल ट्रेल का पीछा करना शुरू किया।
16 फरवरी को भी भेजी थी धमकी
धीरे-धीरे जांच पश्चिम बंगाल के न्यू बैरकपुर इलाके तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस की टीमों को वहां रवाना किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि इसी आरोपी ने 16 फरवरी को अहमदाबाद में भी इसी तरह का धमकी भरा संदेश भेजा था, जिसके बाद अहमदाबाद पुलिस पहले से ही इसकी तलाश में थी।
इंटेलिजेंस इनपुट और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 1 मार्च को आरोपी को हिरासत में लिया, जिसके बाद उसे आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया। वर्तमान में आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में यह संकेत मिले हैं कि धमकियां केवल दहशत फैलाने के मकसद से दी गई थीं, लेकिन पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इसमें कोई बड़ा नेटवर्क या अन्य साथी भी शामिल हैं। अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी ने इन ईमेल को भेजने के लिए किस तकनीक का इस्तेमाल किया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन