फ्री में AI रखेगा आपकी सेहत का ख्याल! Amazon लाया नया AI असिस्टेंट
Amazon ने Health AI नाम का नया AI-बेस्ड हेल्थ असिस्टेंट लॉन्च किया है, जो यूजर्स को मेडिकल सवालों के जवाब देने और हेल्थ से जुड़ी जानकारी समझाने में मदद करेगा।

हाल के साल में स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी और डिजिटल हेल्थ टूल्स की मांग तेजी से बढ़ी है। यही वजह है कि अब ई-कॉमर्स कंपनी Amazon ने Health AI नाम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस असिस्टेंट लॉन्च किया है। यह टूल यूजर्स को मेडिकल सवालों के जवाब देने, लक्षणों को समझने और स्वास्थ्य से जुड़ी बेसिक जानकारी हासिल करने में मदद करेगा। कंपनी के मुताबिक यह असिस्टेंट Amazon की वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों पर उपलब्ध होगा। दरअसल, पहले यह फीचर One Medical ऐप के अंदर मिलता था, लेकिन अब Amazon इसे अपने बड़े प्लेटफॉर्म पर लाकर ज्यादा लोगों तक पहुंचाना चाहता है।
क्या है Amazon Health AI
Amazon का Health AI एक ऐसा डिजिटल असिस्टेंट है जिसे स्वास्थ्य से जुड़े अलग-अलग टॉपिक्स पर गाइडेंस देने के लिए बनाया गया है। यह यूजर्स के सामान्य स्वास्थ्य सवालों का जवाब देने के साथ-साथ जटिल मेडिकल जानकारी को भी आसान भाषा में समझा सकता है।
यूजर इस असिस्टेंट से लक्षणों, दवाइयों, बीमारियों और सामान्य स्वास्थ्य से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं। इसके अलावा यह टूल लैब रिपोर्ट और मेडिकल डाटा को समझने में भी मदद कर सकता है, जिससे ऐसे लोग भी जानकारी समझ सकें जिन्हें मेडिकल टर्म्स की जानकारी नहीं होती।
खास बात यह है कि इस सेवा का इस्तेमाल करने के लिए Amazon Prime या One Medical सदस्यता की जरूरत नहीं है। कोई भी यूजर Amazon प्लेटफॉर्म पर जाकर हेल्थ से जुड़े सवाल पूछ सकता है। हालांकि फिलहाल यह सुविधा केवल अमेरिका में उपलब्ध है।
कैसे काम करता है Health AI?
Amazon का Health AI कंपनी के चैट इंटरफेस के माध्यम से काम करता है। यूजर्स वेबसाइट या ऐप पर जाकर सीधे अपने सवाल टाइप कर सकते हैं और असिस्टेंट तुरंत जवाब देता है। यह असिस्टेंट सामान्य हेल्थ गाइडेंस देने के लिए यूजर के पर्सनल मेडिकल रिकॉर्ड की जरूरत नहीं रखता। वहीं अगर कोई यूजर अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी शेयर करना चाहता है, तो AI उस आधार पर अधिक व्यक्तिगत और सटीक जवाब दे सकता है।
इसके अलावा यह लैब रिपोर्ट, लक्षणों और संभावित इलाज ऑप्शंस को भी समझा सकता है। जरूरत पड़ने पर यह यूजर को प्रोफेशनल हेल्थकेयर लेने की सलाह भी दे सकता है।
प्राइवेसी और डाटा सुरक्षा पर जोर
स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी बेहद प्राइवेट और सेंसिटिव होती है, इसलिए AI के साथ इसे शेयर करने पर प्राइवेसी को लेकर चिंताएं भी सामने आती हैं। Amazon का कहना है कि Health AI को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यूजर्स का डाटा सेफ रहे और उनकी गोपनीयता बनी रहे। कंपनी के अनुसार, इस AI मॉडल को मरीजों के पर्सनल डाटा से नहीं बल्कि पैटर्न और सामान्य जानकारी के आधार पर ट्रेन किया गया है।
HIPAA-compliant सिस्टम से लैस
Amazon ने यह भी बताया कि Health AI के साथ होने वाली बातचीत HIPAA-compliant environment में होती है। HIPAA (Health Insurance Portability and Accountability Act) अमेरिका का एक कानून है जो स्वास्थ्य डाटा की सुरक्षा के लिए नियम तय करता है। इसका मतलब है कि Health AI के साथ होने वाली बातचीत एंड-टू-एंड प्रोटेक्टेड रहती है और उस पर कड़ा एक्सेस कंट्रोल लागू होता है।
मेडिकल रिकॉर्ड और डॉक्टर सेवाओं से कनेक्शन
अगर यूजर अनुमति देता है, तो Health AI Health Information Exchange सिस्टम से कनेक्ट होकर मेडिकल रिकॉर्ड, लैब रिजल्ट और डायग्नोसिस जैसी जानकारी पढ़ सकता है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर यह असिस्टेंट यूजर को One Medical ऐप के डॉक्टरों से भी जोड़ सकता है। अमेरिका में रहने वाले यूजर्स सामान्य समस्याओं जैसे एलर्जी, हल्के संक्रमण, सर्दी-जुकाम या बुखार के लिए पांच तक फ्री डायरेक्ट मेसेज कंसल्टेशन प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, नॉन-प्राइम यूजर्स भी पेड विजिट के साथ डॉक्टर से संपर्क कर सकते हैं।
कैसे इस्तेमाल करें यह सेवा
Amazon Health AI का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को पहले Amazon Health पेज पर जाकर साइन-अप करना होगा। सेवा उपलब्ध होते ही यूजर्स को ई-मेल नोटिफिकेशन मिल जाएगा। इसके बाद Amazon Health प्रोफाइल बनाने के बाद यूजर्स वेबसाइट या ऐप के जरिए सीधे हेल्थ से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं और AI असिस्टेंट से जवाब पा सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन