Airtel का वैलेंटाइन डे स्पेशल फीचर: अब दिल का हाल बताने के लिए करें रीचार्ज
एयरटेल ने वैलेंटाइन डे पर ‘Gift a Recharge with a Special Note’ फीचर लॉन्च किया है, जिससे यूजर्स पर्सनल मैसेज के साथ रिचार्ज गिफ्ट कर सकते हैं। कंपनी का AI बेस्ड OTP प्रोटेक्शन फीचर भी फेक OTP से बचाव में मदद करता है।

वैलेंटाइन डे को खास बनाने के लिए Bharti Airtel ने अपने सब्सक्राइबर्स के लिए एक नया और खास फीचर पेश किया है। अब मोबाइल रिचार्ज केवल एक जरूरत भर नहीं रहेगा, बल्कि इसे आप एक पर्सनल गिफ्ट में बदल सकते हैं। कंपनी ने ‘Gift a Recharge with a Special Note’ नाम से यह फीचर शुरू किया है, जिसके साथ यूजर्स अपने पार्टनर, दोस्तों या परिवार के सदस्यों को मोबाइल रीचार्ज के साथ एक खास मेसेज भी भेज सकते हैं।
डिजिटल दौर में जहां बातचीत और भावनाएं ज्यादातर ऑनलाइन ही एकदूसरे के साथ शेयर की जाती हैं, वहां यह फीचर रिश्तों में एक नया पर्सनल टच जोड़ने की कोशिश कर रहा है। एयरटेल का मानना है कि यह फीचर लोगों को एक-दूसरे से जुड़े रहने के साथ-साथ अपने इमोशंस को भी बेहतर तरीके से शेयर करने का मौका देगा।
ऐसे यूज कर सकते हैं Airtel का नया फीचर
नए फीचर का इस्तेमाल Airtel Thanks App के जरिए किया जा सकता है। यूजर को ऐप में जाकर उस नंबर को चुनना करना होगा, जिसे वह रीचार्ज गिफ्ट करना चाहता है। इसके बाद उपलब्ध प्लान्स में से कोई भी रिचार्ज चुनकर उसमें एक पर्सनल मेसेज लिखा जा सकता है। यही मेसेज इस रिचार्ज को खास बनाता है। उदाहरण के तौर पर, आप अपने पार्टनर को यह लिख सकते हैं कि ‘हमेशा खुश रहो, क्योंकि तुम्हारा खुश रहना ही मेरी सबसे बड़ी खुशी है।’
साफ है कि अब तक रिचार्ज करना केवल एक ट्रांजेक्शन माना जाता था- रीचार्ज खत्म हुआ और तुरंत नया प्लान डलवा लिया लेकिन एयरटेल के इस नए फीचर के बाद यह प्रोसेस इमोशनल कनेक्ट का तरीका भी बन सकता है। खास मौकों पर यह एक छोटा लेकिन काम का डिजिटल गिफ्ट साबित हो सकता है। खासकर उन लोगों के लिए जो दूर रहते हैं, उनके लिए यह फीचर रिश्तों में करीबी का एहसास दिला सकता है।
कंपनी का कहना है कि यह पहल डिजिटल गिफ्टिंग को बढ़ावा देगी और प्लेटफॉर्म को ज्यादा इंटरैक्टिव बनाएगी। आने वाले समय में ऐसे फीचर्स टेलिकॉम सर्विस को सिर्फ कॉल और डाटा तक सीमित ना रखकर एक इमोशनल कनेक्ट का हिस्सा बना सकते हैं।
सेफ्टी के लिए भी आया खास फीचर
बता दें कि एयरटेल हाल के दिनों में सुरक्षा को लेकर भी सक्रिय रहा है। कंपनी ने फेक OTP से बचाव के लिए OTP आधारित सुरक्षा फीचर भी रोलआउट किया है। यह फीचर संदिग्ध कॉल के दौरान आने वाले फेक OTP को कुछ ही सेकेंड में पहचान लेता है और स्क्रीन पर पॉप-अप अलर्ट के जरिए यूजर को चेतावनी देता है। उम्मीद है कि इससे ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों में कमी लाने में मदद मिल सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन