सलमान खान ने चेक बाउंस केस पर राजपाल यादव को दी सलाह, बोले- देना ही है तो दिमाग में रखो
राजपाल यादव ने एक रीसेंट अवॉर्ड शो में डॉलर-रुपये के फ्लक्चुएशन पर चिंता जताई थी। अब इस मामले पर सलमान खान ने ट्वीट किया है और राजपाल यादव को एक सलाह दी है।

राजपाल यादव बीते दिनों चेक बाउंस और लोन के मामले में काफी चर्चा में रहे। उन्हें जेल भी जाना पड़ा। अब रीसेंटली एक अवॉर्ड शो में उनके उधारी चुकाने वाले मामले का जिक्र आया। राजपाल की क्लिप काफी वायरल है। अब इस पर सलमान खान ने ट्वीट किया है। सलमान ने राजपाल की तारीफ की है। लिखा है कि उन्हें खूब काम मिलेगा। सलमान ने उन्हें सलाह भी दी है कि पैसा देना है ये बात दिमाग में रखें और दिल से काम करें।
सलमान की राजपाल को सलाह
सलमान खान ने ट्वीट किया है, 'राजपाल भाई आप 30 साल से काम कर रहे हो और हम सबने आपको रिपीट किया है, बार-बार क्योंकि आप अपना काम जानते हो और एक वैल्यू लाते हो। काम तो आपको बहुत मिलेगा, इसी डॉलर रेट पे मिलेगा और मिलते रहेगा। हकीकत यही है। ये याद रखना कि कभी-कभी फ्लो में कुछ निकल आता है, देना ही है तो दिमाग में रखो, दिल से काम करो, डॉलर ऊपर हो या नीचे क्या फर्क पड़ता है देना तो इंडिया में ही है।'
क्या था मामला
राजपाल यादव इंडियन एक्सप्रेस स्क्रीन अवॉर्ड शो में थे। इवेंट के बीच तेल क्राइसिस युद्ध का जिक्र छिड़ा। इस पर राजपाल यादव बोले, 'दुनिया में बहुत कुछ हो रहा है। इतने युद्ध चल रहे हैं। मैं रुपये-डॉलर का उतार-चढ़ाव कैसे समझाऊं। समझ नहीं आ रहा कि क्या हो रहा है। मैं शांति-शांति कर रहा हूं।' इस पर एंकर सौरभ द्विवेदी ने कहा, 'डॉलर-रुपया कितना भी गिर रहा हो, आपको देने उतने ही रुपये पड़ेंगे, जितने कि उधार हैं।' जवाब में राजपाल बोलते हैं, 'मसला तो सुन लो एक बार, कितने भी लौटाने पड़ें मैं तो मसला सुनाने बैठा हूं।' एंकर ने बोला कि मामला कोर्ट में है तो इस पर बात ना की जाए तो बेहतर होगा। इस वायरल क्लिप पर एंकर की आलोचना भी हुई। लोगों ने कहा कि राजपाल के केस का मजाक उड़ा जा रहा है। हालांकि राजपाल यादव ने बाद में सफाई भी दी कि मामला पूरा स्क्रिप्टेड था।
राजपाल यादव का केस
राजपाल यादव ने 2010 में फिल्म अता पता लापता के लिए एक बिजनसमैन से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। कर्ज न चुका पाने और चेक बाउंस होने के वजह से उन पर केस हुआ। ब्याज मिलाकर यह पैसा 9 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया। फरवरी 2026 में राजपाल ने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। इसके साथ उनका एक इमोशनल मैसेज वायरल हुआ। उन्होंने बोला था कि पैसे नहीं हैं और कोई किसी का नहीं होता। इस पर सोनू सूद सहित इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने उनकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया। फिलहाल दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन