राजपाल यादव को स्कूली बच्चों ने गुल्लक तोड़कर भेजे थे पैसे; एक्टर से हुए नाराज तो अब मिला जवाब
राजपाल यादव जब जेल में थे तो कुछ स्कूली बच्चों ने भी अपनी पॉकेटमनी उनकी मदद के लिए भेजी थी। अब बच्चों की शिकायत है कि राजपाल का कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। अब एक्टर ने इस पर जवाब दिया है।

राजपाल यादव जब जेल में थे तो उनकी मदद के लिए कई हाथ आगे बढ़े। इनमें ज्यादातर लोग फिल्म इंडस्ट्री के थे। उत्तर प्रदेश के एक गुरुकुल के कुछ छात्रों ने अपनी पॉकेट मनी के पैसे एक्टर के लिए भेजे थे। अब उनमें निराशा है कि ऐसा करने के बाद भी राजपाल उनसे नहीं मिले। अब राजपाल ने स्टूडेंट्स की इस नाराजगी का जवाब दिया है। उनका कहना है कि वह जल्द ही उन बच्चों से मिलेंगे और साथ में तस्वीरें भी खिंचवाएंगे।
40 बच्चों ने जुटाया था राजपाल के लिए चंदा
राजपाल यादव ने लोन और चेक बाउंस केस में बीती 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरंडर किया था। वह अंतरिम जमानत पर बाहर हैं लेकिन केस की सुनवाई जारी है। जेल जाते वक्त राजपाल का इमोशनल मैसेज वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने पैसे ना होने की बात कही थी। इस पर यूपी के गुरुकुल सेवा ट्रस्ट की अथॉरिटी के 40 स्टूडेंट्स ने अपने जेब खर्च को बचाकर एक गुल्लक भरी और राजपाल के गांव के पते पर 21 फरवरी को भेज दी। बच्चों ने ऐसा करके राजपाल के प्रति अपना सपोर्ट दिखाया था। इस पैसे के साथ स्टूडेंट्स ने राजपाल को एक इमोशनल लेटर लिखा था और उनके जेल से छूटने के बाद मिलने की इच्छा जताई थी।
राजपाल के जवाब ना मिलने से बच्चे खफा
अब बच्चों का 29 सेकंड्स का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वे बोल रहे हैं, 'नमस्ते राजपाल भैया, हमने सुना है कि आप जेल से छूटकर घर आ गए हैं। आपको बधाई हो। हम सब आपसे मिलना चाहते हैं और जानना चाहते हैं कि हमने जो मदद भेजी थी आपको मिली या नहीं। अगर मिल गई है तो आपने हमारे लेटर का जवाब क्यों नहीं दिया? हम आपसे नाराज हैं।' बच्चों ने यह भी कहा था कि भले ही राजपाल उनसे मिल नहीं पा रहे थे लेकिन उनकी तसल्ली के लिए बात तो कर सकते थे।
बच्चों की शिकायत पर क्या बोले राजपाल
राजपाल यादव ने पीटीआई से बातचीत में बच्चों की इस शिकायत का जवाब दिया है। उन्होंने बताया कि वह हाल ही में घर लौटे हैं और परिवार के लोगों के साथ तक तसल्ली से नहीं बैठ पाए। जिन लोगों ने मदद की है राजपाल उन सबकी डिटेल्स जुटा रहे हैं। राजपाल बोले, 'जहां तक बच्चों से मिलने का सवाल है, मुझे पता चला कि वे अनाथालय से हैं। मुझे लगता है कि अगर बच्चों का एक आश्रम है तो वे अनाथ नहीं हैं।' इस पर राजपाल को बताया गया कि बच्चे गुरुकुल स्कूल के हैं। राजपाल बोले, 'मैं ऐसा इंसान हूं जो गुरु पद्धति पर यकीन करता है और वे सारे बच्चे मेरे हैं। मैं उनसे जरूर मिलूंगा, उन्हें गले लगाऊंगा और साथ में तस्वीरें भी खिंचवाऊंगा।' गुरुकुल सेवा ट्रस्ट स्कूल के चेयरमैन कुमार सागर ने पीटीआई को बुधवार को जानकारी दी कि बच्चों ने जो चंदा किया था उसके अलावा कुछ अलग से अमाउंट भी उसमें ऐड किया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन