राजपाल यादव 27+ साल से कर रहे फिल्मों में अच्छी कमाई फिर 9 करोड़ के लिए क्यों जाना पड़ा जेल?
राजपाल यादव करीब 27-28 साल से काम कर रहे हैं। उनकी फिल्मोग्राफी पर नजर डालें तो हर साल उनके खाते में 5-7 फिल्में होती हैं। फिर क्या वजह है कि वह पैसा चुकाने के बजाय जेल चले गए।

राजपाल यादव को जेल से छुड़ाने की कवायद जोरों पर है। चेक बाउंस केस में सरंडर करने के साथ उन्होंने कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं। इस वजह से उन्हें जेल जाना पड़ा था। राजपाल का इमोशनल मैसेज सुनते ही इंडस्ट्री के कई लोग उनकी मदद के लिए भी आगे आए। अब कई लोगों के मन में सवाल है कि राजपाल यादव काफी लंबे समय से फिल्मों में काम कर रहे हैं। उनकी लास्ट मूवी ओटीटी रिलीज 'इंटेरोगेशन' थी, जो जी5 पर रिलीज हुई। इससे पहले वह बेबी जॉन में थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके आखिरी 5 प्रोजेक्ट्स की फीस 7-8 करोड़ थी। डालते हैं उनके करियर और सोशल मीडिया पर चल रही बज पर एक नजर।
टीवी से शुरू हुआ था करियर
राजपाल यादव ने डीडी नैशनल टीवी के शो से एक्टिंग की शुरुआत की थी। वह मुंगेरी लाल के हसीन सपने के सीक्वल मुंगेरी के भाई नौरंगीलाला में थे। उन्हें पहली फिल्म में मौका 1999 में मिला। मूवी का नाम था शूल जिसमें राजपाल कुली बने थे। इसी साल दिल क्या करे, मस्त जैसी फिल्मों में उन्हें वॉचमैन, प्योन जैसे रोल मिले। इसके बाद जंगल, प्यार तूने क्या किया, चांदनी बार जैसी फिल्में कीं। तब से हर साल उनके खाते में 7-8 फिल्में रही हैं। राजपाल ओटीटी फिल्में, इवेंट्स और ऐड्स भी करते हैं।
लोकप्रिय कॉमेडी फिल्में
- हंगामा (2003)– राजा
- मुझसे शादी करोगी (2004)– राज पुरोहित / पॉल
- अपना सपना मनी मनी (2006)– माथुर दास
- चुप चुप के (2006)– बांड्या (उनका सबसे यादगार रोल)
- फिर हेरा फेरी (2006)– पप्पू
- भागम भाग (2006)– गुल्लू
- ढोल (2007)– मार्तंड 'मारू' डमडेरे
- भूल भुलैया (2007)– छोटे पंडित
- खट्टा मीठा (2010)– रंगीला
- जुड़वा 2 (2017)– नंदू
- भूल भुलैया 2 और 3 (2022/2024)– छोटे पंडित
- गंभीर और मुख्य भूमिका (Lead Roles)
- जंगल (2000)– सिप्पा (नकारात्मक भूमिका)
- मैं माधुरी दीक्षित बनना चाहती हूँ (2003)– चुटकी
- मैं, मेरी पत्नी और वो (2005)– मिथलेश शुक्ला
- कुश्ती (2010)– जंतर सिंह
- अर्ध (2022)– शिवा / पार्वती
टीवी और वेब सीरीज
मुंगेरी के भाई नौरंगीलाल (दूरदर्शन शो)
पॉप कौन? (Disney+ Hotstar)
कटहल (Netflix फिल्म/सीरीज)
अपकमिंग/हालिया फिल्में (2025-2026)
बेबी जॉन
वनवास
भूल बंगला
वेलकम टू द जंगल
राजपाल की रीसेंट फिल्मों की कमाई
राजपाल यादव बता चुके हैं कि उनके करियर की हाइएस्ट पेड फिल्म प्रियदर्शन की चुप-चुपके थी। Koimoi की रिपोर्ट के मुताबिक राजपाल यादव की 5 फिल्मों की कमाई करीब 7-8 करोड़ थी।
- कटहल: 1 करोड़
- ड्रीम गर्ल: 1 करोड़
- भूल भुलैया 3: 2-3 करोड़
- चंदू चैंपियन: 2 करोड़
- बेबी जॉन: 1 करोड़
(ये ऑफिशियल डेटा नहीं, रिपोर्टेड है)
साइड एक्टर्स के पैसों पर क्या हैं चर्चे
हालांकि X पर फिल्मों पर लिखने वाले रवि चौधरी का पोस्ट कुछ और ही कहानी कहता है। उन्होंने लिखा है कि बॉलिवुड में सपोर्टिंग एक्टर्स से हमेशा ज्यादा से ज्यादा काम निकलवाने की कोशिश की जाती है लेकिन पेमेंट की बारी आती है तो हकीकत बदल जाती है। फिल्म की कास्टिंग और एग्रीमेंट के पहले छोटे आर्टिस्ट को बहुत कम पैसों में पक्का कर लिया जाता है। लोगों को लगता है कि फिल्म ने 500 करोड़ कमाए तो जॉनी लिवर और राजपाल यादव जैसे एक्टर्स को 10-20-30 करोड़ मिल जाएंगे लेकिन यह सच नहीं होता। सच ये है कि बॉलीवुड के छोटे आर्टिस्ट भले ही कितना अहम किरदार निभाएं उन्हें बड़े स्टार्स की तुलना में बहुत कम पैसा मिलता है। आप गैप का अंदाजा भी नहीं लगा सकते कई बार फीस हजारों में होती है, लाख में भी नहीं।
मुश्ताक का वीडियो भी हो रहा वायरल
रवि ने एक्टर मुश्ताक अहमद का वीडियो भी पोस्ट किया है जिसमें वह अपनी किडनैपिंग का किस्सा बता रहे हैं कि कैसे किडनैपर्स उनसे बोले, 'अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, आमिर खान सलमान खान, शाहरुख खान, अजय देवगन इतने बड़े-बड़े एक्टर्स के साथ काम कर रहा है तू और तू बोलता है कि पैसा नहीं है। और वो तेरी गदर ने तो 500 करोड़ कमाए हैं, 5 करोड़ तो तुझे मिले होंगे।' मुश्ताक बोले कि उनको लगा कि जो पैसे कमाए वो सब आपस में बांट लेते होंगे।
राजपाल के पास काम की नहीं कमी
राजपाल यादव ने ANI के साथ बाचतीत में बताया था कि 1997 में वह मुंबई आए थे। उनको यहां रहने वाली मंजू नाम की महिला ने प्ले देखने के बाद बुलाया था। मंजू ने राजपाल को स्वराज सीरियल में 5 एपिसोड का रोल दिया। इसके बाद से बेबी जॉन तक उनके पास काम की कमी नहीं रही। राजपाल यादव अब तक करीब 215 फिल्मों में काम कर चुके हैं।
नुकसान की शुरुआत
साल 2005-2010: राजपाल यादव ने अपने माता-पिता के नाम पर श्री नौरंग गोदावरी एंटरटेनमेंट लिमिटेड प्रोडक्शन हाउस खोला था। बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म 'अता पता लापता' बनाने का फैसला किया।
कर्ज की राशि: इस फिल्म के लिए उन्होंने दिल्ली के एक बिजनेसमैन (मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड) से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था।
फिल्म का फ्लॉप होना: साल 2012 में फिल्म रिलीज हुई लेकिन बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई। फिल्म से कोई कमाई नहीं हुई और राजपाल यादव भारी घाटे में चले गए, जिसके कारण वह लोन नहीं चुका पाए।
कितना नुकसान और कर्ज हुआ?
मूल राशि: शुरुआत में यह लोन 5 करोड़ रुपये का था।
बढ़कर हुआ 9 करोड़: सालों तक ब्याज और पेनल्टी लगने के कारण यह रकम बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई है।
कोर्ट का आदेश: दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें कुल 7 चेक बाउंस मामलों में प्रति केस 1.35 करोड़ रुपये (कुल करीब 9.45 करोड़) चुकाने का निर्देश दिया था।
कर्ज पर राजपाल का क्या है कहना
राजपाल यादव ने लल्लनटॉप से बातचीत में कहा था कि उन पर 5 करोड़ के फ्रॉड का आरोप है। माधव गोपाल अग्रवाल ने ये पैसा लोन के तौर पर नहीं बल्कि फाइनैंसर के रूप में दिया था। वह अपने पोते को लीड ऐक्टर के तौर पर लॉन्च करना चाहते थे।
क्या है सोशल मीडिया बज
रेडिट पर राजपाल यादव का मैटर डिसकस किया जा रहा है। एक यूजर ने लिखा है, क्या अग्रवाल को पता था कि उनके इनवेस्टमेंट का मकसद क्या है? क्या कुछ टर्म्स और कंडीशंस थे। इस पर लोग लिख रहे हैं कि माधव गोपाल इस शर्त पर फाइनैंसर बनने को तैयार हुए थे कि राजपाल उनके पोते को लॉन्च करेंगे। राजपाल ने पोते को लॉन्च नहीं किया तो यह लोन ही हुआ। यहां माधव सही हैं, राजपाल को ये पैसा वापस करना चाहिए। कई लोग यह भी लिख रहे हैं कि वे अता-पता-लापता फिल्म देखना चाहते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन