इस गाने को सुनने के बाद खूब रोया था दुबई का असली डॉन, शराब के नशे में गीतकार से कहा-मैं सोने से लाद दूंगा
गीतकार समीर अनजान ने एक ऐसा गाना लिख दिया था जिसे सुनने के बाद दुबई का डॉन बहुत रोया था। रात भर रोने के बाद समीर को किया था फोन। ये था वो गाना जिसने असली डॉन तक को रुला दिया। गाना आज भी दिल छू जाता है।

हिंदी सिनेमा में कई फिल्में डॉन पर बनाई गई हैं। अक्षय कुमार, अजय देवगन जैसे एक्टर्स ने माफिया डॉन के किरदार निभाकर ऑडियंस को खुश कर दिया है। कई फिल्मों में डॉन के अलग-अलग रूप को दिखाया, उनपर गाने भी बने। लेकिन क्या आपको पता है एक गाने के लिए असली माफिया डॉन इतना दीवाना हो गया था कि उसने गाना लिखने वाले गीतकार को सोने से लादने की बात कह दी थी। ये गीतकार हैं समीर अनजान। कई खूबसूरत गाने लिखने वाले समीर ने एक गाना डॉन की जिंदगी पर भी लिखा था। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि फिल्म की कहानी पर लिखा गया ये गीत असली डॉन के दिल को छू जाएगा।
समीर अनजान को दुबई के डॉन ने किया था फोन
समीर अनजान ने खुद ये किस्सा अपने एक इंटरव्यू में बताया था। गीतकार ने कहा कि वो जिस डॉन के बारे में बता रहे हैं उनका नाम सुनते ही सब हैरान हो जाएंगे। उस माफिया डॉन ने समीर को सुबह के 4 बजे फोन किया और जो कहा उसने उन्हें हैरान कर दिया। समीर कहते हैं कि उस डॉन ने उस समय शराब पी रखी थी। और कहा आप दुबई आ जाओ। मैं आपको सोने से लाद के भेजूंगा। ये सुनते ही समीर ने हैरानी से पूछा कि क्या हुआ, लेकिन डॉन ने फिर कहा कि आप आ जाओ। गीतकार ने उनसे वादा किया कि वो जरूर आएंगे। लेकिन पहले वजह तो बताइए।

गाना सुनकर रोया था दुबई का डॉन
समीर ने बताया कि डॉन ने उनसे कहा कि सर आपने एक ऐसा गाना लिख दिया है जिसकी दो लाइन में आपने मेरी पूरी जिंदगी कह दी। वो गाना सुना और रात भर मैं रोया हूं और रात भर दारू पी है और मैंने कहां-कहां से आपका नंबर अरेंज किया, जबकि मैं डायरेक्ट कभी किसी को फोन करता नहीं। मगर मैंने बोला कि कुछ भी हो जाए आज तो मैं बात करूंगा ही। ये डॉन के शब्द थे।
फिल्म की सिचुएशन पर था गाना
समीर ने बताया कि उन्होंने फिल्म साथी के लिए एक गाना लिखा था ‘जिंदगी की तलाश में हम मौत के कितने पास आ गए। जब ये सोचा तो घबरा गए हम कहां थे कहां आ गए’। इस गाने को सुनने के बाद डॉन खूब रोया और समीर को फोन किया। फिल्म में भी ये गाना एक डॉन के किरदार पर बेस्ड था। लेकिन इसके मुखड़े भर ने डॉन को रुला दिया। ये किस्सा समीर अनजान आज तक नहीं भूल पाए हैं। उन्होंने फिल्म की सिचुएशन पर गाना लिखा था, लेकिन नहीं सोचा था कि कोई असली डॉन भी इससे प्रभावित हो जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन