तो मां बनने के बाद कमबैक नहीं कर पाएंगी कटरीना-कियारा? सिर्फ दीपिका-प्रियंका रखती हैं ऐसा दम!
कटरीना कैफ और कियारा आडवाणी मां बनने के बाद क्या सिनेमा जगत में एक बार फिर वापसी कर पाएंगी? यह सवाल बहुत नावाजिब लग सकता है, लेकिन शोभा डे के मुताबिक फिल्म इंडस्ट्री में 8 घंटे के शिफ्ट वाली शर्त बहुत चुनिंदा स्टार्स रख सकती हैं।

बॉलीवुड में काम करने का माहौल और शिफ्ट के घंटों को काफी वक्त से बहस चल रही है। बीते दिनों ऐसी खबरें आई थीं कि दीपिका पादुकोण ने अपनी अपकमिंग फिल्मों 'स्पिरिट' और 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल के लिए केवल 8 घंटे की शिफ्ट में काम करने की मांग रखी है। अब इस पर कॉलमनिस्ट और लेखिका शोभा डे ने राय दी है। उन्होंने साफ कहा कि इंडस्ट्री में हर कोई ऐसी शर्तें नहीं रख सकता। शोभा ने कहा कि अगर राधिका आप्टे कल को ऐसी शर्त रखेंगी तो मेकर्स फौरन उन्हें रिप्लेस कर देंगे। बातों-बातों में उन्होंने यह भी कहा कि कटरीना और कियारा के मां बनने के बाद उनकी इंडस्ट्री में वापसी मुश्किल है।
‘सिर्फ दीपिका-प्रियंका कर सकती हैं डील’
शोभा डे ने रिडिफ ऑरिजनल के साथ बातचीत में कहा, फिल्म इंडस्ट्री में अपनी शर्तें मनवाने की ताकत केवल गिने-चुने टॉप स्टार्स के पास ही है। उन्होंने कहा, 'दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा जैसी एक्ट्रेसेस ही इस स्थिति में हैं कि वो मेकर्स के साथ ऐसी डील कर सकें। मुझे नहीं लगता कि इनके अलावा कोई और लड़की ये शर्तें रख पाएगी। अगर राधिका आप्टे जैसी एक्ट्रेस कहें कि वे दिन में केवल 2 या 4 घंटे काम करेंगी, तो मेकर्स तुरंत उन्हें रिप्लेस कर देंगे।' उन्होंने कहा कि सिनेमा आखिरकार एक बिजनेस है और फिल्म का मकसद दर्शकों को थिएटर तक लाना और पैसा कमाना होता है, जिसे केवल कुछ ही टॉप स्टार्स कर पाते हैं।
कटरीना-कियारा के करियर पर सवाल
बातचीत के दौरान शोभा डे ने इस बात पर भी संदेह जताया कि क्या हर एक्ट्रेस मां बनने के बाद पहले जैसा मुकाम हासिल कर पाएगी। उन्होंने खासतौर पर कटरीना कैफ और कियारा आडवाणी का जिक्र करते हुए कहा, 'मैं इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं हूं कि मां बनने के बाद कटरीना पहले की तरह छलांग लगा पाएंगी या नहीं। मुझे यह भी नहीं पता कि लोग अब कियारा आडवाणी को उसी नजरिए से देखेंगे या नहीं।' लेकिन जब उन्हें आलिया भट्ट, प्रियंका और दीपिका जैसे उदाहरण दिए गए, तो उन्होंने माना कि ये एक्ट्रेसेस अपवाद हैं।'
कार्तिक आर्यन को बताया 'अंडररेटेड'
शोभा ने कहा, 'आलिया भट्ट जैसी एक्ट्रेसेज ने मां बनने के बाद बहुत जल्दी 'बाउंस बैक' किया है। लोग उन्हें देखते वक्त उनके मदरहुड के बारे में नहीं सोचते। वो कॉमर्शियली सफल हैं और अपनी शर्तों पर काम करना जानती हैं।' शोभा डे ने कार्तिक आर्यन की तारीफ की, लेकिन उनके फ्यूचर को लेकर थोड़ी डाउट में नजर आईं। उन्होंने कार्तिक को एक 'अंडररेटेड' स्टार बताते हुए कहा कि वो अपनी एक्टिंग में बहुत ही नैचुरल लगते हैं और उनके किरदारों के चुनाव में एक लक्ष्य नजर आता है। हालांकि उनकी अपकमिंग हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'नागजिला' बहुत ज्यादा प्रॉमिसिंग नहीं लग रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन