जब गोविंदा के घर में घुस आए 23 अनजान लोग, एक्टर को निकालनी पड़ी अपनी लाइसेंसी बंदूक!
Govinda: गोविंदा ने एक हालिया इंटरव्यू में वो घटना बताई है जब उनके घर में 23 अनजान लोग अचानक घुस आए थे। एक्टर ने बताया कि पुलिस ने उनका फोन नहीं उठाया था और मजबूरन उन्हें अपनी लाइसेंसी बंदूक हाथ में लेनी पड़ी। आगे क्या हुआ? जानिए पूरा किस्सा।

बॉलीवुड के लीजेंडरी सुपरस्टार गोविंदा ने एक हालिया इंटरव्यू में अपनी शादीशुदा जिंदगी से लेकर बेटे के करियर तक पर खुलकर बोला है। गोविंदा ने इसी इंटरव्यू में उस घटना के बारे में भी बताया है जब उनके घर में कई लोग घुस आए थे और उन्हें बचान के लिए अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालनी पड़ी थी।अपनी जिंदगी के इस सबसे डरावने वाकये का खुलासा करते हुए गोविंदा ने बताया कि एक वक्त ऐसा आया था जब उनके घर की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी और करीब 22-23 अनजान लोग उनके घर के अंदर और छत पर घुस आए थे। हालातों को देखते हुए एक्टर को अपनी बंदूक तक उठानी पड़ी थी।
मुंबई पुलिस ने नहीं उठाया था फोन
गोविंदा ने बताया कि वो रात बहुत डरावनी थी। उन्होंने देखा कि कुछ लोग उनके घर के पीछे की छत पर चढ़े हुए थे, तो कुछ दरवाजे पर जमा थे। गोविंदा ने तुरंत मुंबई पुलिस को फोन करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उनका फोन नहीं उठाया। एक्टर ने बताया, 'जब लोकल पुलिस से संपर्क नहीं हो पाया, तो मैंने विदेश के कुछ टॉप पुलिस ऑफिसर्स को लाइन पर लिया ताकि मेरी बात का रिकॉर्ड रहे और कोई मुझे गलत न ठहरा सके।' गोविंदा को हालांकि सीधे तौर पर यह नहीं पता चल पाया कि ये लोग कौन थे और हमला किसने करवाया था।
बंदूक निकाली तो बनाने लगे बहाना
गोविंदा ने बताया कि जब उन्होंने उन लोगों से पूछा कि वो कौन हैं, तो उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया। इसके बाद गोविंदा अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर बाहर निकले और उन पर तान दी। गोविंदा ने कहा कि वह एक 'लोकल ट्रेन' वाले इंसान हैं, जिन्होंने अपनी जिंदगी में बहुत धक्के खाए हैं, इसलिए वह डरने वालों में से नहीं हैं। सुपरस्टार गोविंदा ने बताया कि उनके हाथ में बंदूक देखकर वो लोग बैकफुट पर आए और बहाना बनाया कि वो बिजली ठीक करने आए हैं। लेकिन गोविंदा ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसी बंदूक की नोंक पर उन्हें घर से बाहर किया और तब जाकर राहत की सांस ली।
क्यों दुनिया से छिपाए रखी यह बात?
गोविंदा का मानना है कि यह सब उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने की साजिश थी। गोविंदा ने कहा कि जब आपकी जान पर बन आए, तो आप किसी को नहीं बख्शते। इस घटना के बाद से गोविंदा अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर और भी ज्यादा 'अलर्ट' रहने लगे। लेकिन आखिर क्यों गोविंदा ने इतने वक्त तक यह किस्सा दुनिया से छिपाए रखा? इस बारे में गोविंदा ने कहा- वह समाज के 'रिएक्टर' नहीं बनना चाहते, लेकिन अपनी सुरक्षा करना उनका हक है। गोविंदा ने एक बार फिर साफ कर दिया कि पर्दे पर दुनिया को हंसाने वाले हीरो नंबर वन रियल लाइफ में काफी रफ एंड टफ हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन