धुरंधर 2 में असली डॉक्टर ने भी की है एक्टिंग, अर्जुन रामपाल का इलाज करने आए तो आदित्य धर ने दिया काम
लुधियाना के डॉक्टर सनी ने सोचा भी नहीं होगा कि कभी फिल्म में काम करेंगे, वो भी धुरंधर जैसी मूवी में। अर्जुन रामपाल की चोट का इलाज करने पहुंचे तो उनको आदित्य धर ने फिल्म में एक्टिंग करवा ली।

धुरंधर 2 की सक्सेस कई छोटे एक्टर्स एंजॉय कर रहे हैं। इस मास एंटरटेनर में एक असली डॉक्टर ने भी काम किया है। लुधियाना के एक सरकारी डॉक्टर सेट पर अर्जुन रामपाल का इलाज करने गए थे। उन्होंने सोचा भी नहीं था कि इस चेकअप के बाद उनकी जिंदगी बदलने वाली है। आदित्य धर ने उन्हें फिल्म में एक छोटा सा रोल दिया और वह आसपास के लोगों से बधाइयां बटोर रहे हैं।
जब अर्जुन रामपाल का चेकअप करने पहुंचे डॉक्टर
डॉक्टर सनी अशोक लुधियाना के कलख गांव में पोस्टेड हैं। 8 जुलाई 2025 को उन्हें शूटिंग लोकेशन पर बुलाया गया था। शूट के दौरान अर्जुन रामपाल को रेलवे ट्रैक वाले सीन के दौरान चोट लगी थी। डॉक्टर सनी अशोक ने द ट्रिब्यून को बताया, 'घबराहट का माहौल था क्योंकि लग रहा था कि अर्जुन रामपाल को स्कैन और हॉस्पिटल में ऐडमिट होने की जरूरत पड़ेगी। हालांकि चोट सीरियस नहीं थी। मैंने रिफेक्स चेक किया। सब खुश हो गए कि सब ठीक था।'
फोटो नहीं फिल्म में काम मिलेगा
डॉक्टर सनी अशोक ने बताया कि उनको फिर से तीन दिन बाद बुलाया गया। तब शेड्यूल सहनेवाल एयरपोर्ट पर था। वहां कुछ ऐसा हुआ कि उनकी जिंदगी बदल गई। वह बताते हैं, 'मैंने रणवीर से एक फोटो मांगी, इस पर उन्होंने मेरे कंधे पर अपनी बांह डाली और बोले, 'भाई सिर्फ फोटो ही क्यों मांग रहे हो, हम आपको मूवी में ले लेंगे।' मुझे लगा था कि वह मजाक कर रहे हैं।'

आदित्य धर ने दिया फिल्म में रोल
इसके बाद आदित्य धर ने बताया कि एक सीन में घायल रणवीर सिंह को डॉक्टर की जरूरत थी। डॉक्टर सनी को वहीं रोल दे दिया गया। वह बताते है, 'फिल्म में यही मेरा सीन था, हालांकि कुछ सेकंड्स के लिए ही था।'
नैचुरल एक्टिंग के लिए मिली तारीफ
डॉक्टर सनी ने बताया कि सीन एक ही टेक में हो गया। वह बोले, 'आदित्य धर ने मुझे नैचुरल एक्टिंग करने के लिए बधाई दी, कहा कि मैंने कैमरे में नहीं देखा और वैसे ही बिहेव किया जैसे किसी घायल सैनिक को प्लेन से उतारते वक्त कोई डॉक्टर करता है।'
परिचितों ने किए वीडियो वायरल
धुरंधर द रिवेंज में छोटे से रोल ने डॉक्टर सनी अशोक को उनके परिचितों के बीच सिलेब्रिटी बना दिया। उनके साथी और कस्बे के लोग उन्हें पहचान गए और वीडियो वायरल हो गया। उन्होंने बताया कि लोग उनका अनुभव पूछ रहे हैं।
एक्टर्स के साथ कैसा रहा अनुभव
सनी बताते हैं, 'स्टार्स वैसे नहीं होते जैसे दूर से दिखते हैं। सारे क्रू मेंबर्स खासकर रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल बहुत डाउन टु अर्थ और फ्रेंडली थे।'
धुरंधर 2 कास्ट
धुरंधर 2 में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त, राकेश बेदी जैसे एक्टर्स लीड रोल में हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन