धुरंधर 2 में अर्जुन रामपाल को गालियां देने से पहले आदित्य धर से क्या बोले थे सुरेंद्र विकी? बताया
धुरंधर द रिवेंज में अर्जुन रामपाल के पिता का रोल करने वाले सुरेंद्र विकी ने अपने डायलॉग्स देखकर आदित्य धर से पूछा कि ये सब जरूरी है? उन्होंने उन तोतों के बारे में भी बात की जो उनके सीन में दिखाए गए हैं।

धुरंधर 2 में एक किरदार ने खूब तालियां बटोरीं वह थे फिल्म में मेजर इकबाल के पिता ब्रिगेडियर जहांगीर। यह रोल सुरेंद्र विकी ने निभाया है और वह मूवी में अपने बेटे को खूब गालियां देते हैं। अब उन्होंने एक पॉडकास्ट में बताया कि गालियां देने में उन्हें थोड़ी झिझक थी। हालांकि आदित्य धर ने इसका पूरा ध्यान रखा कि ऐसी गाली ना हो कि सेंसरबोर्ड की कैंची चले।
विलन का बाप सुपरविलन
सुरेंद्र विकी मिर्ची से बातचीत कर रहे थे। अपने रोल और गाली-गलौज के बारे में बताया कि उन्हें जिंदगी में पहले कभी ऐसे गालियां नहीं दी हैं। उन्हें शूटिंग से पहले झिझक भी हो रही थी। वह बताते हैं, 'विलन के पिता को सुपरविलन होना चाहिए। मैंने आदित्य से पूछा था, 'देख ले सच्ची में जरूरी है? इतना ये भी वो भी?''
गालियों में नहीं आया बीप
सुरेंद्र ने बताया कि इस पर आदित्य धर ने क्या जवाब दिया था, आदित्य बोले, 'पा जी गालियां ही वो रखी हैं जिनमें बीप ना आए। आप नोट करना ये चीज कहीं किसी गाली पर बीप नहीं है।' सुरेंद्र बोले कि आदित्य धर से कहा कि उनकी रिसर्च कमाल की है। इस पर आदित्य बोले, 'सर इतना करियर हो गया है, सेंसर से निकलते हैं सब तो पता लग जाता है कि कहां आना चाहिए कहां नहीं।'
फरवरी में शूट हुए सीन
सुरेंद्र ने यह भी बताया कि उनको ये रोल पहले पार्ट के बाद मिला है। बोले, 'मुकेश छाबड़ा का फोन आया था। पहले उन्होंने कुछ नहीं बताया, फिल्म का नाम भी नहीं बताया। बस इतना कहा कि कुछ बड़ा करवाना है। मुझे लगा कि जरूर कुछ बड़ेगा। उन्होंने 2 दिन मांगे और बताया कि दो ही सीन्स हैं। फरवरी में ये शूट हुआ है।' बता दें कि फिल्म 19 मार्च को रिलीज हो गई। सुरेंद्र के सीन 1 ही दिन में शूट कर लिए गए थे।
तोते से दिखाई बाप-बेटे की लड़ाई
सुरेंद्र ने रेड एफएम पंजाब से बातचीत में उन तोतों की ‘पीक डिटेलिंग’ का जिक्र भी किया जो फिल्म में दिखाए गए हैं। फिल्म में जब अर्जुन रामपाल और सुरेंद्र विकी का सीन आता था तो दो तोते दिखाए जाते थे। एक तोते का रंग लाल था और एक का पीला। जब अर्जुन और सुरेंद्र के बीच तू-तू-मैं-मैं होती तो वो तोते भी लड़ते दिखाए जाते थे। पीला तोता सुरेंद्र का सिंबल था। सुरेंद्र ने बताया कि तोते बहुत ट्रेंड थे। उनके साथ एक ट्रेनर था। वो आंखों से इशारा करता तो वे पास आकर लड़ने लगते और इशारे पर ही दूर हो जाते। सुरेंद्र ने बताया कि उसमें पीले तोते से उन्हें दर्शाया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन