विजय थलापति का मुख्यमंत्री की कुर्सी पर पहली बार बैठकर कैसा लगा? अर्जुन सरजा ने किया रिवील
Vijay Thalapathy: अभिनेता अर्जुन सरजा ने विजय थलापति से तब मुलाकात की जब वे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए। अर्जुन ने प्रेस को बताया कि उनकी और विजय की क्या बातचीत हुई।

एक्टर अर्जुन सरजा अपनी अपकमिंग तमिल-तेलुगू फिल्म 'ब्लास्ट जोन' के प्रमोशन के लिए हैदराबाद में थे। प्रेस से बात करते वक्त उन्होंने अपने को-एक्टर और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि विजय थलापति ने ‘मुधलवन’ पर बने सारे मीम्स देखे हैं। बता दें, अर्जुन और विजय थलापति ‘लियो’ में साथ काम कर चुके हैं।
क्या है ‘मुधलवन’?
दरअसल, 'मुधलवन' एक फिल्म है। इस फिल्म में सिर्फ एक दिन के लिए एक पत्रकार मुख्यमंत्री बनता है। अर्जुन से पहले डायरेक्टर शंकर ने इस फिल्म की स्क्रिप्ट विजय थलापति को सुनाई थी। उस समय विजय थलापति सिर्फ 20 साल के थे और उन्होंने ये ऑफर ठुकरा दिया था। जब विजय थलापति तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने तो इस बात पर कई मीम्स बने कि ‘मुधलवन’ में रोल न मिलने के बावजूद वह असल जिंदगी के मुधलवन बन गए हैं।
अर्जुन और विजय थलापति की बातचीत
अर्जुन ने कहा, 'मैं हाल ही में विजय थलापति से मिला था, जब वह मुख्यमंत्री बने। उन्होंने मुझे बताया कि उन्होंने मीम्स देखे हैं। जब उन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री की कुर्सी देखी, तो उन्होंने कहा कि उन्हें मेरी फिल्म 'ओके ओक्काडू'/'मुधलवन' याद आ गई। और मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि फिल्म इंडस्ट्री का कोई व्यक्ति, एक एक्टर, जिसके साथ हमने काम किया है, आज मुख्यमंत्री है। पहली बार चुनाव लड़कर ही मुख्यमंत्री बन जाना बहुत बड़ी बात होती है।'
‘लियो’ में क्या था अर्जुन का रोल?
अर्जुन और विजय ने लोकेश कनगराज की फिल्म 'लियो' में भाइयों का रोल निभाया था। पिछले हफ्ते विजय से मिलने के बाद, अर्जुन ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट की थीं और कैप्शन में लिखा था, ‘हमारे सबसे प्यारे मुधलवन, सी. जोसेफ विजय जी के साथ। मैं उनके लिए ताकत, अच्छी सेहत और सही मार्गदर्शन की कामना करता हूं। ताकि वह पूरी गरिमा के साथ अपनी बड़ी जिम्मेदारी निभाते रहें।’
राजनीति में आने की योजनाओं से इनकार किया
अर्जुन से पूछा गया कि क्या उनकी राजनीति में आने की कोई योजना है। उन्होंने मजाक में कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि आप चाहते हैं कि मैं खुश रहूं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘ऐसा कुछ करने के लिए आपके अंदर कुछ खास होना चाहिए। मेरे अंदर वह बात नहीं है। अगर आप सिर्फ अच्छा काम करना चाहते हैं, तो आप दूसरे तरीकों से भी कर सकते हैं। राजनीति अब बिल्कुल ही अलग खेल बन गया है। इसके लिए पैसे चाहिए और मेरे पास उतने पैसे नहीं हैं।’
‘मेरे पास विजय जैसी शोहरत नहीं’
जब यह बताया गया कि विजय ने बिना पैसे खर्च किए ही तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पद हासिल कर लिया था, तो उन्होंने इस बात से सहमति जताई और बेझिझक कहा, ‘लेकिन अब मेरे पास वैसी शोहरत नहीं रही, जैसी उनके पास है।’
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन