पवन कल्याण ने माना, विजय थलापति की राजनीतिक जीत देख उन्हें होती है थोड़ी जलन
Pawan Kalyan Vijay Thalapathy: अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने तमिलनाडु की राजनीति में विजय की ऐतिहासिक जीत पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें थोड़ी जलन तो होती है।

पवन कल्याण ने विजय थलापति और उनकी पार्टी के बारे में बात की। दरअसल, जब से तमिल सुपरस्टार विजय थलापति चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने हैं, तब से सोशल मीडिया पर उनकी तुलना तेलुगू स्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से हो रही है। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान पवन कल्याण ने इस तुलना और विजय की राजनीतिक सफलता पर अपनी बात रखी।
पवन कल्याण का बयान, ‘मुझे जलन हुई’
कार्यक्रम में पवन कल्याण ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मैं आजकल तमिल राजनीति को देखता हूं कि उन्होंने यह सब कितनी आसानी से कर लिया। मुझे थोड़ी जलन हुई। उन्होंने कटआउट और होलोग्राम का इस्तेमाल करके खुशी-खुशी जीत हासिल कर ली। जबकि मैं 15 साल तक सड़कों पर घूमता रहा (हंसते हुए)... खैर, मैं मजाक कर रहा हूं।’
‘लोगों की उम्मीदों को समझना होता है’
उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन हमें इसे मानवीय दृष्टिकोण से समझने की जरूरत है। राजनीति में कुछ भी कहने के लिए आपके पास अच्छी नॉलेज होनी जरूरी है। मैंने 15 साल तक इतनी कड़ी मेहनत क्यों की? क्योंकि एक राजनीतिक पार्टी चलाने के लिए आपको लाखों लोगों की उम्मीदों और उनकी जमीनी समस्याओं को समझना होता है।’
चिरंजीवी और विजय थलापति की बातचीत
इसी बीच, मेगास्टार चिरंजीवी की टीम ने बताया कि गुरुवार को चिरंजीवी और विजय के बीच फोन पर बातचीत हुई। चिरंजीवी ने विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पदभार संभालने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजय अपने जन-केंद्रित शासन के माध्यम से तमिलनाडु के लोगों के दिलों में जगह बनाएंगे और उन्हें आम जनता का वैसा ही प्यार मिलेगा, जैसा दिवंगत दिग्गज नेता एम.जी. रामचंद्रन को मिला था।
विजय ने क्या कहा?
विजय ने बधाई के लिए चिरंजीवी का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने चिरंजीवी की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'माना शंकरा वर प्रसाद गारू' की तारीफ की और अपनी फिल्म 'जना नायकन' के लीक विवाद के दौरान उनका साथ देने के लिए धन्यवाद दिया।
TVK पार्टी की ऐतिहासिक जीत
विजय ने अपनी पार्टी 'तमिलगा वेट्री कझगम' (TVK) की स्थापना चुनावों से ठीक दो साल पहले की थी। TVK ने तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर करते हुए राज्य की दो सबसे बड़ी पार्टियों द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) को शिकस्त देकर सत्ता हासिल की है।
विजय थलापति की आखिरी फिल्म
राजनीति में आने से पहले विजय थलापति ने एक्टिंग से संन्यास ले लिया था। बतौर अभिनेता उनकी आखिरी फिल्म 'जना नायकन' इसी साल जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड (CBFC) से सर्टिफिकेट न मिलने के कारण फिलहाल इसकी रिलीज रुकी हुई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन