Will Bangladesh play in the T20 World Cup 2026 as ICC deadline is approaching know what has happened so far मोहलत खत्म होने को है, क्या टी20 विश्व कप में खेलेगा बांग्लादेश? जानिए अब तक क्या हुआ, Cricket Hindi News - Hindustan

मोहलत खत्म होने को है, क्या टी20 विश्व कप में खेलेगा बांग्लादेश? जानिए अब तक क्या हुआ

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के लिए फैसले की घड़ी है। उसकी टीम टी20 विश्व कप में खेल पाएगी या नहीं, गुरुवार को ये पूरी तरह साफ होने वाला है। आईसीसी ने भारत में मैचों को लेकर बांग्लादेश की 'सुरक्षा चिंताओं' को आधारहीन बता जो 24 घंटे की मोहलत दी है, वो खत्म होने को है।

Thu, 22 Jan 2026 12:57 PMChandra Prakash Pandey नई दिल्ली
share
मोहलत खत्म होने को है, क्या टी20 विश्व कप में खेलेगा बांग्लादेश? जानिए अब तक क्या हुआ

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के लिए फैसले की घड़ी है। उसकी टीम टी20 विश्व कप में खेल पाएगी या नहीं, गुरुवार को ये पूरी तरह साफ होने वाला है। आईसीसी ने भारत में मैचों को लेकर बांग्लादेश की 'सुरक्षा चिंताओं' को आधारहीन बता जो 24 घंटे की मोहलत दी है, वो खत्म होने को है। बीसीबी को बताना है कि उसकी टीम भारत में खेलने के लिए तैयार है या नहीं। विश्व कप में अगर खेलना है तो भारत में खेलना ही होगा, अब दूसरा कोई चारा बचा ही नहीं है। बांग्लादेश अगर भारत नहीं आने का फैसला लेता है तो स्कॉटलैंड की टीम विश्व कप में उसे रीप्लेस करने के लिए तैयार है।

आईसीसी की डेडलाइन की उल्टी गिनती चल रही है और उधर बीसीबी अब तक कोई फैसला नहीं ले सका है। बीसीबी और सरकार के अधिकारियों ने खिलाड़ियों से संपर्क करने का फैसला किया है। खिलाड़ी तो चाहते ही हैं विश्व कप खेलना। बीसीबी भी यही चाहता होगा लेकिन बांग्लादेश की सरकार अगर अपने रुख से पीछे नहीं हटी तो बांग्लादेशी खिलाड़ियों को विश्व कप खेलने से महरूम होना पड़ेगा। खिलाड़ियों से विचार-विमर्श के बाद बांग्लादेश अपने फैसले के बारे में आईसीसी को औपचारिक तौर पर जानकारी दे सकता है।

अब तक क्या हुआ?

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के टी20 विश्व कप के अपने मैचों को श्रीलंका में स्थानांतरित करने के अनुरोध को खारिज कर दिया। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि मैच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे क्योंकि भारत में टूर्नामेंट के किसी भी स्थल पर बांग्लादेश के खिलाड़ियों, अधिकारियों या प्रशंसकों की सुरक्षा को कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भारत नहीं आया तो वर्ल्ड कप से बाहर होगा बांग्लादेश, ICC ने दे दी फाइनल वॉर्निंग

यह निर्णय आईसीसी बोर्ड की वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आयोजित की गई बैठक में लिया गया, जो बीसीबी द्वारा भारत में खेलने को लेकर चिंता जताने और आयोजन स्थलों में बदलाव की मांग के बाद स्थिति पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी।

आईसीसी का बयान

आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘आईसीसी बोर्ड ने गौर किया कि मौजूदा परिस्थितियों में मैचों को स्थानांतरित करने से आईसीसी प्रतियोगिताओं की पवित्रता खतरे में पड़ सकती है और एक वैश्विक शासी निकाय के रूप में संगठन की निष्पक्षता कमजोर हो सकती है।’

एआई से तैयार इन्फोग्राफ

आईसीसी के अनुसार, बोर्ड ने स्वतंत्र मूल्यांकनों सहित कई सुरक्षा आकलन की समीक्षा की, जिनमें से सभी ने निष्कर्ष निकाला कि भारत में टूर्नामेंट के किसी भी स्थल पर बांग्लादेश के खिलाड़ियों, अधिकारियों, मीडियाकर्मियों या प्रशंसकों की सुरक्षा के लिए कोई खतरा नहीं था।

बोर्ड के 16 सदस्यों में से 14 के BCB के अनुरोध के खिलाफ वोट

आईसीसी सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि 16 सदस्यों में से 14 ने बीसीबी के मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध के खिलाफ मतदान किया। आईसीसी ने बीसीबी को विचार करने और अंतिम निर्णय लेने के लिए एक और दिन का समय दिया है।

आईसीसी के एक सूत्र ने बताया, ‘सभी सदस्यों में से केवल बांग्लादेश बोर्ड (बीसीसी) और पाकिस्तान ने मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध के पक्ष में मतदान किया, जबकि अन्य सभी सदस्यों ने इसके विरोध में मतदान किया। बांग्लादेश को विश्व कप में अपनी भागीदारी की पुष्टि करने के लिए 21 जनवरी तक का समय दिया गया था, लेकिन आईसीसी बोर्ड ने उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए एक और दिन का समय दिया है।’

आईसीसी की दो टूक- इतने कम समय में शेड्यूल बदलना मुमकिन नहीं

आईसीसी ने कहा कि अब इतने कम समय में कार्यक्रम में बदलाव करना संभव नहीं है और सुरक्षा जोखिम की पुष्टि न होने पर मैचों में बदलाव करना भविष्य के वैश्विक आयोजनों के लिए एक अवांछनीय मिसाल कायम कर सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बांग्लादेश के खिलाड़ियों से मिलेंगे खेल सलाहकार, T20 WC पर लेना है अंतिम फैसला

क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने कहा कि उसके प्रबंधन ने पिछले कुछ सप्ताह में बीसीबी के साथ कई बैठकें और पत्राचार किए हैं, जिसमें टूर्नामेंट की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की गई है।

इनमें आयोजन स्थल से जुड़ी विशिष्ट योजनाएं और संघीय और राज्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों को शामिल करते हुए स्तरीय सुरक्षा का आश्वासन शामिल था।

बीसीबी को अब भी ‘चमत्कार’ की उम्मीद

इस बीच, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने कहा कि उन्हें आईसीसी से किसी ‘चमत्कार’ की उम्मीद है।

‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ की एक रिपोर्ट में इस्लाम के हवाले से कहा गया, ‘मुझे आईसीसी से किसी चमत्कार की उम्मीद है। विश्व कप में कौन नहीं खेलना चाहता? बांग्लादेश के खिलाड़ी विश्व कप खेलना चाहते हैं। बांग्लादेश सरकार चाहती है कि बांग्लादेश विश्व कप खेले।’

उन्होंने कहा, ‘लेकिन हमें नहीं लगता कि भारत हमारे खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित है। कोई भी सरकार निर्णय लेते समय केवल खिलाड़ियों को ही नहीं, बल्कि सभी चीजों को ध्यान में रखती है। मैं इस मामले पर बांग्लादेश सरकार से एक बार फिर बात करूंगा।’

आईसीसी ने दिया था बांग्लादेश को भरपूर मौका

आईसीसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि संगठन ने टूर्नामेंट में बांग्लादेश की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बीसीबी के साथ ‘निरंतर और रचनात्मक संवाद’ किया है।

प्रवक्ता ने कहा, ‘स्वतंत्र सुरक्षा आकलन, व्यापक आयोजन स्थल-स्तरीय सुरक्षा योजनाएं और मेजबान अधिकारियों से प्राप्त औपचारिक आश्वासन लगातार इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि भारत में बांग्लादेश टीम की सुरक्षा को कोई विश्वसनीय या सत्यापित खतरा नहीं है।’

आईसीसी ने हालांकि चिंता व्यक्त की कि बीसीबी अपनी भागीदारी को ‘एक अलग और असंबंधित घटनाक्रम' से जोड़ना जारी रखे हुए है, जिसमें उसके एक खिलाड़ी की घरेलू लीग में भागीदारी शामिल है। आईसीसी के अनुसार यह एक ऐसा मामला है जिसका टूर्नामेंट के सुरक्षा ढांचे से कोई लेना देना नहीं है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बांग्लादेश को भारत में कोई खतरा नहीं, ICC ने कहा- भारत में ही खेलने होंगे मैच

बोर्ड ने दोहराया कि आयोजन स्थल और समय-निर्धारण संबंधी फैसले वस्तुनिष्ठ खतरे के आकलन, मेजबान की गारंटी और भागीदारी शर्तों द्वारा निर्देशित होते हैं जो प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 20 टीमों पर समान रूप से लागू होते हैं।

ICC ने मुस्तफिजुर रहमान मुद्दे को अलग और असंगत घटनाक्रम बताया

प्रवक्ता ने कहा, ‘सुरक्षा को किसी तरह का गंभीर खतरा नहीं होने के कारण आईसीसी मैचों को स्थानांतरित करने में असमर्थ है। ऐसा करने से दुनिया भर की अन्य टीमों और प्रशंसकों के लिए गंभीर समस्याएं और दूरगामी मिसाल कायम करने वाली चुनौतियां पैदा होंगी। इससे आईसीसी के संचालन की निष्पक्षता, तटस्थता और अखंडता को खतरा पैदा होगा।’

बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने मंगलवार को दोहराया था कि किसी भी परिस्थिति में राष्ट्रीय टीम भारत की यात्रा नहीं करेगी।

इसकी प्रबल संभावना है कि यदि बांग्लादेश टूर्नामेंट से हटने का फैसला करता है तो मौजूदा रैंकिंग के अनुसार स्कॉटलैंड उसकी जगह ले सकता है।

मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से रिलीज किए जाने से शुरू हुआ मुद्दा

यह संकट बीसीसीआई के निर्देश पर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इस वर्ष के इंडियन प्रीमियर लीग के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से हटाए जाने के बाद पैदा हुआ। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इसके बाद घोषणा की थी कि उनकी टीम विश्व कप के ग्रुप चरण के कोलकाता और मुंबई में होने वाले मैचों के लिए भारत का दौरा नहीं करेगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बड़ा पछताओगे! T-20 वर्ल्ड कप पर बांग्लादेश को मिला आखिरी मौका

बांग्लादेश अपने मैच श्रीलंका में स्थानांतरित करना चाहता था। उसे विश्व कप में वेस्टइंडीज, इटली, इंग्लैंड और नेपाल के साथ ग्रुप सी में रखा गया है।

ढाका में आईसीसी अधिकारियों के साथ अपनी पिछली बैठक में बीसीबी ने उसकी टीम को आयरलैंड के स्थान पर ग्रुप बी में रखने का प्रस्ताव रखा था, जिसमें टूर्नामेंट के सह-मेजबान श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, ओमान और जिम्बाब्वे शामिल हैं।

बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल और मौजूदा टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने इस विवादास्पद विषय पर कठोर रुख अपनाने के खिलाफ चेतावनी दी है। तमीम इकबाल ने कहा कि आज लिए गए फैसलों के गंभीर परिणाम अगले 10 साल में देखने को मिलेंगे।

(भाषा से इनपुट के साथ)

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।