सबसे ज्यादा किस देश ने जीती हैं ICC ट्रॉफी? भारत से 2 कदम आगे ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान फिसड्डी
टीम इंडिया ने 8वीं बार किसी आईसीसी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक किस टीम ने आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं, आइए आज हम आपको बताते है।

रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए तीसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। टीम इंडिया ने 8वीं बार किसी आईसीसी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक किस टीम ने आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं, आइए आज हम आपको बताते है।
ऑस्ट्रेलिया के पास 10 आईसीसी ट्रॉफी
तीन बार टी-20 विश्व कप जीतने के बाद भी सबसे ज्यादा आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली टीम भारतीय टीम नहीं है। इस खास रिकॉर्ड में ऑस्ट्रेलिया का नाम दर्ज है और ऑस्ट्रेलिया की टीम अब भी विश्व क्रिकेट में दबदबा बनाए हुए है। ऑस्ट्रेलिया सबसे अधिक आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली टीम है। उनके जीत के सिलसिले की शुरुआत 1987 से हुई थी, जब उन्होंने पहली बार ओडीआई विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 1999, 2003 , 2007, 2015 और 2023 के वनडे वर्ल्ड कप जीते। उनके नाम 6 वनडे वर्ल्ड कप के खिताब हैं। इसके अलावा वनडे फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के पास दो चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब भी हैं। टीम ने 2006 और 2009 में रिकी पोंटिंग की कप्तानी में ये खिताब अपने नाम किए थे। ऑस्ट्रेलिया टीम ने 2021 का टी-20 वर्ल्ड कप और 2023 का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप भी अपने नाम किया है। इस तरह ऑस्ट्रेलिया के पास 6 वनडे वर्ल्ड कप, एक टी-20 वर्ल्ड कप, 2 चैंपियंस ट्रॉफी और 1 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब यानी कुल 10 आईसीसी ट्रॉफियां हैं और वे नंबर वन पर हैं।
भारत ने जीती हैं आठ आईसीसी ट्रॉफी
सबसे ज्यादा आईसीसी ट्रॉफी जीतने के मामले में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे नंबर पर है। भारत ने अब तक आठ आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। भारत ने पहली बार कपिलदेव की कप्तानी में 1983 का वनडे वर्ल्ड कप जीता था। इसके बाद धोनी ने साल 2011 में भारत को चैंपियन बनाया। भारत ने दो वनडे वर्ल्ड कप के अलावा तीन चैंपियंस ट्ऱॉफी के खिताब भी जीते। 2002 में भारत को सौरव गांगुली की कप्तानी में श्रींलका के साथ संयुक्त विजेता घोषित किया गया। बारिश के कारण फाइनल मुकाबला नहीं हो सका था। धोनी की कप्तानी में भारत ने 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती फिर रोहित शर्मा ने 2025 में यह खिताब दिलाया। भारत ने 2007 में महेंद्र सिंह धोनी, 2024 में रोहित शर्मा और 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। इस तरह भारत के पास 2 वनडे वर्ल्ड कप, 3 चैंपियंस ट्रॉफी और 3 टी-20 वर्ल्ड कप यानी कुल मिलाकर 8 आईसीसी ट्रॉफी हैं।
वेस्टइंडीज के पास 5 और पाकिस्तान-इंग्लैंड के पास 3
वेस्टइंडीज सबसे अधिक आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली टीमों में तीसरे स्थान पर है। कैरिबियाई टीम ने अब तक 5 आईसीसी खिताब जीते हैं। 1975 और 1979 में उन्होंने बैक टू बैक वनडे वर्ल्ड कप जीते थे उसके बाद 2004 में ब्रायल लारा की कप्तानी में चैंपिंयस ट्रॉफी का खिताब जीता था। डैरन शमी ने 2012 और 2016 में वेस्टइंडीज की टीम को जीत दिलाई। पाकिस्तान की टीम के पास अब तक तीन आईसीसी खिताब हैं। 1992 वनडे वर्ल्ड कप, 2009 टी-20 वर्ल्ड कप और 2017 चैंपियंस ट्रॉफी। इंग्लैंड के पास भी 3 आईसीसी ट्रॉ़फी हैं। इंग्लैंड ने 2019 का वनडे वर्ल्ड कप और 2009 और 2002 के टी-20 वर्ल्ड कप जीते हैं। दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के पास 1-1 WTC का खिताब है।





साइन इन