We were very close in 2023 goal is to win the World Cup in 2027 captain Shubman Gill made a big statement 2023 में हम बेहद करीब थे, 2027 में विश्व कप जीतना लक्ष्य, कप्तान शुभमन गिल ने दिया बड़ा बयान, Cricket Hindi News - Hindustan

2023 में हम बेहद करीब थे, 2027 में विश्व कप जीतना लक्ष्य, कप्तान शुभमन गिल ने दिया बड़ा बयान

भारत के एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय कप्तान शुभमन गिल ने रविवार को कहा कि 2027 एकदिवसीय विश्व कप जीतना उनकी टीम का सबसे बड़ा लक्ष्य है, विशेषकर तब जब 50 ओवर के इस टूर्नामेंट के पिछले सत्र में वे ट्रॉफी जीतने के बेहद करीब पहुंच गए थे।

Sun, 15 March 2026 10:55 PMBhasha
share
2023 में हम बेहद करीब थे, 2027 में विश्व कप जीतना लक्ष्य, कप्तान शुभमन गिल ने दिया बड़ा बयान

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) भारत के एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय कप्तान शुभमन गिल ने रविवार को कहा कि 2027 एकदिवसीय विश्व कप जीतना उनकी टीम का सबसे बड़ा लक्ष्य है, विशेषकर तब जब 50 ओवर के इस टूर्नामेंट के पिछले सत्र में वे ट्रॉफी जीतने के बेहद करीब पहुंच गए थे।

लगातार 10 मैच जीतने के शानदार रिकॉर्ड के बावजूद भारत को 2023 एकदिवसीय विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इस समय IPL के इतिहास की सबसे सफल टीम है, किस टीम के प्रदर्शन के कायल हुए चोपड़ा?

2027 विश्व कप जीतना है सबसे बड़ा लक्ष्य

बीसीसीआई नमन पुरस्कार के दौरान 'स्टार स्पोर्ट्स' पर जब गिल से पूछा गया कि क्या वे अगले एकदिवसीय विश्व कप के बारे में सोचते हैं, तो उन्होंने कहा, ''बिल्कुल, मैं सोचता हूं। यही हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य है।''

उन्होंने कहा, ''हमें लगा था कि पिछली बार जब हम भारत में (फाइनल में) थे तो हम जीत के बेहद करीब पहुंच गए थे। अब दक्षिण अफ्रीका में हमें इसे जीतने का एक और मौका मिल रहा है जो हमारे लिए एक शानदार अवसर होगा।''

गिल ने कहा, ''देश के लिए किसी भी प्रारूप में विश्व कप जीतना ही सबसे बड़ा लक्ष्य होता है इसलिए बेशक यह बात कभी-कभी मेरे मन में आती रहती है।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दो 0 के बाद सूर्या भाई और HP भाई ने सोशल मीडिया डिलीट करा दिया था: अभिषेक शर्मा

2023 विश्व कप फाइनल दोबारा खेलने की चाहत: सूर्यकुमार

वहीं सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अगर कोई ऐसा मैच है जिसे वे दोबारा खेलना और जीतना चाहेंगे तो वह 2023 एकदिवसीय विश्व कप का फाइनल मैच है।

उन्होंने कहा, ''अहमदाबाद में हुआ 2023 विश्व कप का फाइनल मैच। मैं उसे दोबारा खेलना और जीतना चाहूंगा।''

टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार ने कहा कि भारत की 2024 टी20 विश्व कप जीत ने एक चिंगारी का काम किया, जिसकी वजह से हाल के वर्षों में अलग-अलग लिंग और उम्र की भारतीय टीम ने आईसीसी के कई खिताब जीते हैं।

उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि हमें बस एक चिंगारी या एक कदम की जरूरत थी, जिसे हमने 2024 में पार कर लिया। उसके बाद 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी, फिर 2025 में ही महिला टीम का एकदिवसीय विश्व कप जीतना और फिर 2026 में जीत हासिल करना।''

सूर्यकुमार ने कहा, ''वह एक कदम उठाना बहुत जरूरी था। आईसीसी ट्रॉफी जीतने के लिए क्या करना पड़ता है, यह समझने के लिए उस जीत का अनुभव करना बहुत जरूरी था। अब पीछे मुड़कर देखने की कोई जरूरत नहीं है। जब यह शानदार सिलसिला शुरू हो ही गया है तो आइए हम अधिक से अधिक (ट्रॉफियां) जीतने की कोशिश करें।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कौन हैं श्वेता पुंडीर, जिनसे यश दयाल ने रचाई शादी, वायरल हो रही हैं तस्वीरें

ओलंपिक में गोल्ड सूर्या का अगला लक्ष्य

सूर्यकुमार ने कहा कि भारत 2028 के लॉस एंजिलिस खेलों में ओलंपिक स्वर्ण के साथ-साथ टी20 विश्व कप जीतने की हैट्रिक बनाने की कोशिश करेगा।

उन्होंने कहा, ''यह बहुत अच्छी बात है कि एक बड़ी प्रतियोगिता हो रही है और क्रिकेट को उसमें प्रवेश मिला है। उस साल दो प्रतियोगिताएं हैं- उस समय टी20 विश्व कप भी है, (और) ओलंपिक भी। अगर आपने लगातार दो बार ऐसा किया हैतो टी20 में लगातार तीन बार और निश्चित रूप से ओलंपिक स्वर्ण पदक क्यों नहीं?''

सूर्यकुमार ने खिलाड़ियों का साथ देने की आदत डालने का श्रेय पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और मौजूदा कोच गौतम गंभीर, दोनों को दिया।

हरमनप्रीत कौर ने इसे बताया मास्टरस्ट्रोक

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि जेमिमा रोड्रिग्स को ब्रेक देना एक मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ क्योंकि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में अपने जीवन की सबसे बेहतरीन पारी खेली।

हरमनप्रीत ने कहा, ''अमोल (मजूमदार) सर और मेरी इस बारे में बहुत अच्छी बातचीत हुई कि कभी-कभी एक छोटा सा ब्रेक आपको बहुत अधिक आत्मविश्वास दे सकता है। मुझे थोड़ा सा शक था कि हमें उसे आराम देना चाहिए या नहीं, लेकिन सर का नजरिया एकदम साफ था।''

उन्होंने कहा, ''उस छोटे से ब्रेक ने उसे बहुत अधिक आत्मविश्वास दिया क्योंकि कभी-कभी एक बल्लेबाज के तौर पर हम जरूरत से अधिक सोचने लगते हैं। उस ब्रेक ने उसे यह सोचने का समय दिया कि उसे क्या करने की जरूरत है।''

भाषा सुधीर नमिता

नमिता

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।