4 सालों से वह IPL इतिहास की सबसे सफल टीम है, किस टीम के प्रदर्शन के कायल हुए आकाश चोपड़ा? गिनाई खूबियां और खामियां
आकाश चोपड़ा ने गुजरात टाइटंस की टीम का विश्लेषण करते हुए बीते चार सालों में इसे सबसे सफल टीम करार दिया है। उन्होंने इसके टॉप-3 बल्लेबाजों को असली ताकत माना है, जबकि डेथ ओवर की गेंदबाजी को सबसे बड़ी कमजोरी।

गुजरात टाइटंस पिछले चार वर्षों में आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम बनकर उभरी है। ऐसा कहना है पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंट्रेटर आकाश चोपड़ा का। शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस की आकाश चोपड़ा ने जमकर सराहना की है और अपने यूट्यूब चैनल के खास प्रोग्राम आकाशवाणी में इसकी खूबियों और खामियों को उजागर किया है।
बीते चार सालों में सबसे सफल टीम
गुजरात टाइटंस की टीम को आईपीएल में एंट्री लिए चार साल ही हुए हैं और बीते चार सालों में इसने खूब तरक्की की है। पिछले चार सीजन में टीम तीन बार प्लेऑफ में पहुंची है, दो बार फाइनल खेला है और एक बार खिताब भी अपने नाम किया है। इस टीम के पास दो ऑरेंज और दो पर्पल कैप भी है। यही कारण है कि इस टीम को आकाश चोपड़ा ने आईपीएल के इतिहास की पिछले चार साल की सबसे सफल टीम करार दिया है। उन्होंने अपने विशेष कार्यक्रम में टीम की निरंतरता की सराहना करते हुए कहा, "अगर आप चार साल के सैंपल साइज को देखेंगे, तो वे इस समय आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीम हैं।" शुभमन गिल की कप्तानी और हेड कोच आशीष नेहरा के मार्गदर्शन में यह टीम एक बार फिर अपना वर्चस्व कायम करने उतरेगी, हालांकि चोपड़ा का मानना है कि पिछले वर्षों के सफल फॉर्मूले को दोबारा दोहराना कभी आसान नहीं होता।
टॉप-3 हैं गुजरात की असली ताकत
चोपड़ा के अनुसार, टीम की सबसे बड़ी ताकत इसकी स्थिरता और बेहद मजबूत शीर्ष क्रम यानी टॉप-3 है। उन्होंने कहा कि कोच आशीष नेहरा हमेशा यह सुनिश्चित करते हैं कि स्क्वॉड में ज्यादा उथल-पुथल न हो और वह स्थिर रहे। शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर की तिकड़ी बल्लेबाजी को ठोस आधार प्रदान करती है। गेंदबाजी में भी टीम के पास प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, कगीसो रबाडा और ईशांत शर्मा जैसे अनुभवी विकल्प मौजूद हैं। टीम की गेंदबाजी रणनीति पर टिप्पणी करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा, "यह मिडिल ओवर्स की जंग बहुत अच्छे से जीत सकते हैं, जहां एक तरफ से राशिद खान, फिर साई किशोर, वाशी और प्रसिद्ध कृष्णा मिलकर सामने वाली टीम को दबाव में डाल सकते हैं।"
ये चीजें कर रही हैं चिंतित
मजबूत पक्षों के बावजूद, टीम के सामने कुछ गंभीर चुनौतियां और कमजोरियां भी हैं, जिनमें सबसे प्रमुख डेथ बॉलिंग है। चोपड़ा का मानना है कि कगीसो रबाडा के आंकड़े अब उतने प्रभावी नहीं रहे और सिराज या प्रसिद्ध को भी विशेषज्ञ डेथ बॉलर नहीं माना जाता। उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए कहा, "डेथ में बॉलिंग कौन करेगा? क्योंकि कगीसो रबाडा के स्टॉक्स नीचे गए हैं, सिराज आपके गन डेथ बॉलर नहीं हैं और न ही प्रसिद्ध कृष्णा।" इसके अलावा चोपड़ा ने ध्यान दिलाया कि जोस बटलर का हालिया फॉर्म काफी साधारण रहा है और राशिद खान का पिछले कुछ आईपीएल सीजन भी बहुत ठंडे रहे हैं, जो टीम की चिंताओं को बढ़ा सकते हैं।
शुभमन गिल और सुंदर के लिए है खास मौका
चोपड़ा ने कहा कि यह सीजन कई खिलाड़ियों के लिए बड़े अवसर लेकर आया है, खासकर कप्तान शुभमन गिल के लिए, जो एक बार फिर 700-800 रनों वाला सीजन खेलकर टी20 अंतरराष्ट्रीय की रेस में अपनी जगह पक्की करना चाहेंगे। चोपड़ा ने वाशिंगटन सुंदर के लिए भी एक बड़ी भूमिका की उम्मीद जताई है, जहां वे नंबर 4 या 5 पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं। टीम के प्रदर्शन का पूर्वानुमान लगाते हुए उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि शुभमन गिल एक बार फिर टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाएंगे और विकेटों के मामले में मोहम्मद सिराज या राशिद खान सबसे आगे रह सकते है।"
गुजरात टाइटंस का स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत, टॉम बेटन, ग्लेन फिलिप्स, निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद अरशद खान, साई किशोर, जयंत यादव, जेसन होल्डर, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर सिंह बराड़, इशांत शर्मा, अशोक शर्मा, पृथ्वी राज यारा, ल्यूक वुड, राहुल तेवतिया, राशिद खान।





साइन इन