कोहली ने शाही अंदाज में किया IPL का आगाज, अर्धशतक जड़कर RCB को दिलाई पहली जीत
विराट कोहली ने आईपीएल 2026 की धमाकेदार शुरुआत की है। उन्होंने 181 की स्ट्राइक रेट से ताबड़तोड़ 69 रनों की पारी खेलकर आरसीबी को इस सीजन की पहली जीत दिलाई है।

विराट कोहली ने आईपीएल के पहले ही मैच में धमाल मचा दिया है। उन्होंने अर्धशतक से अपने आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत की है। कोहली ने शनिवार को सनराजइर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में शानदार फिफ्टी जड़ी है और टीम को जीत करीब पहुंचाने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। कोहली ने इस अर्धशतक के साथ कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं। आरसीबी की ओर से सलामी बल्लेबाजी करने आए कोहली ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। कोहली आरसीबी को मैच जिताकर नाबाद मैदान से बाहर लौटे। उन्होंने 38 गेंदों में 181 की स्ट्राइक रेट के साथ 69 रनों की दमदार पारी खेली। इस दौरान कोहली ने पांच चौके और 5 छक्के जड़े।
लंबे समय के बाद कोहली मैदान पर उतरे थे। उन्होंने आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हिस्सा लिया था उसके बाद क्रिकेट के बड़े मैदान पर नजर नहीं आए थे। लेकिन उनकी तैयारी शानदार चल रही थी इसकी उनके कई साथी खिलाड़ियों ने पुष्टि की थी और अब इसका परिणाम भी सामने देखने को मिल रहा है। कोहली ने अपनी बल्लेबाजी में कितना परिवर्तन किया है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने आज के मैच में चौकों के साथ-साथ छक्कों में भी डील किया है।
बता दें कि विराट कोहली आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज पहले से हैं। इस अर्धशतक के साथ वे आईपीएल के इतिहास में एक मैदान पर सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले बैटर भी बन गए हैं। कोहली ने अब तक कुल 268 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसकी 260 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए कुल 8730 रन बनाए हैं। वे इस लीग में छक्के जड़ने के मामले में रोहित शर्मा और क्रिस गेल के बाद तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने आईपीएल करियर में कुल 296 छक्के लगाए हैं और 300 छक्कों के आंकड़े के बेहद करीब हैं।
आरसीबी की तरफ से विराट कोहली की दमदार 69 रनों की पारी के अलावा देवदत्त पडिकल ने 26 गेंदों में 61 रन बनाए। रजत पाटीदार ने 12 गेंदों में 31 रन बनाए और आखिर में टिम डेविड ने 10 गेंदों में 16 रन बनाकर सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा दिए गए 202 रनों के लक्ष्य को 15.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर ही हासिल कर लिया और मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम किया।





साइन इन