हार्दिक नहीं, सूर्यकुमार यादव होने चाहिए मुंबई इंडियंस के कप्तान, पूर्व भारतीय कैप्टन ने MI को दिया सुझाव
पूर्व भारतीय कप्तान और 1983 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे कृष्णमाचारी श्रीकांत ने सलाह दी है कि मुंबई इंडियंस को हार्दिक पांड्या से कप्तानी लेकर सूर्यकुमार यादव कौ सौंप देनी चाहिए।

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम ने 2020 के बाद से आईपीएल का कोई भी खिताब नहीं जीता है। 2024 में फ्रेंचाइजी ने कप्तानी में भी परिवर्तन किया और रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को टीम का कप्तान बनाया, लेकिन दो सीजन में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला। ऐसे में पूर्व भारतीय कप्तान और 1983 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे कृष्णमाचारी श्रीकांत ने सलाह दी है कि मुंबई इंडियंस को हार्दिक पांड्या से कप्तानी लेकर सूर्यकुमार यादव कौ सौंप देनी चाहिए, या हार्दिक पांड्या को खुद ही अपनी स्वेच्छा से टीम मैनेजमेंट को बताकर सूर्या को कप्तानी दे देनी चाहिए।
सूर्या को कप्तानी सौंप दें हार्दिक पांड्या
आईपीएल 2026 सीजन से पहले पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता क्रिस श्रीकांत ने हार्दिक को सलाह दी कि वे कप्तानी सूर्यकुमार यादव को सौंप दें, जिन्होंने हाल ही में भारतीय टीम को टी20 विश्व कप जिताया है। उन्होंने यह भी कहा कि फ्रेंचाइजी प्रबंधन को भविष्य की रणनीति तय करने के लिए एक साथ आना होगा। श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “फ्रेंचाइजी मालिकों और टीम प्रबंधन को रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर फिर से एकजुट होना होगा और स्थिति को सुधारना होगा। उन्हें सूर्यकुमार यादव को इस साल कप्तानी सौंपकर देखना चाहिए कि क्या किस्मत बदलती है। वे सूर्यकुमार यादव को कभी भी कप्तान नियुक्त कर सकते हैं। अभी इसकी घोषणा करने की जरूरत नहीं है।” उन्होंने कहा कि “यह एक अजीब स्थिति है। हार्दिक पांड्या एक अच्छे कप्तान हैं। लेकिन हां, उनके नेतृत्व में दो टी20 विश्व कप विजेता कप्तान खेल रहे हैं। यह उनकी टीम की कोई आंतरिक नीति है जिसे उन्हें सुलझाना होगा। बाहर से देखने पर सूर्यकुमार यादव स्पष्ट पसंद होने चाहिए। लेकिन यह फ्रेंचाइजी की नीति हो सकती है।”
हार्दिक के कप्तानी छोड़ने से चीजें आसान होंगी
श्रीकांत का सीधे तौर पर मानना है कि हार्दिक पांड्या अगर अपनी इच्छा से बिना किसी दबाव के कप्तानी छोड़ देते हैं तो इससे बहुत सी चीजें आसान हो जाएंगी। श्रीकांत ने कहा, “यह एक अजीब स्थिति है, क्योंकि हार्दिक ने रोहित और सूर्या की कप्तानी में खेलते हुए भारत को विश्व कप जिताया था। वरना, हार्दिक को खुद कप्तानी ठुकरा देनी चाहिए और सूर्या को कप्तानी करने देनी चाहिए। अगर हार्दिक खुद प्रबंधन से यह बात कह दें, तो मामला सुलझ जाएगा। उन्हें कहना चाहिए, 'सूर्या को कप्तानी करने दीजिए, मैं उनका साथ दूंगा।' यह समस्या सुलझाने का एक तरीका हो सकता है।”
6वां टाइटल जीतने के इरादे से उतरेगी मुंबई इंडियंस
बता दें पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस अपने 2026 के आईपीएल सीजन की शुरुआत 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में करेगी। पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर चुकी टीम इस बार पिछले चार 5 सालों से पड़े ट्रॉफी के सूखे को खत्म करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। कागजों में यह टीम काफी मजबूत नजर आ रही है, क्योंकि टीम में रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे विश्व कप विनिंग कप्तान होने के साथ-साथ जसप्रीत बुमराह जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं। साथ ही तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या का कॉम्बिनेशन भी इस टीम को मजबूती देता है।
सूर्या और हार्दिक की कप्तानी पर एक नजर
गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में अपनी कप्तानी में भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम को विश्व कप का खिताब जिताया है और बतौर कप्तान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके आंकड़े काफी बेहतर है। वहीं, दूसरी ओर हार्दिक पांड्या ने बतौर कप्तान गुजरात टाइटंस को पहले ही सीजन आईपीएल का खिताब जिताया तो लेकिन जब से मुंबई इंडियंस की जिम्मेदारी संभाली है, उनके आंकड़े अच्छे नहीं रहे हैं। हार्दिक 2024 में गुजरात टाइटन्स से मुंबई इंडियंस में शामिल हुए और उन्होंने रोहित की जगह कप्तानी संभाली। 2024 में कई विवाद सामने आए क्योंकि प्रशंसकों ने हार्दिक को रोहित की जगह कप्तान बनाए जाने को पसंद नहीं किया। मुंबई पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही। 2025 में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में पहुंची, लेकिन श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स से क्वालीफायर 2 में हार गई।





साइन इन