IPL में इस खिलाड़ी ने बतौर ओपनर बनाए हैं सर्वाधिक रन, रोहित शर्मा टॉप-10 से बाहर, विराट लिस्ट में
आईपीएल में बतौर ओपनर विराट कोहली या रोहित शर्मा ने नहीं, बल्कि शिखर धवन ने सर्वाधिक रन बनाए हैं। विराट सर्वाधिक रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं तो रोहित शर्मा टॉप 10 से ही बाहर हैं।

आईपीएल के इतिहास में बतौर सलामी बल्लेबाज सबसे ज्यादा किस बल्लेबाज ने रन बनाए हैं अगर किसी से भी यह सवाल पूछा जाए तो लोग या तो रोहित शर्मा का नाम ले सकते हैं या फिर विराट कोहली के बारे में बात करते हैं। लेकिन आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि आईपीएल के इतिहास में जिस बल्लेबाज ने बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाए हैं वो विराट कोहली और रोहित शर्मा नहीं है, बल्कि उनके ही साथ लंबे समय तक भारतीय टीम में बल्लेबाजी करने वाले बाएं हाथ के एक बल्लेबाज हैं।
शुरुआती हिंट से आपको पता चल गया होगा कि हम यहां पर पूर्व दिग्गज भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की बात कर रहे हैं। जी हां, एकदम सही पढ़ा है आपने। आईपीएल के इतिहास में एक ओपनर बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम है। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में 2010 से लेकर 2024 तक कुल 202 मैच खेले, जिसकी सभी 202 पारियों में सलामी बल्लेबाजी करते हुए 35.54 की औसत और 128.11 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 6362 रन बनाए। इस दौरान शिखर धवन ने 2 शतक और 47 अर्धशतक जड़े। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में कुल 728 चौके और 143 छक्के जड़े। आईपीएल में शिखर धवन का सर्वोच्च स्कोर 106 रन नाबाद रहा।
आईपीएल में बतौर ओपनर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर का नाम है। उन्होंने बतौर ओपनर आईपीएल में कुल 163 पारियों में 5910 रन बनाए हैं। लिस्ट में तीसरे नंबर पर विराट कोहली का नाम है। कोहली ने आईपीएल में बतौर सलामी बल्लेबाज 128 पारियों में 5009 रन बनाए हैं। उन्होंने आईपीएल के अपने सभी 8 शतक ओपनिंग बल्लेबाजी करते हुए बनाए हैं। लिस्ट में चौथे स्थान पर क्रिस गेल, पांचवें नंबर पर केएल राहुल, 6वें नंबर पर फाफ डु प्लेसिस, 7वें नंबर पर अजिंक्ये रहाणे, 8वें नंबर पर शुभमन गिल, 9वें नंबर पर गौतम गंभीर, 10वें नंबर पर क्विंटन डिकॉक और 11वें नंबर पर रोहित शर्मा हैं। रोहित शर्मा ने आईपीएल में बतौर ओपनर 117 पारियों में 3166 रन बनाए हैं, जो शिखर धवन की तुलना में बहुत कम है।
आईपीएल में बतौर ओपनर सर्वाधिक रन बनाने वाले टॉप- 10 बैटर
1. शिखर धवन- 6362
2. डेविड वॉर्नर- 5910
3. विराट कोहली-5009
4. क्रिस गेल-4480
5. केएल राहुल-4418
6. फाफ डु प्लेसिस-4004
7. अजिंक्य रहाणे-3685
8. शुभमन गिल-3603
9. गौतम गंभीर-3597
10. क्विंटन डिकॉक-3309
11.रोहित शर्मा-3166





साइन इन