क्या 2027 के वर्ल्ड कप में रोहित और विराट को टीम में शामिल करना चाहिए? इस सवाल के जवाब में क्या बोले हरभजन सिंह
भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली को आगामी 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम में शामिल करना चाहिए या नहीं, इसके जवाब में पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने क्या कुछ कहा है, जानिए।

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ वनडे फॉर्मेट में नजर आते हैं। इन दोनों ने साल 2024 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से और 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। रोहित और विराट वनडे में नजर आते हैं और क्रिकेट पंडितों और फैंस का मानना है कि इन दोनों दिग्गजों का मुख्य लक्ष्य 2027 के विश्व कप पर केंद्रित है। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों की उम्र और फिटनेस को देखते हुए कई लोग सवाल भी खड़े करते हैं कि क्या वे सच में 2027 का वनडे विश्व कप खेल सकते हैं।
उम्र महज एक नंबर है, उन्हें बिना झिझक पिक करें
शनिवार (21 मार्च) को यही सवाल पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह से पूछा गया जिसके जवाब में उन्होंने उम्र को केवल एक नंबर माना है। हरभजन सिंह का सीधा कहना है कि जब तक कोई खिलाड़ी फिट है और शानदार प्रदर्शन करता है तो इसका कोई तुक नहीं बनता कि उन्हें सिर्फ उनकी उम्र के आधार पर ही टीम से बाहर कर दिया जाए। ऑफ स्पिनर ने कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों के पास जो अनुभव है वो बहुत से लोगों के पास नहीं है। उनका मानना है कि अनुभव युक्त ये खिलाड़ी अगर फिट रहते हैं और प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें जरूर टीम में शामिल करना चाहिए।
रेव्जस्पोर्ट्स द्वारा आयोजित एक प्रोग्राम में हरभजन सिंह से पूछा गया कि क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली को उनकी उम्र और फिटनेस को देखते हुए 2027 के वनडे विश्व कप की टीम में शामिल किया जाना चाहिए? जिसके जवाब में हरभजन सिंह ने कहा "देखिए जब तक कोई प्लेयर फिट है और प्रदर्शन कर रहा है तो आपको उन्हें टीम में पिक करना चाहिए। सिर्फ इसलिए नहीं बाहर कर देना चाहिए कि उनकी उम्र हो गई है। उम्र महज एक नंबर है।" विराट और रोहित की तारीफ करते हुए हरभजन सिंह ने आगे कहा कि "उनके (विराट कोहली और रोहित शर्मा) पास जो है वो बहुतों के पास नहीं है।" उन्होंने अपनी स्पष्ट राय जाहिर करते हुए इंटरव्यू में कहा कि "जिस प्रकार का अनुभव उनके साथ है मेरे ख्याल से अगर वो बढ़िया प्रदर्शन करते हैं, फिट रहते हैं, तो इंडिया को उन्हें बिना किसी झिझक के सीधे तौर पर 2027 की वर्ल्ड कप टीम में शामिल करना चाहिए।"
हरभजन सिंह ने उसी प्रोग्राम में भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की कार्यप्रणाली की भी तारीफ की और कहा कि गौतम गंभीर ने अपने काम करने के अंदाज और मिले रिजल्ट से अपने आलोचकों को पूरी तरह से चुप करा दिया है। वह एक बहुत अच्छा इंसान है।





साइन इन