सैमसन-बुमराह नहीं ये खिलाड़ी नंबर-1; रिकी पोंटिंग ने दी टी20 वर्ल्ड कप के टॉप-5 खिलाड़ियों को रेटिंग
रिकी पोंटिंग ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के टॉप-5 खिलाड़ियों को रेटिंग दी है। उनकी इस लिस्ट में जसप्रीत बुमराह या संजू सैमसन नहीं बल्कि इंग्लैंड का खिलाड़ी पहले पायदान पर है। आईए एक नजर पूरी लिस्ट पर डालते हैं-

सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। भारत की इस जीत में विकेट कीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अहम भूमिका निभाई। बुमराह फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बने, वहीं सैमसन ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीता। हालांकि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 के टॉप-5 खिलाड़ियों को रेटिंग दी तो इन दोनों में से कोई नंबर-1 का पायदान नहीं हासिल कर सका। पोटिंग ने अपनी इस लिस्ट में इंग्लैंड के हरफनमौला को टॉप पर रखा है।
रिकी पोटिंग ने जिन टॉप-5 टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिलाड़ियों को रेटिंग दी है, उनमें दो भारतीय -संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह- के अलावा पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान, फाइनलिस्ट न्यूजीलैंड के टिम साइफर्ट और इंग्लैंड के विल जैक्स शामिल हैं। रिकी पोटिंग ने अपनी इस लिस्ट में विल जैक्स को 10 रेटिंग देकर टॉप पर रखा है।
विल जैक्स के दम दार प्रदर्शन के दम पर ही इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल तक का सफर तय कर पाई थी, जहां उन्हें भारत से हारकर टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। विल जैक्स ने इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाते हुए 4 प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड जीते थे।
संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह को 9.5 रेटिंग
रिकी पोटिंग ने संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह को 9.5-9.5 रेटिंग दी है। सैमसन 321 रनों के साथ इस टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्हें सिर्फ 5 ही मैच खेलने का मौका मिला। वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टर फाइनल में उन्होंने नाबाद 97 तो इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 89-89 रनों की पारी खेली। वहीं जसप्रीत बुमराह संयुक्त रूप से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज रहे।
साहिबजादा फरहान सबसे नीचे
टॉप-5 खिलाड़ियों की इस लिस्ट में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान सबसे नीचे रहे। पोंटिंग ने उन्हें 8.5 रेटिंग दी। साहिबजादा फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे अधिक 383 रन बनाए। वह एक टी20 वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने, वहीं इस टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने दो शतक भी ठोके। हालांकि उनकी टीम को सुपर-8 से ही बाहर होना पड़ा। पोटिंग ने इसके अलावा न्यूजीलैंड के टिम साइफर्ट को 9 रेटिंग दी।





साइन इन