Michael Vaughan told who was most stupidest team of T20 World Cup Said if This Happen India would have been knocked out माइकल वॉन ने बताया कौन थी टी20 वर्ल्ड कप की ‘सबसे बेवकूफ टीम’? बोले- भारत को कर सकते थे बाहर, Cricket Hindi News - Hindustan

माइकल वॉन ने बताया कौन थी टी20 वर्ल्ड कप की ‘सबसे बेवकूफ टीम’? बोले- भारत को कर सकते थे बाहर

माइकल वॉन ने साउथ अफ्रीका को टी20 वर्ल्ड कप की सबसे बेवकूफ टीम बताया है। उनका कहना है कि साउथ अफ्रीका के पास भारत को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर करने का मौका था, मगर उन्होंने इसे गंवा दिया।

Fri, 13 March 2026 07:09 AMLokesh Khera लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
माइकल वॉन ने बताया कौन थी टी20 वर्ल्ड कप की ‘सबसे बेवकूफ टीम’? बोले- भारत को कर सकते थे बाहर

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और मौजूदा क्रिकेट एक्सपर्ट माइकल वॉन ने साउथ अफ्रीका को टी20 वर्ल्ड कप की 'सबसे बेवकूफ टीम' बताया है। वॉन का कहना है कि साउथ अफ्रीका के पास भारत को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर करने का मौका था, मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचा। भारत बैक टू बैक दो और कुल तीन टी20 वर्ल्ड कप टाइटल जीतने वाला पहला देश बना। टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर खिताब पर कब्जा जमाया। भारत को टूर्नामेंट में एकमात्र हार का सामना साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 में करना पड़ा था।

माइकल वॉन का मानना है कि भारत को सुपर-8 में हराने के बाद साउथ अफ्रीका के पास पैतरेबाजी कर भारत को टूर्नामेंट से बाहर करने का मौका था, मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया।

दरअसल, साउथ अफ्रीका से हारने के बाद भारत पर टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था। SA से मिली हार के बाद भारत का नेट रन रेट काफी खराब हो गया था, वहीं दूसरी तरफ वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत दर्ज कर अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को बढ़ाया था।

अगर वेस्टइंडीज की टीम साउथ अफ्रीका को सुपर-8 में हराने में कामयाब रहती, तो भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदों को तगड़ा झटका लग सकता था। मगर ऐसा नहीं हुआ। साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 9 विकेट से जीत दर्ज की, जिससे भारत के सेमीफाइनल के दरवाजे पूरी तरह से खुल गए।

माइकल वॉन ने ‘Stick to Cricket’ पॉडकास्ट पर कहा, “मैं आपको बताता हूं कि इस टूर्नामेंट की सबसे बेवकूफ टीम कौन सी है? साउथ अफ्रीका। क्योंकि अगर साउथ अफ्रीका ने सुपर 8s में वेस्ट इंडीज को उन्हें हराने दिया होता, तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो गया होता। मैं बस इतना कह रहा हूं – अगर उन्होंने वेस्ट इंडीज को रास्ते से हटा दिया होता, तो भारत का जो विजय रथ आगे बढ़ रहा था, वह रुक गया होता।”

उन्होंने आगे कहा, “वह मैच जीतकर, उन्होंने भारत के विजय रथ को आगे बढ़ने दिया। उसके बाद भारत ने जिम्बाब्वे को हराया, फिर एक तरह के क्वार्टरफाइनल में वेस्ट इंडीज को, और फिर इंग्लैंड को। साउथ अफ्रीका को इसके बाद जिम्बाब्वे के साथ खेलना था, और उन्होंने उस मैच के लिए अपने तीन खिलाड़ियों को आराम भी दिया था।”

51 साल के माइकल वॉन ने कहा कि टूर्नामेंट की सबसे बेहतरीन टीम को T20 वर्ल्ड कप जीतने से रोकने का एक तरीका यह है कि उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाए, और साउथ अफ्रीका के वेस्ट इंडीज को हराने से उनकी उम्मीदें बनी हुई थी।

वॉन ने आगे कहा, “देखिए, ऐसी चीजें होनी नहीं चाहिए और आम तौर पर होती भी नहीं हैं। मैं तो बस इतना कह रहा हूं कि अगर आप वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं, तो सबसे अच्छा तरीका यही है कि सबसे बेहतरीन टीम को टूर्नामेंट की शुरुआत में ही बाहर कर दिया जाए।”

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।