इससे पहले कोई और रिकॉर्ड बने भाई बैट दे दे, 3 डक के बाद अभिषेक शर्मा ने गिल को किया था मैसेज
अभिषेक शर्मा ने विश्व कप में लगातार तीन डक होने के बाद अपने बचपन के दोस्त शुभमन गिल को मैसज करके बल्ला मांगा था और तब जाकर अगले मैच में उनका खाता खुला था। अभिषेक ने यह दिलचस्प किस्सा बीसीसीआई नमन अवार्ड के दौरान शेयर किया है।

टी-20 विश्व कप के दौरान भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शुरुआती मैचों में स्ट्रगल करते नजर आए थे। उन्होंने पहले तीन मैचों में लगातार तीन 0 बनाए थे और उनकी हर तरफ आलोचना होने लगी थी। इस मुश्किल दौर में उन्होंने अपने बचपन के दोस्त और भारतीय वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल का सहारा लिया था। अभिषेक शर्मा तब परेशान थे और उन्होंने शुभमन गिल को मैसेज करके बल्ला मांगा था।
नमन अवार्ड के दौरान अभिषेक ने किया खुलासा
बीसीसीआई द्वारा आयोजित नमन अवार्ड प्रोग्राम में अभिषेक शर्मा ने अपने मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की और उस दौरान शुभमन गिल ने किस तरह से उनका ढाढस बंधाया इसके बारे में भी जानकारी दी। अवार्ड शो के दौरान शुभमन गिल से पूछा गया कि उन्होंने वर्ल्ड कप के दौरान अभिषेक शर्मा को कोई सलाह दी थी? इसके जवाब में शुभमन गिल मुस्कुराते हुए बोले कि “दुनिया के नंबर वन टी-20I बल्लेबाज को कौन सलाह देगा?” उनके इस जवाब से पूरा माहौल हल्का हो गया और सब लोग हंसने लगे। शुभमन गिल ने अपने साथी खिलाड़ी का समर्थन किया। तब अभिषेक शर्मा इस हंसी भरे माहौल को बदलते हुए अपने फॉर्म के बारे में बताने लगे।
इससे पहले शुभमन गिल या कोई अन्य कुछ कहता अभिषेक ने ही कहा, "मैंने ही मैसेज किया था इसको तीन डक के बाद कि कोई और रिकॉर्ड बन जाए इससे पहले बैट दे दे।" उन्होंने आगे शुभमन की तारीफ करते हुए कहा कि तब शुभमन ने बोला था कि "तू कर लेगा।" अभिषेक से उस दौरान यह भी पूछा गया कि वे किसका बैट खेलने के लिए सबसे ज्यादा पसंद करते हैं? इसके जवाब में अभिषेक शर्मा ने बताया कि “बिल्कुल मुझे खेलने के लिए शुभमन गिल का ही बल्ला पसंद आता है।” शुभमन गिल ने इसकी प्रतिक्रिया स्वरूप कहा कि "वो अक्सर मेरे ही बैट से खेलना पसंद करता है।"
फाइनल मुकाबले में खेली थी अर्धशतकीय पारी
बता दें कि अभिषेक शर्मा के टी-20 विश्व कप 2026 फाइनल से पहले पूरी तरह से बुरा गुजरा था। उन्होंने फाइनल मुकाबले से पहले सभी मैचों को मिलाकर सिर्फ 89 रन बनाए थे। लेकिन फाइनल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ताबड़तोड़ अंदाज में 50 गेंदों में ही अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में 21 गेंदों में 52 रन बनाए थे और भारत को मजबूत शुरुआत दी थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रनों पर ही ऑलआउट हो गई थी और मेन इन ब्लू ने मुकाबला 96 रनों से जीतकर खिताब में अपना कब्जा जमाया था।





साइन इन