IPL में बतौर ओपनर विराट कोहली ने रोहित शर्मा से कितने हजार रन ज्यादा बनाए हैं, जानिए दोनों के आंकड़े
रोहित शर्मा और विराट कोहली की तुलना अक्सर होती रहती है। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि आईपीएल के इतिहास में विराट कोहली ने बतौर ओपनर रोहित शर्मा से कितने हजार ज्यादा रन बनाए हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का की शुरुआत होने वाली है। पहला मुकाबला 28 मार्च को खेला जाएगा। आईपीएल की शुरुआत से लेकर मौजूदा सीजन तक विराट कोहली और रोहित शर्मा इस लीग का हिस्सा हैं। ये दोनों अपनी-अपनी टीम के लिए बतौर सलामी बल्लेबाजी बल्लेबाजी करते नजर आते हैं और ऐसा लंबे समय से कर रहे हैं। ऐसे में दर्शकों के मन में सवाल होगा कि आखिर रोहित और विराट में से किसने आईपीएल में बतौर ओपनर ज्यादा रन बनाए हैं। इसलिए आइए आज हम आपको बतौर ओपनर दोनों के आंकड़े कैसे हैं, इसके बारे में जानकारी देते हैं।
रोहित शर्मा बतौर सलामी बल्लेबाज
लंबे समय तक मुंबई इंडियंस की टीम के कप्तान रहने और अपनी फ्रेंचाइजी को 5 बार आईपीएल ट्रॉफी का खिताब दिलाने वाले रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर इस लीग में अब तक कुल 117 पारियां खेली हैं, जिसमें 28.78 की औसत और 133.75 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 3166 रन बनाए हैं। इस दौरान रोहित शर्मा ने 19 अर्धशतक और 1 शतक जड़ा है। उन्होंने आईपीएल में बतौर ओपनर कुल 324 चौके और 140 छक्के लगाए हैं। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 105 रन है।
विराट कोहली का बतौर ओपनर प्रदर्शन
दुनिया की क्रिकेट में राज करने वाले और पिछले 18 वर्षों से 1 ही फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम का हिस्सा रहने वाले विराट कोहली ने आईपीएल में अब तक कुल 128 पारियों में सलामी बल्लेबाजी की है, जिसमें 46.81 की शानदार औसत और 139.17 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 5009 रन बनाए हैं। इस दौरान कोहली के बल्ले से 8 शतक और 39 अर्धशतक निकले हैं। उन्होंने आईपीएल में बतौर ओपनर 177 छक्के और 467 चौके लगाए हैं। विराट कोहली का आईपीएल में सलामी बल्लेबाज के तौर पर सर्वोच्च स्कोर 113 रन है।
विराट कोहली रोहित से इतने हजार रन आगे
इस तरह आंकड़ों से साफ पता चलता है कि विराट कोहली आईपीएल में बतौर सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा से रनों के मामले में काफी आगे हैं। उनका स्ट्राइक रेट, सर्वोच्च स्कोर, चौके-छक्के की संख्या आदि भी रोहित शर्मा से अधिक है। एक तरफ जहां रोहित शर्मा ने 3166 रन बनाए हैं, वहीं विराट कोहली के बल्ले से 5009 रन निकले हैं। यानी विराट कोहली ने रोहित शर्मा से आईपीएल में बतौर ओपनर लगभग 2 हजार के करीब (1843 रन) ज्यादा बनाए हैं।
बता दें कि विराट कोहली लंबे अंतराल के बाद प्रतियोगी क्रिकेट में दिखेंगे। ऐसे में फैंस की निगाहें उन पर होंगी और उनके प्रशंसक बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे होंगे।





साइन इन