कौन हैं वैभव सूर्यवंशी के पूर्व टीममेट RS अंबरीश, जो SRH में बने शिवम मावी के इंजरी रिप्लेसमेंट?
आईपीएल 2026 में अच्छी लय पकड़ रही सनराजर्स हैदराबाद ने अपने चोटिल खिलाड़ी शिवम मावी की जगह टीम में एक उभरती हुई प्रतिभा को शामिल किया है। यह खिलाड़ी पहले वैभव सूर्यवंशी के साथ अंडर-19 विश्व कप 2026 की टीम में खेल चुका है। जानिए उनके बारे में।

आईपीएल 2026 में अच्छी लय पकड़ रही सनराजर्स हैदराबाद ने अपने चोटिल खिलाड़ी शिवम मावी की जगह एक उभरती हुई प्रतिभा को टीम में शामिल किया है। यह खिलाड़ी पहले वैभव सूर्यवंशी के साथ अंडर-19 विश्व कप 2026 की टीम में खेल चुका है और भारत को विजेता बनाने में भी इसकी भूमिका रही है। हैदराबाद ने उनकी प्रतिभा को देखते हुए टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों के लिए शिवम मावी के इंजुरी रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल किया है। इस खिलाड़ी का नाम RS अंबरीश है। इन्होंने घरेलू क्रिकेट में और एज ग्रुप क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। शुक्रवार 1 मई को आईपीएल द्वारा जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि "सनराइजर्स हैदराबाद ने चोटिल शिवम मावी की जगह आईपीएल 2026 के शेष मैचों के लिए 18 वर्षीय तेज गेंदबाज ऑलराउंडर आरएस अंबरीश को टीम में शामिल किया है।" बता दें कि शिवम मावी को सनराइजर्स हैजदराबाद की टीम ने मिनी ऑक्शन में उनकी बेस प्राइज 75 लाख रुपये में खरीदा था। ग्रोइन इंजरी के कारण वे टीम से बाहर हो गए हैं।
कौन हैं अंबरीश?
दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज और बाएं हाथ के बल्लेबाज अंबरीश भारत की 2026 की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे। वह टूर्नामेंट में 11 विकेटों के साथ भारत के संयुक्त रूप से सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उनकी धारदार गेंदबाजी के कारण ही उन्हें सनराजर्स हैदराबाद की टीम ने अपनी दल का हिस्सा बनाया है और अब यह टीम सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ युवाओं से भी भरी हुई है। बता दें कि अंबरीश का जन्म साल 2007 में तमिलनाडु में हुआ था और उन्होंने बचपन से ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। वे दुनिया की सबसे लोकप्रिय लीगों में से एक इंडियन प्रीमियर लीग के उन खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शामिल हुए हैं जो उनकी ही तरह युवा जोश-ओ-खरोश के साथ भरे हुए हैं। एसआरएच ने प्रफुल हिंगे (24) और साकिब हुसैन (21) जैसे खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है, जिन्होंने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है और अब इसी फेहरिस्त में अंबरीश का भी नाम जुड़ सकता है।
पॉइंट्स टेबल पर एसआरएच की स्थिति
पाइंट्स टेबल की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने शुरुआती मैचों में खराब प्रदर्शन करने के बाद टीम ने वापसी की है। शुरुआती मैचों में टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस टीम के साथ नहीं जुड़े थे, जिनकी जगह ईशान किशन कप्तान कर रहे थे। एसआरएच फिलहाल 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जिसने लगातार पांच जीत हासिल की हैं। मौजूदा समय में सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 मैचों में 6 में जीत हासिल की है, जबकि तीन मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। उनका रन रेट पॉजिटिव में है। इस टीम का अलगा मुकाबला रविवार (3 मई) को हैदराबाद में कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन