IPL 2026 फाइनल का वो सबसे नाटकीय पल, जब विराट कोहली 'आउट' होकर भी बच गए! फिर RCB को सरताज बनाकर ही लौटा किंग
आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीत लिया है। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ IPL 2026 की खिताबी जीत के हीरो रहे विराट कोहली। चेजमास्टर किंग कोहली ओपनिंग करने उतरे और टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाकर ही लौटे। एक बार तो अंपायर ने उन्हें आउट भी दे दिया था लेकिन टीवी अंपायर ने फैसला बदल दिया।

आईपीएल में पिछली बार आरसीबी का सिर्फ 18 वर्षों का खिताबी सूखा खत्म नहीं हुआ था, बल्कि इंडियन प्रीमियर लीग में आरसीबी युग का आगाज था। रजत पाटीदार की अगुआई में आरसीबी ने आईपीएल 2026 का खिताब भी जीत लिया है। लगातार दूसरी बार। आईपीएल इतिहास में पाटीदार तीसरे ऐसे कप्तान बने हैं, जिन्होंने बैक टु बैक टाइटल जीते हैं। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के फाइनल के हीरो रहे विराट कोहली। चेजमास्टर किंग कोहली ओपनिंग करने उतरे और छक्के के साथ आरसीबी को फाइनल जिताने के बाद ही लौटे। एक तरफ से विकेट गिरते रहे लेकिन कोहली एक छोर संभाले रखे। अंगद की पांव की तरह। एक बार उन्हें अंपायर ने आउट भी दे दिया लेकिन किंग कोहली को तो विजयी शॉट लगाकर लौटना था। टीवी अंपायर ने मैदानी अंपायर का फैसला पलट दिया और किंग अपनी टीम को खिताब दिलाकर ही वापस लौटा।
156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की पारी के 16वें ओवर में नाटकीय क्षण आया। उस वक्त आरसीबी की जीत महज औपचारिकता मात्र रह गई थी। टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 139 रन बना लिए थे। अब 30 गेंदों में सिर्फ 17 रन चाहिए थे। विराट कोहली 33 गेंदों में 58 रन और जितेश शर्मा 5 गेंदों में 6 रन बनाकर खेल रहे थे।
अरशद खान 16वां ओवर लेकर आए। पहली गेंद पर कोहली कोई रन नहीं बना पाए। दूसरी गेंद पर चौका जड़ा। तीसरी गेंद पर कोहली ने सिंगल लेकर छोर बदला। चौथी गेंद पर जितेश शर्मा रन नहीं बना पाए। पांचवीं गेंद पर उन्होंने एक रन लिया और स्ट्राइक पर आए विराट कोहली। अरशद के ओवर की आखिरी गेंद। विराट कोहली ने झन्नाटेदार शॉट मारा लेकिन गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने 'शानदार कैच' पकड़ लिया। मैदान अंपायर नितिन मेमन ने उंगली उठा दी। विराट कोहली आउट करार दे दिए गए लेकिन उन्हें इस पर शक था कि कैच को सही तरीके से पकड़ा गया है।
फिर हुई टीवी अंपायर की एंट्री। टीवी अंपायर जयरमन मदनगोपाल ने कैच को कई ऐंगल से देखा। रीप्ले में साफ नजर आया कि गेंद का कुछ हिस्सा जमीन पर टकरा गया था। टीवी अंपायर ने कोहली को नॉट आउट करार दिया। उसके बाद तो किंग कोहली 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाकर आरसीबी को लगातार दूसरा खिताब दिलाकर ही वापस लौटे। उन्होंने छक्के के साथ मैच को समाप्त किया। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 9 चौके और 3 छक्के जड़े। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच की बात करें तो गुजरात टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 50 रन की पारी खेली। आरसीबी की तरफ से रसिख सलाम ने 3, भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट झटके। एक विकेट क्रुणाल पांड्या को मिला।
जीत के लिए 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तूफानी शुरुआत दिलाई। सिर्फ 3.3 ओवर में ही टीम के 50 रन पूरे हो गए। ये किसी भी आईपीएल फाइनल में किसी भी टीम की सबसे तेज फिफ्टी थी।
62 के टीम स्कोर पर वेंकटेश अय्यर 32 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद देवदत्त पड्डीकल भी जल्द ही आउट हो गए। कोहली और कप्तान रजत पाटीदार के बीच साझेदारी जमती, उससे पहले ही पाटीदार आउट हो गए। जल्द ही क्रुणाल पांड्या भी आउट हो गए। टिम डेविड के रूप में 132 के स्कोर पर आरसीबी को पांचवां झटका लगा। लेकिन विराट कोहली एक छोर से अपने चिरपरिचित चेजमास्टर वाले अंदाज में खेल रहे थे। आखिरकार उन्होंने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर आरसीबी को लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब दिलाया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन