RCB को इन 5 धुरंधरों ने जिताया IPL 2026 फाइनल, विराट कोहली ने खेली बेहद 'घातक पारी'
आरसीबी ने आईपीएल 2026 फाइनल में गुजरात टाइटंस को मात दी। जीटी ने 156 रनों का लक्ष्य दिया था। आरसीबी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खिताब डिफेंड करने वाली तीसरी टीम बन गई है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। आरसीबी ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को पांच विकेट से मात देकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती। जीटी ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 155/8 का स्कोर बनाया। जवाब में आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाकर विजयी परचम फहराया। आरसीबी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खिताब का बचाव करने वाली तीसरी टीम है। उससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ने ऐसा किया। जानिए, आरसीबी को 19वें सीजन का फाइनल जिताने वाले पांच धुरंधर कौन हैं?
विराट कोहली
स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने फाइनल में बेहद 'घातक पारी' खेली। उन्होंने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और तीन छक्के हैं। ओपनर कोहली ने 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह उनकी आईपीएल में सबसे तेज फिफ्टी थी। कोहली ने आईपीएल में पांचवां फाइनल खेला लेकिन पहली बार खिताबी मुकबाले में अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया। उन्होंने साथ ही 10 साल बाद प्लेऑफ में अर्धशतक जड़ने का सूखा समाप्त किया। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
वेंकटेश अय्यर
बतौर ओपनर उतरे वेंकटेश अय्यर भले ही फिफ्टी नहीं जड़ पाए मगर तूफानी बल्लेबाजी से दिल जीतने में कामयाब रहे। उन्होंने 16 गेंदों का सामना करने के बाद 32 रन बटोरे। उनके बल्ले से चार चौके और दो छक्के निकले। अय्यर ने कोहली के साथ पहले विकेट के लिए 62 रनों की शानदार साझेदारी की। वह पांचवें ओवर में आउट हुए, जिसके बाद आरसीबी की रनों की रफ्तार थोड़ी थम गई। देवदत्त पडिक्कल (1), कप्तान रजत पाटीदार (15) और क्रुणास पांड्या (1) सस्ते में लौटे। हालांकि, कोहली ने मजबूती से मोर्चा संभाला। उन्होंने टिम डेविड (17 गेंदों में 24) के साथ पांचवें विकेट के लिए 41 रन जोड़े और जीटी को बैकफुट पर धकेला। कोहली ने अरशद खान के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर आरसीबी को जीत की दहलीज पार कराई।
रासिख सलाम
युव तेज गेंदबाज रासिख सलाम दार ने फाइनल में आरसीबी के लिए बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर के स्पेल में 27 रन दिए और सर्वाधिक तीन विकेट झटके। रासिख ने निशांत सिंधू (20), राहुल तेवतिया (7) और राशिद खान (7) का शिकार किया, जिससे जीटी का बड़े स्कोर का सपना चकनाचूर हो गया।
जोश हेजलवुड
तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनने वाली आरसीबी को वो शुरुआत दिलाई, जिसकी उसे जरूरत थी। हेजलवुड ने तीसरे ओवर में कप्तान शुभमन गिल (8 गेंदों में 10, दो चौके) को आउट किया, जो सीजन में अच्छी लय में थे। पाटीदार ने दौड़कर गिल का कमाल का कैच लपका। हेजलवुड ने 4 ओवर में 37 रन खर्च किए और दो विकेट लिए। उन्होंने 15वें ओवर में अरशद खान (6 गेंदों में 15, दो छक्के) का शिकार किया।
भुवनेश्वर कुमार
अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने दो अहम विकेट चटकाए। उन्होंने चार ओवर में 29 रन खर्च किए। भुवी ने ओपनर साई सुदर्शन (12) और ऑलराउंडर जेसन होल्डर (7) को पवेलियन भेजा। शानदार फॉर्म में चल रहे सुदर्शन ने चौथे ओवर में विकेट के पीछे कैच थमाया। उन्होंने 12 गेंदों का सामना किया, जिसमें दो चौके लगाए। जीटी अपनी सलामी जोड़ी के सस्ते में लौटने से उबर नहीं सकी। एक समय गुजरात की टीम 99 रन पर पांच विकेट गंवाकर जूझ रही थी। ऐसे में वॉशिंगटन सुंदर (37 गेंदों में नाबाद 59) ने जीती को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन