टिम डेविड के तूफान में रिकॉर्ड की बारिश, RCB vs CSK मैच में क्या-क्या हुआ स्पेशल?
आईपीएल 2026 में रविवार रात को टिम डेविड का तूफान उठा था। आरसीबी ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले 250 रन का स्कोर खड़ा किया और फिर उसे 207 रन पर निपटा दिया। इस मैच में टिम डेविड ने विध्वंसक पारी से रिकॉर्ड तो बनाया ही, और भी कई रिकॉर्ड बने।

आईपीएल 2026 में रविवार रात को टिम डेविड का तूफान उठा था। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के इस बल्लेबाज ने 5 बार की चैंपियन सीएसके के खिलाफ सिर्फ 25 गेंद में 70 रनों की नाबाद पारी खेली। आईपीएल के इतिहास में 15वें ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे किसी बल्लेबाज ने अब तक इतने ज्यादा रन नहीं बनाए थे। उनकी तूफानी पारी की बदौलत आरसीबी ने 3 विकेट के नुकसान पर 250 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 207 रन पर सिमट गई। इस तरह आरसीबी ने 43 रन से मैच जीता। इस मैच में टिम डेविड ने विध्वंसक पारी से रिकॉर्ड तो बनाया ही, और भी कई रिकॉर्ड बने।
टिम डेविड ने बल्ले से काटा गदर
आरसीबी के टिम डेविड ने मैच में विस्फोटक पारी खेली। वह 15वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे लेकिन नाबाद 70 रन ठोक डाले। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 8 छक्के लगाए। आईपीएल के इतिहास में इससे पहले 15वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे किसी बल्लेबाज ने 70 रन नहीं बनाए थे। टी20 क्रिकेट के इतिहास में 15वें ओवर में उतरे बल्लेबाज की ये अब तक की दूसरी सबसे बड़ी पारी है। 2022 में इसेक्स की तरफ से ससेक्स के खिलाफ मैच में डेनियल सैम्स 15वें ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे थे। सैम्स ने उस मैच में 24 गेंदों में 71 रन बनाए थे जिनमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल थे।
IPL में डेथ ओवर में किसी बल्लेबाज के सबसे ज्यादा रन
टिम डेविड ने डेथ ओवर्स यानी 17वें से 20वें ओवर के बीच में 68 रन कूटे। ये किसी भी आईपीएल पारी में किसी बल्लेबाज की तरफ से डेथ ओवर्स में बनाए गए सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है।
भुवनेश्वर कुमार 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज
इस मैच में आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में अपने 200 विकेट पूरे गए। वह आईपीएल इतिहास के पहले और इकलौते ऐसे तेज गेंदबाज हैं जिन्होंने 200 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट के मामले में वह दूसरे नंबर पर हैं। भूवी के नाम 202 विकेट हैं जबकि स्पिनर युजवेंद्र चहल के नाम 224 विकेट दर्ज हैं।
तीसरी बार RCB ने 250 रन का आंकड़ा छुआ
आरसीबी ने 3 विकेट के नुकसान पर 250 रन बनाए। आईपीएल में तीसरी बार आरसीबी ने 250 रन का आंकड़ा छुआ। उससे ज्यादा बार यह कारनामा सिर्फ सनराइजर्स हैदराबाद ने ही किया है जिसमें 5 बार 250 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है। इसके अलावा आरसीबी का यह 250 रन का स्कोर सीएसके के खिलाफ किसी भी टीम का अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले ये रिकॉर्ड किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के नाम था जिसने 2014 में सीएसके के खिलाफ 231 रन बनाए थे।
आरसीबी ने आखिरी 5 ओवर में 97 रन ठोके, दूसरा सबसे ज्यादा
आरसीबी ने बल्लेबाजी के दौरान आखिरी 5 ओवरों में 97 रन ठोके। यह आईपीएल इतिहास में किसी भी टीम की तरफ से आखिरी 5 ओवर में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे ज्यादा स्कोर है। सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड भी आरसीबी के ही नाम है, जिसने 2016 में गुजरात लॉयंस के खिलाफ आखिरी 5 ओवर में 112 रन ठोके थे। दिल्ली कैपिटल्स ने भी 2024 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी 5 ओवरों में 97 रन ठोके थे।
पॉइंट्स टेबल में आरसीबी टॉप पर
आरसीबी की ये लगातार दूसरी जीत है। इसके साथ ही टीम 4 अंकों और 2.5 के नेट रनरेट के साथ आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच चुकी है। ऑरेंज कैप की बात करें तो फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी 160 रनों के साथ सबसे आगे हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स के रवि बिश्नोई के सिर पर पर्पल कैप है, जिन्होंने 5 विकेट झटके हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन