टिम डेविड के खिलाफ CSK को 'चुभेगी' ये गलती, इस पल से पलट गई पूरे मैच की कहानी!
ऋतुराज गायकवाड़ का कहना है कि 13-14 ओवर तक मैच सीएसके के हाथ में था, मगर इसके बाद टिम डेविड ने जो तबाही मचाई उसने सीएसके को मैच में काफी पीछे कर दिया। इस दौरान सीएसके से एक बड़ी गलती भी हो गई।

चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 में अपनी लगातार तीसरी हार का सामना रविवार, 5 अप्रैल की रात रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों करना पड़ा। आरसीबी ने पहले बैटिंग करते हुए सीएसके के सामने 251 रनों का विशाल टारगेट रखा था। इस स्कोर का पीछा करने उतरी चेन्नई की पूरी टीम 207 रनों पर ही ढेर हो गई। सीएसके ने इस मैच के दौरान कई गलतियां की, खराब फील्डिंग के चलते उन्हें पावरप्ले में विकेट नहीं मिले, कई मिसफील्ड के चलते रन मिले। ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन जैसे बल्लेबाजों ने भी संयम नहीं दिखाया वगैरा-वगैरा। मगर एक गलती ऐसी थी जो सीएसके को लंबे समय तक चुभेगी। अगर चेन्नई वह गलती नहीं करता तो मैच की कहानी कुछ और हो सकती थी।
टिम डेविड के खिलाफ अंशुल कंबोज का नो बॉल
15वें ओवर में जब टिम डेविड बैटिंग करने के लिए आए तो वह बिल्कुल लय में नहीं दिख रहे थे। पहली 5 गेंदों पर उनके बल्ले से मात्र 2 ही रन निकले थे। 17वें ओवर में उन्होंने नूर अहम के खिलाफ बैक टू बैक तीन छक्के लगाकर थोड़ी लय हासिल की। 18वें ओवर में जब वह 15 गेंदों पर 28 रन बनाकर खेल रहे थे तो सीएसके के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर टिम डेविड को बोल्ड कर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया था।
यह बॉल इतनी शानदार थी कि टिम डेविड ने अंशुल कंबोज की तारीफ मैदान पर ही कर दी थी। हालांकि फिर अचानक टिम डेविड मैदान पर रुक गए। जिसका सीएसके के फैंस को डर था वही हुआ। थर्ड अंपायर ने पाया कि अंशुल कंबोज का पैर पोपिंग क्रीज से बाहर जा रहा है। उन्होंने इसे नो बॉल करार दिया। इसके बाद टिम डेविड को अहसास हो गया था कि आज उन्हीं का दिन है।
फिर क्या, फ्री हिट पर उन्होंने छक्का लगाया और अगली गेंद पर एक रन लिया। 19वें ओवर में इसके बाद टिम डेविड ने जिमी ओवरटन की बैंड बजा दी। ओवरटन के ओवर में आरसीबी के इस बल्लेबाज ने 30 रन बटौरे और मैच को सीएसके से काफी दूर ले गए। 20वें और आखिरी ओवर में अंशुल कंबोज ने 13 रन देकर जरूर भरपाई करने की कोशिश की, मगर तब तक मैच उनकी गिरफ्त से काफी दूर निकल गया था।
अगर अंशुल कंबोज वह नो बॉल नहीं डालते तो मैच की कहानी कुछ और हो सकती थी। सीएसके आरसीबी को 220-230 के स्कोर पर रोक सकती थी, जिससे उनके बल्लेबाजों पर मानसिक दबाव थोड़ा कम होता।
ऋतुराज गायकवाड़ ने भी कबूला
टिम डेविड की पारी के बारे में सीएसके कप्तान ने कहा, "अंशुल कंबोज ने लगभग उनका विकेट ले लिया था, मगर वह अवैध डिलीवरी थी। उसके बाद तो उन्होंने पूरे मैदान पर तबाही मचा दी। सच में उन्हें सलाम।"





साइन इन