सरफराज खान ने IPL में रचा इतिहास, RCB के खिलाफ ताबड़तोड़ पारी खेलकर बन गए ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज
सरफराज खान आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने नंबर-4 या उससे नीचे बैटिंग करते हुए पावरप्ले में अर्धशतक जड़ा हो। सरफराज ने यह कारनामा आरसीबी के खिलाफ आईपीएल 2026 के 11वें मैच में किया।

चेन्नई सुपर किंग्स को भले ही आईपीएल 2026 के 11वें मैच में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों एक और हार का सामना करना पड़ा हो, मगर उनके बल्लेबाज सरफराज खान ने इस मैच में ऐसा कमालकर दिया है जो आईपीएल के इतिहास में उनसे पहले कोई नहीं कर पाया। जी हां, 251 रनों के विशाल टारगेट का पीछा करते हुए सरफराज खान उस समय बैटिंग करने आए जब सीएसके ने दूसरे ओवर में आयुष म्हात्रे के रूप में 10 के स्कोर पर दूसरा विकेट खोया था। सरफराज आते ही ताबड़तोड़ शॉट्स खेलना शुरू किए और महज 24 गेंदों पर अपनी दूसरी आईपीएल फिफ्टी पूरी की।
सरफराज खान ने रचा इतिहास
यहां गौर करने वाली चीज सरफराज खान की गेंदें नहीं है, बल्कि गौर इस बात पर करना है कि नंबर-4 पर आकर सरफराज खान ने पावरप्ले के अंदर ही अपना अर्धशतक पूरा किया।
सरफराज खान आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने नंबर-4 या उससे नीचे आकर पहले 6 ओवर में फिफ्टी लगाई हो। आईपीएल के इतिहास में उनसे पहले ऐसा कारनामा कोई बल्लेबाज नहीं कर पाया है। सरफराज खान ने अपनी इस पारी के दम पर IPL 2026 ऑरेंज कैप की रेस में भी दांवेदारी पेश की है।
सरफराज खान ने अपनी इस पारी में 8 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए। क्रुणाल पांड्या के 7वें ओवर की पहली गेंद पर वह आगे बढ़कर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में स्टंप आउट हो गए।
CSK ने लगाई हार की हैट्रिक
251 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए सीएसके की बल्लेबाज एकबार फिर एक्सपोज हुई। ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन ने एक बार फिर निराश किया। सरफराज खान ने जरूर दमदार पारी खेली, मगर वह सीएसके की जीत के लिए काफी नहीं थी। 14.20 करोड़ के प्रशांत वीर ने 29 गेंदों पर 43 तो जेमी ओवरटन ने 37 रनों की पारी खेली। सीएसके पूरे 20 ओवर भी बैटिंग नहीं कर पाई। 19.4 ओवर में आरसीबी ने उन्हें 207 रनों पर ढेर कर, 43 रनों से मैच को अपने नाम किया। भुवनेश्वर कुमार ने सबसे अधिक 4 विकेट चटकाए।
इससे पहले आरसीबी के लिए टिम डेविड और देवदत्त पडिक्कल ने अर्धशतक जड़े थे, जिसके दम पर आरसीबी 250 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही थी। टिम डेविड ने 25 गेंदों पर तीन चौकों और 8 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 70 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्हें इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।





साइन इन