धोनी-रोहित के लीजेंड्री क्लब में शामिल होने के चक्कर में अय्यर-पांड्या तुड़वा चुके हैं दिल; आज रजत पाटीदार का इम्तिहान
रजत पाटीदार का आज बहुत बड़ा इम्तिहान है। उनके पास बैक टू बैक तो आईपीएल ट्रॉफी जीतकर एमएस धोनी और रोहित शर्मा के लीजेंड्री क्लब में जगह बनाने का सुनहरा मौका है। हार्दिक पांड्या और श्रेयस अय्यर अपना दिल तुड़वा चुके हैं।

डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वर्सेस गुजरात टाइटंस आईपीएल 2026 फाइनल आज यानी रविवार, 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। इस खिताबी मुकाबले में एक बार फिर चमचमाती ट्रॉफी उठाकर आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार की नजरें एमएस धोनी और रोहित शर्मा के लीजेंड्री क्लब में शामिल होने पर होगी। आईपीएल के इतिहास में ये दो सिर्फ ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने लगातार दो आईपीएल ट्रॉफी जीती है। पिछले कुछ सालों में हार्दिक पांड्या और श्रेयस अय्यर जैसे कप्तान इस लीजेंड्री क्लब में शामिल ना होकर अपना दिल तुड़वा चुके हैं। क्या आज रजत पाटीदार बैक टू बैक आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले तीसरे कप्तान बनेंगे? क्या वह रोहित शर्मा और एमएस धोनी जैसा करिश्मा दोहरा पाएंगे?
रजत पाटीदार की अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18 साल का सूखा खत्म कर पिछले सीजन पहली ट्रॉफी उठाई थी। आईपीएल 2026 में भी आरसीबी बिल्कुल चैंपियन टीम की तरह खेली है और वह अपने लगातार दूसरे खिताब की ओर बढ़ रही है। आरसीबी आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर रहते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था, वहीं क्वालीफायर-1 जीतकर उन्होंने फाइनल का टिकट कटाया।
आरसीबी की नजरें अब फाइनल में गुजरात टाइटंस को रौंदकर लगातार दूसरी बार खिताब उठाने पर होगी।
आखिरी बार 2019-2020 में ऐसा हुआ था जब कोई कप्तान बैक टू बैक दो आईपीएल ट्रॉफी जीता था। यह कारनामा रोहित शर्मा ने किया था जब उन्होंने मुंबई इंडियंस को लगातार दो बार चैंपियन बनाया था।
वहीं एमएस धोनी आईपीएल इतिहास में बैक टू बैक दो ट्रॉफी जीतने वाले पहले कप्तान थे। उन्होंने 2010 और 2011 में लगातार दो बार अपनी टीम को चैंपियन बनाया था।
2020 के बाद हार्दिक पांड्या और श्रेयस अय्यर के पास बैक टू बैक दो आईपीएल ट्रॉफी जीतने का मौका था। पांड्या की कप्तानी में गुजरात टाइटंस 2022 में चैंपियन बनी थी, अगले साल टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था, मगर सीएसके से हारकर उनका बैक टू बैक ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया था।
वहीं श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को चैंपियन बनाया था, अगले सीजन वह पंजाब किंग्स में शामिल हो गए थे। 2025 में अय्यर की अगुवाई में पंजाब की टीम फाइनल तक पहुंची थी, मगर फाइनल में उन्हें आरसीबी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन