चेले अभिषेक शर्मा को युवराज सिंह ने क्यों बोला 'सर'? IPL 2026 के बीच वायरल हुई ये पोस्ट
युवराज सिंह के चेले अभिषेक शर्मा ने सनराइजर्स हैदराबाद बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच में नाबाद शतकीय पारी खेली। पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर युवराज ने 25 वर्षीय बल्लेबाज अभिषेक की तारीफ में बड़ी बात कही।

सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने मंगलवार को आईपीएल 2026 में गदर काटा। उन्होंने हैदराबाद के मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ तूफानी शतकीय पारी खेली। वह 68 गेंदों में 135 रन बनाकर नाबाद रहे। अभिषेक ने 10 छक्के और 10 चौके जमाए। उनकी पारी के दम पर एसआरएच ने 242/2 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। अभिषेक की बल्लेबाजी ने पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर युवराज सिंह को प्रभावित किया है। उन्होंने चेले अभिषेक की सेंचुरी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तारीफ करते हुए अभिषेक को सर बोला। उनकी पोस्ट वायरल हो रही है। युवराज 25 वर्षीय बल्लेबाज के मेंटोर हैं। उन्होंने अभिषेक की बल्लेबाजी तकनीक और कौशल को निखारने में अहम भूमिका निभाई है।
'बहुत बढ़िया खेले सर अभिषेक'
युवराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''बल्ले को काम करने दो! हर दिन बेहतर हो रहे हो। बहुत बढ़िया खेले सर अभिषेक! इसी प्रोसेस के साथ आगे बढ़ते रहो।'' युवराज की पोस्ट पर फैंस के जमकर रिएक्शन आ रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, ''अभिषेक शर्मा ने आज तो गुरु की तरह बैटिंक की है।'' अभिषेक ने मौजूदा सीजन में तीसरी बार पचास प्लस स्कोर बनाया है। दूसरे यूजर ने लिखा, ''अभिषेक टॉप गियर में हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अर्धशतक जमाया जबकि डीसी के सामने शतक जड़ा।'' अन्य यूजर ने कहा, ''अभिषेक जैसे खिलाड़ियों के साथ यही बात है। जब उनका दिन होता है तो वह अकेले ही विरोधी टीम को मैच से बाहर कर देते हैं। क्या शानदार पारी खेली।''
प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए अभिषेक
हैदराबाद ने दिल्ली को 47 रनों से शिकस्त दी। 243 के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 195 रन बटोरे। अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक ने दिल्ली के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए शुरुआती तीन विकेटों के लिए बड़ी साझेदारियां कीं। उन्होंने ट्रैविस हेड (26 गेंद में 37) के साथ पहले विकेट के लिए 53 गेंदों में 97 रन और कप्तान ईशान किशन (13 गेंद में 25 रन) के संग दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 79 रन की पार्टनरशिप की। इसके बाद, युवा ओपनर ने हेनरिक क्लासेन (13 गेंद में नाबाद 37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 66 रन की अटूट साझेदारी कर टीम के बड़े स्कोर तक पहुंचाया। डीसी ने पावरप्ले में कामचलाऊ स्पिनर नीतीश राणा से दो ओवर कराए। राणा ने चार ओवर के स्पेल में 55 रन लुटाए और बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ छह छक्के खाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन