ipl 2026 csk vs rr Vaibhav Suryavanshis storm swept Chennai Super Kings away thrashed by RR by 8 wickets वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ी चेन्नई सुपर किंग्स, RR ने 8 विकेट से बुरी तरह रौंदा, Ipl Hindi News - Hindustan

वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ी चेन्नई सुपर किंग्स, RR ने 8 विकेट से बुरी तरह रौंदा

आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने अपने गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी की मदद से पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है।

Mon, 30 March 2026 11:41 PMBhasha
share
वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ी चेन्नई सुपर किंग्स, RR ने 8 विकेट से बुरी तरह रौंदा

राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद हाल ही में अपना 15वां जन्मदिन मनाने वाले वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी के बूते राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में सोमवार को चेन्नई सुपरकिंग्स को 47 गेंद शेष रहते आठ विकेट से रौंदकर अपने अभियान का बेहतरीन तरीके से आगाज किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:RR के लिए सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले दूसरे बैटर बने वैभव सूर्यवंशी, जानिए टॉप-5

जैमी ओवरटन की 36 गेंदों में 43 रन की पारी के बावजूद चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम 19.4 ओवर में 127 रन पर आउट हो गई। मैन ऑफ द मैच बर्गर, जोफ्रा आर्चर, रविंद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लेकर राजस्थान की ओर से शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

सूर्यवंशी ने 17 गेंदों की पारी में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 52 रन बनाए, जिससे जीत के लिए मिले 128 रन के लक्ष्य को राजस्थान रॉयल्स ने 12.1 ओवर में दो विकेट पर हासिल कर लिया। यह मैच में बची हुई गेंदों के लिहाज से राजस्थान की सबसे बड़ी जीत है। सूर्यवंशी ने अपना अर्धशतक महज 15 गेंदों में पूरा कर अपने 15वें जन्मदिन के तीन दिन बाद खुद को शानदार तोहफा दिया। उन्हें यशस्वी जायसवाल का अच्छा साथ मिला। दोनों ने महज 38 गेंदों में 75 रन की साझेदारी कर पावरप्ले में ही टीम की जीत लगभग पक्की कर दी थी। अंशुल कंबोज ने चेन्नई के लिए दो विकेट लिए, लेकिन यह राजस्थान की तूफानी बल्लेबाजी को रोकने के लिए काफी नहीं था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:5 बार की चैंपियन CSK को RR ने बुरी तरह रगड़ा, 8 विकेट से दी शिकस्त,वैभव रहे हीरो

लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने मैट हेनरी का स्वागत चौके और छक्के से करने के बाद उनके अगले ओवर में एक और छक्का जड़कर आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए अंशुल कंबोज की लगातार गेंदों पर चौका लगाने के बाद लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का जड़ा, जिससे टीम ने पांचवें ओवर में 50 रन पूरे किए। सूर्यवंशी ने छठे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए नूर अहमद के खिलाफ लगातार दो छक्कों के साथ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह राजस्थान के लिए दूसरा सबसे तेज और किसी भारतीय बल्लेबाज का इस लीग में तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है। हालांकि, सूर्यवंशी अगले ओवर में कंबोज की गेंद पर सरफराज खान को कैच दे बैठे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:RR VS CSK मैच में जायसवाल और वैभव पर निगाहें, 2025 में कैसा था दोनों का प्रदर्शन

क्रीज पर आए ध्रुव जुरेल ने लगातार गेंदों पर चौकों के साथ टीम की आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। इसी ओवर में जायसवाल ने ओवर की आखिरी गेंद पर विकेटकीपर के ऊपर से शानदार चौका लगाया, जिससे टीम ने आठवें ओवर से 14 रन बटोरे। कंबोज ने अगले ओवर में दो चौके खाने के बाद जुरेल को बोल्ड किया। उन्होंने नौ गेंदों में 18 रन बनाए। कप्तान रियान पराग ने नूर के खिलाफ रिवर्स शॉट पर डीप प्वाइंट के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा, जबकि जायसवाल ने एक रन लेकर टीम को लक्ष्य के पार पहुंचा दिया।

इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने तेज गेंदबाजों के लिए मददगार परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स को 127 रन पर समेट दिया। बारिश के कारण पिच कुछ समय तक ढकी रहने के बाद राजस्थान के पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। चेन्नई सुपरकिंग्स की बल्लेबाजी बेहद निराशाजनक रही। पिछले सत्र में अंक तालिका में निचले पायदान पर रहने वाली दोनों टीमों ने इस सत्र से पहले अपने स्टार खिलाड़ियों रविंद्र जडेजा और संजू सैमसन की अदला-बदली की थी। जडेजा की राजस्थान में वापसी सफल रही और उन्होंने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट झटके। वहीं, भारत की टी20 विश्व कप जीत के हीरो सैमसन चेन्नई सुपरकिंग्स में अपने पदार्पण पर प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। नांद्रे बर्गर की गेंद पर मिड-विकेट के ऊपर शॉट खेलने के प्रयास में उनका ऑफ स्टंप उखड़ गया।

पावरप्ले के दौरान नांद्रे बर्गर और जोफ्रा आर्चर ने गेंद को शानदार तरीके से स्विंग कराया। बर्गर ने जहां सैमसन को आउट किया, वहीं आर्चर ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को चलता किया। गायकवाड़ ऑफ साइड पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गए। बर्गर ने दूसरे ओवर में आयुष म्हात्रे को बाउंसर से चौंकाया। गेंद उनके ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर के पास चली गई, जिससे बर्गर के पास हैट्रिक का मौका बना, लेकिन सरफराज खान ने रक्षात्मक खेल दिखाते हुए उसे टाल दिया।

आठवें ओवर में जडेजा को गेंदबाजी के लिए लाया गया और उन्होंने सरफराज (17) को पगबाधा आउट किया। इसके चार गेंद बाद शिवम दुबे (6) भी लंबा शॉट लगाने के प्रयास में कैच आउट हो गए, जिससे चेन्नई का स्कोर आठ ओवर में छह विकेट पर 56 रन हो गया। इसके बाद चेन्नई की टीम वापसी नहीं कर सकी, हालांकि जैमी ओवरटन ने 36 गेंदों में 43 रन की उपयोगी पारी खेली।

राजस्थान के मध्यम गति के गेंदबाज बृजेश शर्मा ने अपने पदार्पण पर कार्तिक शर्मा (18) का विकेट लिया। आर्चर, बर्गर और जडेजा ने दो-दो विकेट लेकर राजस्थान की ओर से शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।