अब मैं युवा नहीं रहा, व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम पर फोकस; हार पर छलका पर्पल कैपधारी भुवनेश्वर का दर्द
आरसीबी के स्टार पेसर भुवनेश्वर कुमार ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ गुरुवार को उन्होंने 28 रन देकर तीन विकेट झटके। इस सीजन में उन्होंने पांचवीं बार 3 विकेट लिया। उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद आरसीबी 4 विकेट से मैच हार गई। इसका दर्द भुवनेश्वर कुमार के शब्दों में साफ झलका।

आईपीएल 2026 में आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार अपनी गेंदों से कमाल कर रहे हैं। फिलहाल वह सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप पर हैं और पर्पल कैप उनके पास है। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ गुरुवार को उन्होंने 28 रन देकर तीन विकेट झटके। इस सीजन में उन्होंने पांचवीं बार 3 विकेट लिया है। उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद आरसीबी 4 विकेट से मैच हार गई। इसका दर्द भुवनेश्वर कुमार के शब्दों में साफ झलका। मैच के बाद उन्होंने कहा कि अब वह अपने करियर के ऐसे मुकाम पर पहुंच गए हैं जहां टीम की सफलता के आगे व्यक्तिगत उपलब्धियां बेमानी हैं। भुवनेश्वर ने कहा कि अब वह युवा नहीं है।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में 36 वर्ष के इस तेज गेंदबाज ने कहा, ‘यह अच्छा है कि मुझे पर्पल कैप मिला है लेकिन मैं समझता हूं कि मैं अब वहां हूं जहां कुछ व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने की चाहत से आगे बढ़ चुका हूं। निश्चित तौर पर मैं कुछ हासिल करना चाहता हूं लेकिन अब ये चाहत टीम के लिए ज्यादा है। मैं अब युवा नहीं रहा। असल में जब आप युवा होते हैं तब आप उन अवॉर्ड्स को जीतना चाहते हैं और जब आप अच्छा करते हैं तो ये मिलता ही है।’
आरसीबी के स्टार ने आगे कहा, ‘लेकिन जब आप टीम के लक्ष्य की तरफ काम करना चाहते हैं और आपको कोई व्यक्तिगत पुरस्कार या इनाम मिलता है तब आपको अच्छा लगता है। लेकिन ईमानदारी से कहूं तो मैं सिर्फ अपना बेस्ट देने की कोशिश कर रहा हूं। मुझे मैनेजमेंट से विश्वास मिल रहा है। मैं यही कह सकता हूं।’
आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 155 रन बनाए थे। इस सीजन में जिस तरह टीमें बड़े से बड़े टारगेट को हासिल कर रही हैं, उसे देखते हुए इस स्कोर को डिफेंड करना मुश्किल था। हुआ भी वही। इस पर भुवनेश्वर कुमार ने कहा, ‘अगर आप इस आईपीएल को देखें तो किसी भी ग्राउंड पर लक्ष्य का पीछा करना थोड़ा बहुत आसान है क्योंकि विकेट वैसा बिहैव कर रही है और ओंस आ जाती है। लेकिन हमने टॉस नहीं जीता। हमें पहले बल्लेबाजी के लिए कहा गया। हमने गेंदबाजी में अपनी तरफ से बेस्ट की कोशिश की लेकिन हम मैच हार गए।’
गेंदबाजी के वक्त आरसीबी की रणनीति का जिक्र करते हुए भुवनेश्वर कुमार ने कहा, 'अगर आप हालात को देखें तो तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल रही थी और हमारे पास तीसरे तेज गेंदबाज रोमारियो (शेफर्ड) थे। इसलिए हम चांस लेना चाहते थे...हम रनों को रोककर मैच नहीं जीत सकते थे। हम विकेट लेकर ही जीत सकते थे और जिन गेंदबाजों ने गेंदबाजी की वे इन विकेटों को हासिल करने के लिए बेस्ट ऑप्शन थे। '
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन