IPL में जेकब डफी का धमाकेदार डेब्यू, SRH के धाकड़ बल्लेबाजों को आउट कर पूरी की हेजलवुड की कमी
आईपीएल के 19वें संस्करण का आगाज हो चुका है। पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में आरसीबी की तरफ से आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जेकब डफी ने कमाल का प्रदर्शन किया है।

आईपीएल के 19वें संस्करण का आगाज हो चुका है। पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में आरसीबी की तरफ से आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जेकब डफी ने कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी बेहतरीन लहराती और उछलती हुई गेंदों से हैदराबाद के धाकड़ बल्लेबाजों को होश ठिकाने लगा दिए। ट्रेविस और अभिषेक शर्मा जैसे तूफानी बल्लेबाजों को गेंद ही समझ नहीं आ रही थी। डफी ने अपनी धारदार शॉट पिच गेदबाजी से इन दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद नीतीश कुमार रेड्डी को भी आउट कर दिया।
आरसीबी की ओर से पहला ओवर डालने आए जेकब डफी ने शुरुआत से ही अपनी शानदार लय पकड़ी। कप्तान रजत पाटीदार ने उनकी बेहतर लय को देखते हुए पावर प्ले में ही तीन ओवर करा दिए। उन्होंने मैच के 7वें ओवर में ही अपना चार ओवर का गेंदबाजी स्पेल पूरा कर लिया और 3 विकेट लेकर अपने डेब्यू मैच को यादगार बना दिया। डफी ने आईपीएल के अपने पहले मुकाबले में 4 ओवर की गेंदबाजी करते हुए केवल 22 रन खर्चे और तीन विस्फोटक बल्लेबाजों को आउट करके सनराइजर्स हैदराबाद की कमर तोड़ दी। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 5.50 का रहा और उन्होंने सिर्फ 1 वाइड गेंद डाली।
बता दें कि आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी में आरसीबी ने जेकब डफी को 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। डफी का 2025 का साल बहुत शानदार रहा था और उन्होंने तीनों फॉर्मेट मिलाकर कुल 36 मैच खेले थे और 81 विकेट हासिल किए थे जो इस साल किसी भी गेंदबाज द्वारा लिए गए सर्वाधिक विकेट थे। डफी के इसी शानदार प्रदर्शन को देखते हुए आरसीबी ने उन्हें अपने स्क्वॉड में शामिल किया है। वे जोश हेजलवुड की अनुपस्थिति में आरसीबी के अहम गेंदबाज साबित हो रहे हैं। हेजलवुड अभी चोट के कारण आईपीएल के शुरुआती मैच नहीं खेल रहे हैं। ऐसे में जेकब डफी को प्लेइंग 11 में मौका मिला है। डफी का टी-20 विश्व कप उतना अच्छा नहीं गया था लेकिन उन्होंने आईपीएल में अच्छा कमबैक किया है और अपने पदार्पण मैच को यादगार बना दिया है।
डफी के करियर की बात करें तो उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए कुल 4 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 25 विकेट हासिल किए हैं। यह आंकड़ा उनकी घातक गेंदबाज होने का सबूत पेश करता है। उन्होंने अपनी कंट्री के लिए अब तक कुल 19 वनडे मैच खेले हैं, जिसकी सभी 19 पारियों में गेंदबाजी करते हुए कुल 35 विकेट लिए हैं। टी-20 क्रिकेट में उन्होंने 48 मैच खेलकर 62 विकेट हासिल किए हैं। डफी ने अपना टी-20 करियर 2020, वनडे करियर 2022 में और टेस्ट करियर 2025 में शुरू किया था। अब उन्होंने अपने आईपीएल करियर का आगाज 2026 में किया है।





साइन इन