हम VIP हैं, लाइन में नहीं लग सकते, RCB Vs SRH मैच से पहले कर्नाटक विधायकों ने की VIP ट्रीटमेंट की मांग
कर्नाटक के विधायकों ने अपने लिए चेन्नास्वामी स्टेडियम में वीआईपी टिकट की मांग की है, जिसके बाद एक पूरा स्टैंड उनके लिए आरक्षित कर दिया गया है। कांग्रेस के विधायक विजयानंद कशप्पनवर ने तो खुलकर यहां तक कह दिया है कि हम वीआईपी लोग हैं, हम टिकटों के लिए लाइन में नहीं खड़े हो सकते।

आईपीएल 2026 का आगाज बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 28 मार्च को यानी अब से कुछ घंटे बाद ही होने वाला है। इस आगाज से पहले पिछले साल आरसीबी की विक्ट्री परेड में 11 लोगों का देहांत होने के बाद आईपीएल फ्रेंचाइजी आरसीबी और कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन ने 11 सीटें खाली करने का निर्णय लिया था। साथ ही साथ बीसीसीआई ने इस बार उन 11 मृतक दर्शकों को श्रद्धांजलि देने के लिए आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी को भी कैंसिल कर दिया है। टूर्नामेंट का आगाज शांतिप्रिय ढंग से मृतकों की आत्मा को शांति के लिए 1 मिनट के मौन के साथ होगा।
इन सब भावनात्मक निर्णयों के बीच कर्नाटक के विधायकों ने चेन्नास्वामी स्टेडियम में अपने बैठने के लिए वीआईपी सुविधा अरेंज कर ली है। खबरों के मुताबिक, कर्नाटक के विधायकों ने इन भावनात्मक क्षणों में अपना राजनीतिक दखल दिया है। राज्य के विधायकों ने अपने लिए चेन्नास्वामी स्टेडियम में वीआईपी टिकट की मांग की है, जिसके बाद एक पूरा स्टैंड उनके लिए आरक्षित कर दिया गया है। कांग्रेस के विधायक विजयानंद कशप्पनवर ने तो खुलकर यहां तक कह दिया है कि “हम वीआईपी लोग हैं, हम टिकटों के लिए लाइन में नहीं खड़े हो सकते।” उन्होंने यह मांग की है कि हर विधायक और मंत्री को कम से कम 5 टिकट मिलने चाहिए।
कर्नाटक के विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर ने भी सरकार को निर्देश दिया है कि प्रत्येक विधायक को कम से कम चार वीआईपी टिकट उपलब्ध कराएं जाएं। वहीं, दूसरी ओर राज्य के भाजपा अध्यक्ष बी. वाई विजयेंद्र ने खुद को इन विवादों से अलग करते हुए कहा है कि “विधायक आम आदमी से अलग नहीं है और उन्हें विशेष विशेषाधिकार नहीं मांगने चाहिए।”
बता दें कि जस्टिस जॉन माइकल डी कुन्हा आयोग ने इस स्टेडियम को असुरक्षित घोषित कर दिया था, जिसके बाद केएससीए ने भारी सुरक्षा इंतजाम और स्टेडियम के इंफ्रास्ट्रक्चर को डेवलप कराया है और अब मैच खेले जा रहे हैं। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि क्या कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन ने विधायकों के बैठने के लिए इन सब सुविधाओं का इतंजाम किया है या फिर आम जनता के लिए। इस स्टेडियम में दर्शकों के कुल बैठने की क्षमता 40000 है। ऐसे में ज्यादातर सीटें वीआईपी हिस्से में चली जाती हैं, जिससे टिकटों के दाम काफी बढ़ जाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मैदान पर कालाबाजारी का आलम यह हो जाता है कि 900 रुपये की टिकट 15000 रुपये में मिलने लगती है।





साइन इन