रोहित शर्मा को इम्पैक्ट प्लेयर नहीं देखना चाहते आकाश चोपड़ा, पूर्व कप्तान के फिटनेस को लेकर खुलकर बोले
आकाश चोपड़ा का मानना है कि रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी को केवल बल्लेबाजी तक सीमित रखना गलत है। उन्होंने साफ कहा है कि रोहित को आईपीएल 2026 में इंपैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल करने के बजाय पूरे मैच में मैदान पर रखना चाहिए।

भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को आगामी आईपीएल 2026 सीजन में पूरे मैच के दौरान फील्ड पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि टीम को रोहित को बतौर इम्पैक्ट प्लेयर नहीं उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोहित इस समय अब तक सबसे फिट और शायद सबसे मजबूत हैं। रोहित शर्मा का पिछला आईपीएल सीजन अच्छा रहा था। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने आईपीएल 2025 में 15 मैचों में 418 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 149.28 रहा। रोहित शर्मा को पिछले सीजन मुंबई इंडियंस की टीम ने बतौर इम्पैक्ट प्लेयर इस्तेमाल किया था और ज्यादातर समय वह वह सिर्फ बतौर बल्लेबाज खेल रहे थे।
आकाश चोपड़ा ने जियोस्टार पर कहा कि रोहित शर्मा को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल करने के बजाय पूरा मैच खेलना चाहिए। उन्होंने विस्तार से समझाते हुए कहा कि सलामी बल्लेबाज पूरे मैच के दौरान मैदान पर रहने और खेल के लिए तैयार रहने के आदी होते हैं, न कि 20 ओवर तक डगआउट में बैठने के।
आकाश चोपड़ा ने कहा, ''लॉजिकली अगर आप फिट हैं, तो आपको पूरे मैच में खेलना चाहिए और सब्स्टीट्यूट नहीं होना चाहिए। खासकर जब आप दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रहे हों, तब आपको 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर नहीं आना चाहिए। एक ओपनर 20 ओवर तक मैच को डगआउट से देखने के आदी नहीं होता। सलामी बल्लेबाज मैदान पर रहने, उसी के अनुसार खुद को तैयार करने और फिर सीधे जाकर आक्रामक खेल दिखाने के आदी होते हैं।"
रोहित को पूरे मैच में खेलना चाहिए
उन्होंने आगे कहा, ''रोहित शर्मा इस समय सबसे फिट, आक्रामक और शायद सबसे मजबूत खिलाड़ी हैं, इसलिए उन्हें पूरे 40 ओवर तक मैदान पर रहना चाहिए। यही तरीका है जिससे मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा का पूरा फायदा उठा पाएगी।'' इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। 11 मार्च को बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के शेड्यूल का ऐलान किया था, जोकि 28 मार्च से 12 अप्रैल के बीच में खेला जाएगा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आगामी सीजन का पहला मैच होगा। मुंबई इंडियंस की टीम अपना पहला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 29 मार्च को खेलेगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले सीजन खिताब जीता था।





साइन इन