बाबर आजम फॉर्म की वजह से नहीं, बल्कि इस कारण टीम से हुए बाहर, चयनकर्ता आकिब जावेद ने खोली पोल
चयनकर्ता आकिब जावेद ने शनिवार को बताया कि बाबर आजम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान चोट लगी थी, जिसके कारण उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर रखा गया। जावेद ने इस मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से आधिकारिक जांच की मांग की है।

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। बांग्लादेश ने पहला मैच जीता है, जबकि दूसरे मैच में पाकिस्तान ने दमदार वापसी करते हुए जीत हासिल की और सीरीज 1-1 से बराबर की। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में कई युवा चेहरों को मौका दिया है, तो वहीं कुछ सीनियर खिलाड़ियों को बाहर बैठना पड़ा है। टीम के अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम भी इस सीरीज का हिस्सा नहीं है। पाकिस्तान के चयनकर्ता आकिब जावेद ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि बाबर आजम को टी20 विश्व कप 2026 के दौरान चोट लगी थी और इस वजह से वह बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेल रहे हैं।
पाकिस्तान के चयनकर्ता आकिब जावेद ने कहा कि बाबर आजम घरेलू टी20 टूर्नामेंट खेलना चाहते थे लेकिन चोटि की वजह से उन्हें ऐसा करने से रोका गया। आकिब जावेद ने मीडिया से बातचीत में टीम के फिजियो और हेड कोच माइक हेसन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने हाल ही में बांग्लादेश दौरे के लिए वनडे टीम का ऐलान किया था, जिसमें बाबर आजम के अलावा सैम अयूब, नसीम शाह जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी जगह नहीं मिली। व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन ने स्पष्ट किया था कि यह फैसला किसी सजा के रूप में नहीं लिया गया है, बल्कि युवा और उभरते खिलाड़ियों को मौका देने के लिए है।
आकिब जावेद ने शनिवार को रिपोटर से बातचीत में कहा, ''बाबर आजम को टी20 विश्व कप के दौरान चोट लगी। जब वह श्रीलंका से वापस आए तो डाक्टर्स ने उनकी जांच की। उनकी चोट उन्हें नेशनल टी20 में खेलने से रोक रही है। वे खेलना चाहते थे, लेकिन चोट उन्हें ऐसा करने नहीं दे रही।''
बाबर की चोट को लेकर खड़े हुए सवाल
आकिब जावेद द्वारा 'इंजरी' और 'जांच' की बात छेड़ने से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अंदरूनी मतभेद एक बार फिर उजागर हो गए हैं। चयनकर्ता ने यह भी खुलासा किया कि केवल बाबर ही नहीं, बल्कि फखर जमां भी वर्ल्ड कप के दौरान चोटिल हुए थे। आकिब ने सवाल उठाया कि अगर खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं थे, तो इसकी जानकारी चयनकर्ताओं को समय पर क्यों नहीं दी गई?
उन्होंने आगे कहा, ''हम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध कर रहे हैं। हमने इस मामले में जांच के आदेश देने की मांग की है। दोनों फखर और बाबर कैसे अनफिट हो गए? वर्ल्ड कप के बाद क्या हमें इन दोनों खिलाड़ियों की चोटों के बारे में पता चला? मैं बस यह जानना चाहता हूं कि क्या टीम मैनेजमेंट उनकी चोटों की देखभाल नहीं कर रहा था? क्या वे पूरी तरह फिट थे? हम चयनकर्ताओं को यह पता होना चाहिए, लेकिन जब खिलाड़ी वर्ल्ड कप के लिए जाते हैं, तो उनकी स्वास्थ्य समस्याओं और चोट की चिंताओं की देखभाल हेड कोच और फिजियो द्वारा की जानी चाहिए। हमें इस बारे में जानकारी मिलनी चाहिए थी।"





साइन इन