भारत ने ध्वस्त किया छक्कों का रिकॉर्ड, एक पारी में 17 सिक्स जड़कर इतिहास में दर्ज कराया नाम
भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई में खेले जा रहे मुकाबले में छक्कों का रिकॉर्ड बना दिया है। टीम ने विश्व कप में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नए आंकड़े दर्ज करा दिए हैं। भारत इस मैच में 17 छक्के जड़े जो विश्व कप में उनके द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं।

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया है। चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले जा रहे इस मैच में टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस पारी की सबसे बड़ी विशेषता भारतीय खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए गगनचुंबी छक्के रहे। भारतीय बल्लेबाजों ने पूरी पारी के दौरान कुल 17 छक्के जड़े, जो टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत द्वारा एक पारी में लगाए सबसे ज्यादा छक्के हैं।
इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ भारत ने अपने ही दो साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले, भारतीय टीम ने साल 2024 के टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रोस आइलेट में 15 छक्के लगाए थे। अब 17 छक्कों के साथ भारत ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इतना ही नहीं, इस मौजूदा विश्व कप संस्करण में भारत के कुल छक्कों की संख्या अब 63 तक पहंच गई है, जो किसी एक टूर्नामेंट में उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले साल 2024 में भारत ने पूरे टूर्नामेंट में 61 छक्के लगाए थे। वर्तमान में केवल वेस्टइंडीज (66 छक्के) ही इस सूची में भारत से आगे है।
इस रिकॉर्डतोड़ पारी के मुख्य सूत्रधार हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा रहे। हार्दिक पांड्या ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए। उन्होंने अपनी पारी को आखिरी दो गेंदों में दो छक्कों के साथ ही समाप्त किया। हार्दिक पांड्या 23 गेंदों में शानदार 50 रन बनाकर नाबाद रहे। विशेष बात यह रही कि पांड्या ने अपना अर्धशतक एक बेहतरीन छक्के के साथ ही पूरा किया। वहीं, युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने भी जबरदस्त 44 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को 250 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इन दोनों बल्लेबाजों की विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने जिम्बाब्वे का गेंदबाजी आक्रमण पूरी तरह बेबस नजर आया।
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 55 रनों की पारी खेली। उन्होंने 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और विश्व कप में अपनी पहली फिफ्टी जड़ी। अभिषेक के अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए 13 गेंदों में 33 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 3 चौके 2 छक्के जड़े। ईशान किशन ने 24 गेंद में 38 रन बनाए और अपनी पारी के दौरान चार चौके एक छक्के जड़े। भारत की पारी की शानदार शुरुआत छक्कों के साथ संजू सैमसन ने की। उन्होंने 15 गेंदों में 24 रन बनाए जिसमें 1 चौका और 2 छक्के शामिल थे।





साइन इन