IND VS AFG: KL राहुल ने ठोकी 12वीं टेस्ट सेंचुरी, कर ली रोहित शर्मा के शतकों की बराबरी
अफगानिस्तान के खिलाफ लोकेश राहुल ने शानदार शतकीय पारी खेली है। इसी के साथ उन्होंने रोहित शर्मा के टेस्ट शतकों की संख्या की बराबरी कर ली है। लोकेश राहुल ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 12वां शतक लगाया, रोहित ने भी अपने पूरे टेस्ट करियर में सिर्फ इतने ही शतक लगाए थे।

अफगानिस्तान और भारत के बीच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेल के पहले दिन ही सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने शानदार शतकीय पारी खेली है। केएल राहुल ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 12वां शतक जड़ा है। इसी के साथ दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने रोहित शर्मा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। रोहित शर्मा ने भी अपने टेस्ट करियर में कुल 12 शतक जड़े थे। अब लोकेश राहुल ने भी टेस्ट क्रिकेट में उनके ही बराबर शतक ठोक दिए हैं।
ऐसा है केएल राहुल का टेस्ट करियर
केएल राहुल ने 26 दिसंबर 2014 को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। उसके बाद उनकी टीम में जगह बनती और जाती रही। 2014 से लेकर अब तक लोकेश राहुल ने कुल 68 टेस्ट मैच खेले हैं जिसकी 119 पारियों में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका मिला है। इस दौरान उन्होंने 36.58 की औसत और 52.02 की स्ट्राइक रेट के साथ कल 4134 रन बनाए हैं। आज लोकेश राहुल अपना 69वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं और उन्होंने 120वीं पारी में शतक जड़ दिया है। इस तरह लोकेश राहुल के शतकों की संख्या अब 12 हो गई है और रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। टेस्ट क्रिकेट में केएल राहुल का सर्वोच्च स्कोर 199 रन रहा है। उन्होंने 12 शतकों के अलावा टेस्ट क्रिकेट में 21 अर्धशतक भी जड़े हैं।
रोहित शर्मा के शतकों की बराबरी
रोहित शर्मा के टेस्ट करियर की बात की जाए तो उन्होंने अपने करियर में कुल 67 टेस्ट मैच खेले, जिसकी 116 पारियों में 40.58 की औसत और 57.6 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 4301 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में रोहित शर्मा का सर्वोच्च स्कोर 212 रन रहा। उन्होंने अपने करियर में कल 12 शतक लगाए, जिसकी आज केएल राहुल ने बराबरी कर ली है। रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट में 18 अर्धशतक भी लगाए हैं।
इन खिलाड़ियों की भी बराबरी की
आज के मैच में शतक पूरा होते ही केएल राहुल ने सिर्फ रोहित शर्मा की बराबरी नहीं की है, बल्कि उन्होंने पीआर अमरीगर, मुरली विजय, अजिंक्य रहाणे, अमरनाथ जैसे खिलाड़ियों की भी बराबरी कर ली है।
भारत बनाम अफगानिस्तान टेस्ट मैच के ऐसे हैं हालात
मैच की बात करें तो न्यू चंडीगढ़, मुल्लनपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में राहुल ने 165 गेंदों में 100 रन बनाए। उन्हें जियाउर रहमान शरीफी ने रहमानुल्लाह गुजराब के हाथों कैच आउट कराया। फिलहाल टीम इंडिया का स्कोर 250 के पार हो चुका है और तीन विकेट गिर चुके हैं। चाय के बाद यानी अब तीसरे सत्र का खेल जारी है। गिल मैदान पर जम चुके हैं।





साइन इन