हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे कोई मैल्कम मार्शल थोड़े हैं...शोएब अख्तर बोले- ये तो होना ही था
'रावलपिंडी एक्सप्रेस' ने हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को डेथ ओवर्स और महत्वपूर्ण मौकों पर गेंद थमाने की आलोचना करते हुए कहा कि ये कोई मैल्कम मार्शल थोड़े हैं। वेस्टइंडीज के मार्शल की गिनती दुनिया के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में होती थी।

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की हार के लिए भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इस हार से ये सामने आ गया कि इंडिया की बोलिंग यूनिट कितनी नाजुक है, खासकर मजबूत बैटिंग लाइनअप वाली टीमों के खिलाफ। अख्तर ने भारत को सुझाव दिया कि वह कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में रखे क्योंकि वह मैच विनर हैं। 'रावलपिंडी एक्सप्रेस' ने हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को डेथ ओवर्स और महत्वपूर्ण मौकों पर गेंद थमाने की आलोचना करते हुए कहा कि ये कोई मैल्कम मार्शल थोड़े हैं। वेस्टइंडीज के मार्शल की गिनती दुनिया के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में होती थी।
टैपमैड पर शोएब अख्तर ने सुपर 8 में दक्षिण अफ्रीका के हाथों भारत की हार का पोस्टमार्टम करते हुए हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे पर खूब बरसे। दोनों ने मिलकर 6 ओवर में 67 रन दिए थे और सिर्फ 1 विकेट हासिल किए थे। अख्तर ने कहा कि दोनों में गति की कमी है और वे गेंदबाजों में डर पैदा नहीं कर सकते। उन्होंने डेथ ओवर्स में उन्हें गेंदबाजी थमाने को भारत की रणनीतिक गलती करार दिया।
शोएब अख्तर ने कहा, 'हार्दिक और शिवम दुबे करीब 120 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे। ऐसा नहीं है कि वे मैल्कम मार्शल हैं जो दक्षिण अफ्रीका जैसी बैटिंग लाइन अप में खौफ भर दें। अगर आप उन्हें डेथ ओवर्स में लगाएंगे तो प्रोटीज की तरफ से इस तरह का काउंटरअटैक तो होना ही था।'
शोएब अख्तर ने टी20 में दुनिया के नंबर 1 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती के महंगे होने का भी खास जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चक्रवर्ती अपनी नियमित गति से धीमे थे और बल्लेबाजों ने उन्हें दंडित किया।
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, 'भारतीय गेंदबाजी का पर्दाफाश हो चुका है। अगर आप वरुण को देखें तो उनकी ताकत 97-98 किमी प्रतिघंटा की गेंद है लेकिन वह 94 पर अटक गए थे। और जब वह आक्रमण पर आए तब उन्हें डेवाल्ड ब्रेविस ने नो-लुक सिक्स जड़ दिया।'
शोएब अख्तर ने कुलदीप यादव को टीम में लेने की वकातल करते हुए कहा कि वह अहम मौकों पर विकेट लेते हैं। उन्होंने कहा, ‘यहां मिसिंग लिंक कुलदीप यादव हैं। वह ऐसे गेंदबाज हैं जो बल्लेबाजों को हवा में चकमा देते हैं और जरूरत पड़ने पर विकेट चटकाते हैं। वह तो स्थापित मैच-विनर हैं।’
दक्षिण अफ्रीका से सुपर 8 में हार के बाद भारत के लिए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल का रास्ता कठिन हो गया है। अब उसे जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को न सिर्फ हराना होगा बल्कि बड़े अंतर से हराना होगा।





साइन इन