टीम इंडिया के T20 WC सेमीफाइनल में पहुंचने के हैं ये 3 सिनेरियो, आप भी जानिए हर एक समीकरण
टीम इंडिया के T20 World Cup 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने के अभी भी 3 सिनेरियो हैं। इनके बारे में आप जान लीजिए। वेस्टइंडीज की टीम ने टीम इंडिया की चिंता जरूर बढ़ा दी है, लेकिन भारत को संभलकर रहना होगा।

टीम इंडिया को रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने सुपर 8 के पहले मैच में साउथ अफ्रीका से करारी हार मिली। इसके बाद टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा। वहीं, सोमवार 23 फरवरी को वेस्टइंडीज की टीम ने टीम इंडिया की धड़कनों को और भी बढ़ा दिया है। इसके पीछे का कारण ये है कि वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 100 से ज्यादा रनों के अंतर से हराया। इससे वेस्टइंडीज का नेट रन रेट साउथ अफ्रीका से भी ज्यादा हो गया है।
हालांकि, अभी भी टीम इंडिया के पास टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए कुल 3 सिनेरियो हैं। दो सिनेरियो ऐसे हैं, जिसमें नेट रन रेट मायने नहीं रखेगा, लेकिन एक सिनेरियो में नेट रन रेट प्ले में आएगा और उससे टीम इंडिया को दिक्कत हो सकती है। अगर टीम इंडिया एक भी मैच हारी तो फिर कहानी खत्म हो जाएगी। अब तक ग्रुप 1 के दो मैच खेले हैं। चारों टीमें एक-एक मैच खेल चुकी हैं। साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज को जीत मिली है, जबकि भारत और जिम्बाब्वे को हार का सामना करना पड़ा है। अब समझिए कि सिनेरियो क्या हैं।
ये भी पढ़ेंः जिम्बाब्वे को मिली शर्मनाक 'शतकीय' हार, मगर कप्तान ने नहीं की कोई बहानेबाजी; दिया ये बयान
पहला सिनेरियो
टीम इंडिया टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में अपने दम पर पहुंच सकती है। हालांकि, इसके लिए उसे साउथ अफ्रीका से उसे एक फेवर चाहिए होगा। साउथ अफ्रीका की टीम अगर अपने बाकी के दोनों मैच जीत जाती है तो वह 6 पॉइंट्स पर अपने सुपर 8 फेज को खत्म करेगी। वहीं, टीम इंडिया अपने बाकी के दोनों मैच जीत जाएगी तो चार पॉइंट्स पर पहुंच जाएगी। इस स्थिति में नेट रन रेट मायने नहीं रखेगा। साउथ अफ्रीका की टीम 6 पॉइंट्स और भारतीय टीम 4 पॉइंट्स के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वेस्टइंडीज की टीम फिर 2 ही पॉइंट्स पर टूर्नामेंट खत्म करेगी और जिम्बाब्वे के खाते में एक भी जीत नहीं होगी।
दूसरा सिनेरियो
टीम इंडिया के टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने के दूसरे सिनेरियो पर जाएं तो आप पाएंगे कि टीम इंडिया के लिए मुश्किल हो सकती है। मान लीजिए कि साउथ अफ्रीका की टीम वेस्टइंडीज से हार जाए और जिम्बाब्वे को हरा दे। वहीं, टीम इंडिया जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हरा दे। इस केस में होगा ये कि साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और भारत के 4-4 पॉइंट हो जाएंगे और इस स्थिति में टीम इंडिया को टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए नेट रन रेट अच्छा चाहिए होगा, जो इस समय नहीं है, लेकिन प्लस पॉइंट ये है कि भारत सबसे आखिर में अपना आखिरी सुपर 8 मैच खेलेगा, जहां उसे पता होगा कि कितनी बड़ी जीत नेट रन रेट सुधारने के लिए चाहिए।
तीसरा सिनेरियो
अगर साउथ अफ्रीका की टीम वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे से अपने सुपर 8 के मैच हार जाए, तो साउथ अफ्रीका की टीम दो अंकों पर ही सिमट जाएगी। इस केस में टीम इंडिया अपने बाकी के दो मैच जीत जाए तो फिर 4-4 पॉइंट्स के साथ भारत और वेस्टइंडीज की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। वहीं, साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की टीम 2-2 अंकों के साथ तीसरे और चौथे स्थान पर सुपर 8 में रह जाएंगी।





साइन इन